बंगाल: चुनाव से पहले कोलकाता के पुलिस कमिश्नर बदले, सौमेन मित्रा को मिला जिम्मा
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों से पहले कोलकाता के पुलिस कमिश्नर बदल दिए गए हैं। अब इस पद की जिम्मेदारी एडीजी और आईजी पुलिस (ट्रेनिंग) सौमेन मित्रा को दिया गया है। उन्हें अनुज शर्मा की जगह कोलकाता का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है। शर्मा को एडीजी-सीआईडी बनाया गया है।
विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल सरकार ने शनिवार को सौमेन मित्रा को कोलकाता पुलिस का नया आयुक्त नियुक्त करने के साथ ही वर्तमान आयुक्त अनुज शर्मा को सीआईडी का अतिरिक्त महानिदेशक बनाया है। सरकार ने एक आदेश में कहा कि जावेद शमीम नए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) होंगे। वह ज्ञानवंत सिंह की जगह लेंगे।
आदेश के अनुसार अजय कुमार बैरकपुर पुलिस आयुक्त कार्यालय में नए आयुक्त होंगे और सुप्रतिम सरकार विधाननगर पुलिस आयुक्त का पदभार संभालेंगे। मित्रा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) थे जबकि शमीम कोलकाता पुलिस के विशेष आयुक्त प्रथम थे। राज्य की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए इस साल अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होना है।
West Bengal: ADG & IG of Police (Training) Soumen Mitra becomes the new police commissioner of Kolkata.
— ANI (@ANI) February 6, 2021
चुनाव आयोग ने जताई थी नाराजगी
तय प्रक्रिया के अनुसार चुनाव से पूर्व लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे अधिकारियों को स्थानांतरित किया जाता है। बीते दिनों चुनाव आयोग की टीम ने पश्चिम बंगाल का दौरा कर राज्य सरकार को आवश्यक निर्देश दिए थे। इसमें लंबे समय से एक ही जगह डटे अधिकारियों के तबादले की बात शामिल थी।
भाजपा ने लगाया था आरोप
कोलकाता के पुलिस आयुक्त अनुज शर्मा के खिलाफ भाजपा समेत विपक्षी पार्टियों ने सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में काम करने के आरोप लगाए थे। इन्हीं सब कारणों से शर्मा को हटाया गया है।
बता दें, अगले कुछ माह में पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे लेकर राज्य में जहां सियासी सरगर्मी तेज है, वहीं प्रशासनिक व चुनावी तैयारी भी शुरू हो गई है। आयोग अगले कुछ दिनों में चुनाव कार्यक्रम घोषित कर सकता है। इसके साथ ही राज्य में आचार संहिता लग जाएगी। उससे पहले ममता सरकार प्रशासनिक जमावट करने में जुटी है।