Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Weddings worth rs 7.5 lakh crore: A major surge expected in wedding industry

7.5 लाख करोड़ की शादियां: कारोबार में आने वाला है बड़ा उछाल, 25 दिनों में होंगे 52 लाख विवाह

Thu, 19 Nov 2026 12:45 PM IST
राहुल कुमार डिजिटल ब्यूरो अमर उजाला, नई दिल्ली
डिजिटल ब्यूरो अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: राहुल कुमार Updated Thu, 19 Nov 2026 12:45 PM IST
सार

कैट के अनुमान के मुताबिक, 21 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 तक देश में करीब 52 लाख शादियां होंगी, जिनसे 7.50 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में 5 लाख शादियों से 2.50 लाख करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है।

विज्ञापन
Weddings worth rs 7.5 lakh crore: A major surge expected in wedding industry
शादी करते हुए (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

देश, आगामी विवाह सीजन में अपने इतिहास के सबसे बड़े उपभोग एवं कारोबारी उछाल का साक्षी बनने जा रहा है। 21 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 तक चलने वाले पहले विवाह सीजन में देशभर में लगभग 52 लाख शादियां होने का अनुमान है, जिनसे ₹7.50 लाख करोड़ का कारोबार होने की संभावना है। 15 दिसंबर के बाद एक महीने का मलमास शुरू हो जाएगा जिसमें कोई शुभ कार्य प्राय: नहीं होता। शादियों के आंकड़ों में वस्तुओं की बिक्री के साथ-साथ विभिन्न सेवाओं से होने वाला कारोबार भी शामिल है।
विज्ञापन


कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट ) ने गुरुवार को जारी अपनी विस्तृत रिपोर्ट में यह अनुमान व्यक्त करते हुए कहा कि विवाह सीजन देश में घरेलू उपभोग, रोजगार सृजन और आर्थिक समृद्धि को गति देने वाले सबसे सशक्त माध्यमों में से एक बनकर उभर रहा है। दिल्ली-एनसीआर में ही लगभग 5 लाख शादियां होने का अनुमान है, जिनसे करीब ₹2.50 लाख करोड़ का कारोबार होने की संभावना है। इससे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र देश के सबसे बड़े विवाह आधारित कारोबारी केंद्रों में शामिल होगा।
विज्ञापन


कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने बताया कि ये अनुमान कैट की शोध इकाई कैट रिसर्च एंड ट्रेड डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा तैयार किए गए हैं। इसके लिए देश के 25 राज्यों के प्रमुख थोक एवं खुदरा बाजारों को शामिल करते हुए 300 से अधिक व्यापारिक नेताओं तथा 550 प्रमुख व्यापारिक संगठनों के साथ व्यापक विचार-विमर्श एवं राष्ट्रव्यापी सर्वेक्षण किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


शादी, अर्थव्यवस्था एक बड़ा इंजन है ...
खंडेलवाल ने कहा कि अनुमानित कारोबार का विशाल आकार इस बात का प्रमाण है कि भारत की सदियों पुरानी विवाह परंपराएं आज एक सशक्त आर्थिक तंत्र का रूप ले चुकी हैं। प्रत्येक शादी दर्जनों क्षेत्रों में मांग पैदा करती है और छोटे दुकानदारों, थोक व्यापारियों, निर्माताओं, एमएसएमई , कारीगरों, किसानों, परिवहन व्यवसायियों, होटलों, कैटरर्स तथा हजारों पेशेवर सेवा प्रदाताओं को आर्थिक अवसर उपलब्ध कराती है। आभूषणों और डिजाइनर परिधानों से लेकर मिठाइयों, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स, हॉस्पिटैलिटी, परिवहन, सजावट, फोटोग्राफी, उपहार, गिफ्ट पैकेजिंग और इवेंट मैनेजमेंट तक विवाह का आर्थिक प्रभाव भारतीय अर्थव्यवस्था के लगभग प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचता है।
कैट के अनुसार, सामान्य विवाहों में लगभग ₹4–5 लाख का खर्च होता है, जबकि प्रीमियम एवं भव्य शादियों में यह खर्च ₹4–5 करोड़ या उससे भी अधिक हो सकता है। खर्च के इस व्यापक दायरे के कारण छोटे मोहल्ला दुकानदारों से लेकर बड़े हॉस्पिटैलिटी एवं लग्जरी कारोबार तक सभी को विवाह अर्थव्यवस्था से लाभ मिलता है।

पिछले पांच वर्षों में शानदार विकास यात्रा 
देश की विवाह अर्थव्यवस्था में पिछले पांच वर्षों के दौरान लगातार उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2022: 32 लाख शादियाँ – ₹3.75 लाख करोड़ का कारोबार, वर्ष 2023: 38 लाख शादियाँ – ₹4.74 लाख करोड़ का कारोबार,वर्ष 2024: 48 लाख शादियाँ – ₹5.90 लाख करोड़ का कारोबार, वर्ष 2025: 46 लाख शादियाँ – ₹6.50 लाख करोड़ का कारोबार और अब वर्ष 2026: 52 लाख शादियाँ – ₹7.50 लाख करोड़ के कारोबार का अनुमान है। ये आंकड़े भारतीय परिवारों की बढ़ती क्रय शक्ति, उपभोक्ताओं की बदलती आकांक्षाओं और विवाह से जुड़ी पेशेवर सेवाओं के तेजी से विस्तार को दर्शाते हैं।

₹7.50 लाख करोड़ का कारोबार किन क्षेत्रों में 
कैट के अनुमान के अनुसार, कुल ₹7.50 लाख करोड़ के कारोबार में से लगभग ₹4.05 लाख करोड़ यानी 54 प्रतिशत कारोबार वस्तुओं एवं खुदरा व्यापार से होगा, जबकि ₹3.45 लाख करोड़ यानी 46 प्रतिशत कारोबार विभिन्न सेवाओं के माध्यम से होगा। वस्तुओं एवं खुदरा व्यापार से ₹4.05 लाख करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है।
-आभूषण एवं बहुमूल्य धातुएं – ₹1.20 लाख करोड़,
-परिधान, साड़ियां एवं वस्त्र – ₹90,000 करोड़,
-उपहार एवं विवाह संबंधी सामग्री – ₹37,500 करोड़,
-किराना, सब्जियां एवं खाद्य सामग्री – ₹37,500 करोड़,
-इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इलेक्ट्रिकल सामान – ₹30,000 करोड़,
-सूखे मेवे, मिठाइयां एवं कन्फेक्शनरी – ₹30,000 करोड़,
-फर्नीचर, बर्तन एवं घरेलू उपयोग की वस्तुएं – ₹30,000 करोड़ 
-अन्य विवाह संबंधी वस्तुएं – ₹30,000 करोड़

शादियों के सीजन में अब सेवा क्षेत्र भी बेहद महत्वपूर्ण हो गया है। सेवाओं के क्षेत्र में ₹3.45 लाख करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है।
-कैटरिंग एवं खानपान सेवाएं – ₹75,000 करोड़,
-विवाह स्थल, बैंक्वेट हॉल एवं होटल – ₹60,000 करोड़, -इवेंट मैनेजमेंट एवं वेडिंग प्लानिंग – ₹37,500 करोड़,
-फूलों की सजावट एवं वेडिंग डेकोर – ₹37,500 करोड़,
-यात्रा, परिवहन एवं हॉस्पिटैलिटी – ₹30,000 करोड़,
- संगीत, डीजे , लाइट एवं साउंड – ₹30,000 करोड़, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी एवं डिजिटल कंटेंट – ₹22,500 करोड़, 
ब्यूटी , ग्रूमिंग एवं वेलनेस सेवाएं – ₹22,500 करोड़ 
-अन्य संबद्ध विवाह सेवाएं – ₹30,000 करोड़ 

दिल्ली-एनसीआर बनेगा ₹2.50 लाख करोड़ की वेडिंग इकोनॉमी का बड़ा केंद्र 
दिल्ली-एनसीआर में लगभग 5 लाख शादियां होने का अनुमान है, जिससे क्षेत्र में करीब ₹2.50 लाख करोड़ का कारोबार होने की संभावना है।दिल्ली के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में चांदनी चौक, खारी बावली, नया बाजार, लाहौरी गेट, सदर बाजार, करोल बाग, कमला नगर, लाजपत नगर, कनॉट प्लेस, खान मार्केट, ग्रेटर कैलाश, प्रीत विहार, शाहदरा और गांधी नगर सहित अनेक बाजारों में विवाह संबंधी खरीदारी में भारी तेजी आने की उम्मीद है।
देश के प्रमुख थोक वितरण केंद्र के रूप में दिल्ली की भूमिका इस आर्थिक योगदान को और बढ़ाएगी। पड़ोसी राज्यों के व्यापारी एवं खुदरा विक्रेता भी विवाह संबंधी वस्तुओं की खरीद के लिए दिल्ली के बाजारों पर निर्भर रहते हैं।

1.25 करोड़ रोजगार के अवसर: 
विवाह सीजन से करोड़ों लोगों की आजीविका को रास्ता खुलता है। इस विवाह सीजन का एक महत्वपूर्ण परिणाम रोजगार सृजन भी होगा। कैट का अनुमान है कि देशभर में लगभग 1.25 करोड़ अस्थायी, मौसमी एवं अंशकालिक रोजगार के अवसर पैदा होंगे।इससे डेकोरेटर, कैटरर्स, फूल विक्रेता, टेंट हाउस संचालक, फोटोग्राफर, वीडियोग्राफर, संगीत कलाकार, ब्यूटीशियन, परिवहन व्यवसायी, होटल एवं हॉस्पिटैलिटी कर्मचारी, इवेंट मैनेजर, तकनीशियन, गिफ्ट पैकेजिंग से जुड़े कामगार तथा हजारों अन्य पेशेवर लाभान्वित होंगे।

वोकल फॉर लोकल: विवाह सीजन बने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का सबसे बड़ा मंच  
भारतीय परिधानों, साड़ियों, आभूषणों, हस्तशिल्प, पीतल एवं तांबे की वस्तुओं, फर्नीचर, होम डेकोर, विवाह उपहारों और पारंपरिक उत्पादों की खरीद के माध्यम से परिवार सीधे भारतीय निर्माताओं, स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहित कर सकते हैं। कैट का मानना है कि वोकल फॉर लोकल की भावना अब भारत के विवाह समारोहों का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है। प्रत्येक परिवार द्वारा स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देना देश के घरेलू उद्योग एवं व्यापार को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

डिजिटल तकनीक से विवाह अर्थव्यवस्था को मिल रहा है नया आयाम 
विवाह उद्योग भी तेजी से डिजिटल परिवर्तन को अपना रहा है। ऑनलाइन एवं आधुनिक डिजिटल निमंत्रण, डिजिटल भुगतान, AI आधारित वेडिंग प्लानिंग, कस्टमाइज्ड गिफ्टिंग, डिजिटल फोटोग्राफी, सोशल मीडिया कंटेंट और पेशेवर वेडिंग प्लेटफॉर्म उद्यमिता एवं नवाचार के नए अवसर पैदा कर रहे हैं। पारंपरिक विवाह सेवाओं के साथ आधुनिक तकनीक का बढ़ता समन्वय इस क्षेत्र में कारोबार और रोजगार के नए रास्ते खोल रहा है।

₹7.50 लाख करोड़ का अनुमानित कारोबार खुदरा व्यापार, विनिर्माण, हॉस्पिटैलिटी, पर्यटन, परिवहन, खाद्य प्रसंस्करण और लॉजिस्टिक्स सहित अनेक क्षेत्रों में मांग को बढ़ावा देगा। इससे होने वाले व्यावसायिक लेन-देन के माध्यम से जीएसटी एवं अन्य लागू करों के रूप में सरकारी राजस्व में भी महत्वपूर्ण योगदान होगा।

इन अनुमानों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने कहा “भारत का विवाह सीजन केवल सामाजिक और सांस्कृतिक समारोहों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक अत्यंत सशक्त आर्थिक गतिविधि है, जो करोड़ों उपभोक्ताओं, व्यापारियों, निर्माताओं, एमएसएमई , कारीगरों और सेवा प्रदाताओं को एक साथ जोड़ती है।  कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया ने कहा कि मात्र 22 दिनों में 52 लाख शादियों से ₹7.50 लाख करोड़ के कारोबार का अनुमान भारतीय घरेलू बाजार की असाधारण क्षमता और भारतीय उपभोक्ताओं के बढ़ते आर्थिक विश्वास को दर्शाता है।


कैट के राष्ट्रीय चेयरमैन बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रत्येक शादी अपने साथ आर्थिक अवसरों की एक पूरी श्रृंखला लेकर आती है। एक विवाह समारोह से आभूषण निर्माता, वस्त्र व्यापारी, मिठाई विक्रेता, डेकोरेटर, कैटरर्स, परिवहन व्यवसायी, होटल, फोटोग्राफर और सैकड़ों अन्य व्यवसायों को काम मिलता है। इसका लाभ छोटे शहरों, गांवों, थोक बाजारों और बड़े महानगरों तक पहुंचता है। 
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed