ममता बनर्जी के बिगड़े बोल, प्रधानमंत्री को बताया सबसे बड़े दंगाबाज, कहा- ट्रंप से भी बुरी होगी किस्मत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा और तृणमूल कांग्रेस एक दूसरे पर हमलावर हो गई हैं। हुगली में एक रैली के दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल पर बंगाल शासन करेगा। बंगाल पर गुजरात शासन नहीं करेगा। ममता बनर्जी ने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल पर मोदी राज नहीं करेंगे। बंगाल पर गुंडे और बदमाश राज नहीं करेंगे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रैली में कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा यही कहती नजर आती है कि टीएमसी तोलाबाज है लेकिन मैं कहती हूं कि भारतीय जनता पार्टी दंगाबाज और डंडाबाज है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि नरेंद्र मोदी सबसे बड़े दंगाबाज हैं।
ममता ने कहा- ट्रंप से भी बुरी होगी किस्मत
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्हें 'सबसे बड़ा दंगाबाज' करार देते हुए कहा कि उनकी किस्मत पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी बुरी होगी। हुगली जिले के शाहगंज में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पूरे देश में झूठ और नफरत फैला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी देश के सबसे बड़े दंगाबाज हैं… ट्रंप के साथ जो हुआ, उनके (मोदी के) साथ उससे भी बुरा होगा। हिंसा से कुछ हासिल नहीं किया जा सकता। बनर्जी ने कहा कि मैं विधानसभा चुनाव में गोलकीपर रहूंगी और तुम (भाजपा) एक भी गोल नहीं कर पाओगे। सभी शॉट गोल पोस्ट के ऊपर से चले जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कोयले की हेराफेरी से जुड़े एक घोटाले के सिलसिले में तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी की पत्नी से सीबीआई पूछताछ की भी निंदा की और कहा कि यह हमारी महिलाओं का अपमान था। इस बीच क्रिकेटर मनोज तिवारी और कई बंगाली अभिनेता रैली में ममता बनर्जी की मौजूदगी में टीएमसी में शामिल हुए।
Bengal will rule Bengal. Gujarat will not rule Bengal. Modi will not rule Bengal. 'Gundas' (miscreants) will not rule Bengal: West Bengal CM Mamata Banerjee in Hooghly pic.twitter.com/C6sChvQVuE
— ANI (@ANI) February 24, 2021
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
इसके अलावा ममता ने यह भी कहा कि सीपीएम और कांग्रेस ने गठजोड़ कर लिया है। उनका कहना है कि हम (टीएमसी) नहीं जीतेंगे... इस बार 'खेला होबे' और इसका परिणाम तय करेगा कि भाजपा भविष्य में दिल्ली में रहेगी या नहीं। उन्होंने कहा कि मैं राजनीति में हूं और इसलिए आप (भाजपा) मुझसे नाराज हैं। आप मुझे मार सकते हैं लेकिन घर में घुस रहे हैं, 23 वर्षीय महिला को प्रताड़ित कर रहे हैं, उसे कोयला माफिया की तरह प्रचारित कर रहे हैं। आप यह जताना चाहते हैं कि आप पाक साफ हैं और हम सब गंदे।
ममता की मोदी को चिट्ठी, चुनाव से पहले टीका उपलब्ध कराने का अनुरोध
आगामी विधानसभा चुनावों से पहले पश्चिम बंगाल के लोगों को मुफ्त में कोविड-19 रोधी टीका लगवाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर राज्य को टीका उपलब्ध कराने में मदद का अनुरोध किया। मोदी के लिखे पत्र में बनर्जी ने कहा कि सभी संबंधित लोगों के स्वास्थ्य व कुशलता के लिए तत्काल त्वरित टीकाकरण कार्यक्रम की आवश्यकता है।
पत्र में कहा गया है कि हम आपसे अनुरोध करते हैं कि कृपया उचित प्राधिकार के समक्ष यह मामला उठाइये जिससे राज्य सरकार शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर तय स्थानों से टीका खरीद सके क्योंकि पश्चिम बंगाल सरकार सभी लोगों को मुफ्त में टीका देना चाहती है। पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिये अप्रैल-मई में चुनाव होने हैं। राज्य में मंगलवार तक कम से कम 8 लाख स्वास्थ्य व अग्रिम मोर्चे पर काम करने वाले कर्मियों को टीका लगाया जा चुका है।