फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Weather Report of India: Delhi rain Kashmir Himachal Pradesh Uttrakhand Shimla Snowfall UP rain today, know weather today

पहाड़ों पर बर्फबारी से लेकर मैदानी राज्यों में बारिश तक, जानें देशभर के मौसम का हाल

Sat, 12 Dec 2020 02:01 PM IST
अनवर अंसारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: अनवर अंसारी Updated Sat, 12 Dec 2020 02:01 PM IST
विज्ञापन
Weather Report of India: Delhi rain Kashmir Himachal Pradesh Uttrakhand Shimla Snowfall UP rain today, know weather today
दिल्ली में हल्की बारिश - फोटो : अमर उजाला

देश के कई हिस्सों में मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल रहा है। उत्तर के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह हुई बारिश ने ठंड बढ़ने के संकेत दे दिए हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में हो रही बर्फबारी ने कई रास्तों को अवरूद्ध कर दिया है। ऐसे में आइए जानते हैं देश में मौसम का हाल...

विज्ञापन


मुंबई से इंदौर-भोपाल तक बारिश
पश्चिम और मध्य भारत में भी मौसम ने करवट बदलना शुरू कर दिया है। मुंबई और मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार को हल्की बारिश हुई। अरब सागर और उसके दक्षिण पश्चिम क्षेत्र के ऊपर बने हवा के कम दबाव के क्षेत्र के कारण मुंबई और आसपास के इलाकों में तथा पश्चिमी मध्यप्रदेश के ज्यादातर हिस्सों इंदौर व भोपाल में हल्की बारिश हुई। 
विज्ञापन


पंजाब और हरियाणा में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहा और चंडीगढ़ में 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा। राजस्थान में भी रात्रि का तापमान अधिक रहा और कई स्थानों पर बादल छाए रहे। उदयपुर, जयपुर कोटा और बीकानेर के कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा। राज्य में सर्वाधिक तापमान झांसी में 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

दिल्ली में क्या है मौसम का हाल

Weather Report of India: Delhi rain Kashmir Himachal Pradesh Uttrakhand Shimla Snowfall UP rain today, know weather today
दिल्ली में हल्की बारिश - फोटो : अमर उजाला

दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश
दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में शनिवार सुबह हल्की बारिश हुई और इससे अधिकतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि हिमालय पर पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बारिश हुई है और हवा की दिशा में बदलाव के साथ सोमवार तक तापमान के दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक लुढ़कने के आसार हैं। आईएमडी ने बताया कि दक्षिण, उत्तर, मध्य, पूर्वी, उत्तर पूर्वी और दक्षिण पश्चिम दिल्ली में गरज के साथ छींटे पड़े और हल्की बारिश भी हुई। 

विभाग ने बताया कि नई दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी हल्की बारिश हुई है। दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जबकि न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस था। आईएमडी के अधिकारी ने बताया कि हिमालय से पश्चिमी-उत्तर पश्चिमी ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों की ओर चलीं।

दिल्ली में सुधर सकती है हवा की गुणवत्ता
मौसम विभाग ने बताया कि बारिश की वजह से हवा में नमी बढ़ेगी जिससे अगले दो-तीन दिनों के दौरान राष्ट्रीय राजधानी में मध्यम से लेकर घना कोहरा छाने के आसार हैं। दिल्ली की वायु गुणवत्ता शनिवार सुबह 'बहुत खराब' श्रेणी में दर्ज की गई। तेज हवाएं चलने और बारिश की वजह से इसमें काफी सुधार आने की संभावना है। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह सात बजे 348 रहा। शुक्रवार को 24 घंटे का औसत एक्यूआई 295 दर्ज किया गया था, जिसे खराब की श्रेणी में माना जाता है।  

जम्मू-कश्मीर में क्या है मौसम का हाल

Weather Report of India: Delhi rain Kashmir Himachal Pradesh Uttrakhand Shimla Snowfall UP rain today, know weather today
बर्फबारी - फोटो : अमर उजाला

जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बर्फबारी व भूस्खलन के बाद बंद
वहीं, जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग शुक्रवार रात हुई बर्फबारी के बाद बंद कर दिया गया है जबकि जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के गुरमुल गांव में भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन की वजह से आठ परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि 270 किलोमीटर लंबे राजमार्ग पर स्थित जवाहर टनल की जमीन पर बर्फ की नौ इंच की परत जमा हो गई है और मरोग, मगेरकोट और पंथियाल में बारिश के बाद कई स्थानों पर भूस्खलन की वजह से सड़क बाधित हुई है।

भूस्खलन के बाद फंसे आठ परिवारों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया
अधिकारियों ने बताया कि रणनीतिक रूप से अहम सड़क पर यातायात तेजी से बहाल करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। यह सड़क कश्मीर घाटी को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ती है। डोडा जिले में अधिकारियों ने बताया कि कास्तीगढ़ के गुरमुल गांव में भारी बारिश के बाद भूस्खलन हो गया जिससे आठ परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर मरोग और मगेरकोट में भूस्खलन हुआ है जबकि पंथियाल में पर्वत से लगातार पत्थर गिर रहे हैं।

Weather Report of India: Delhi rain Kashmir Himachal Pradesh Uttrakhand Shimla Snowfall UP rain today, know weather today
बर्फबारी - फोटो : amar ujala

किश्तवाड़ में नौ इंच तक बर्फबारी
अधिकारियों ने बताया कि संबंधित एजेंसियों ने अहम सड़क साफ करने के लिए कर्मी और मशीनों को सेवा में लगाया है। उन्होंने बताया कि किश्तवाड़ जिले के अलग अलग हिस्सों में तीन से नौ इंच तक बर्फबारी की खबरें हैं। जम्मू में रात भर हुई बारिश के बाद सुबह सूरज निकला। 

20 दिसंबर तक बड़े स्तर पर हो सकती है बर्फबारी
मौसम विज्ञान विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि समूचे जम्मू-कश्मीर में मौसम आहिस्ता-आहिस्ता सुधर रहा है और लद्दाख के आसमान में पूरे दिन बादल छाए रहने की संभावना है। प्रवक्ता ने बताया कि 20 दिसंबर तक बड़े स्तर पर बर्फबारी होने की संभावना नहीं है। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर, करगिल और लेह के ऊंचाई वाले इलाकों में रातभर बारिश और बर्फबारी हुई है।

हिमाचल प्रदेश में क्या है मौसम का हाल

Weather Report of India: Delhi rain Kashmir Himachal Pradesh Uttrakhand Shimla Snowfall UP rain today, know weather today
हिमाचल में ताजा बर्फबारी - फोटो : अमर उजाला

राजधानी शिमला समेत पर्यटन स्थलों पर हुई बर्फबारी
हिमाचल में पहाड़ों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली, डलहौजी और शिमला के कुफरी में बर्फबारी से पर्यटन कारोबारी और सैलानी गदगद है। जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति में भारी बर्फबारी से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल में भारी बर्फबारी से लाहौल का संपर्क कट गया है। जनजातीय क्षेत्रों में शीतलहर बढ़ गई है। प्रशासन ने तीन दिन बाद 11 दिसंबर को ही अटल टनल को सैलानियों के लिए बहाल किया था, लेकिन अब टनल फिर से बंद हो गई है। 

रोहतांग समेत इन इलाकों में हुई इतनी बर्फबारी
रोहतांग में 60 सेंटीमीटर, साउथ और नॉर्थ पोर्टल में 35, सोलंगनाला में 25, मनाली 10, जलोड़ी दर्रा में 25 और केलांग में 15 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी हुई है। जिला प्रशासन ने सैलानियों को बर्फीले इलाकों की ओर न जाने की हिदायत दी है। कोठी 30, खदराला 10 और पूह में 4 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है।  मनाली में बर्फबारी को देखकर सैलानी गदगद हो गए। सैलानी अपने होटलों से निकलकर माल रोड पहुंचे और बर्फ में जमकर मस्ती की। वहीं जिला कुल्लू में बर्फबारी से तीन हाईवे समेत करीब एक दर्जन सड़क मार्ग पर यातायात अवरूद्ध हो गया है। 

हिमाचल के इन रास्तों पर हुआ यातायात बाधित
बर्फबारी के चलते चंबा के खज्जियार-डलहौजी मार्ग लक्कडमंडी के पास बंद हो गया है। सैलानी अब वाया चंबा होकर खज्जियार जाएंगे। जिला के विभिन्न क्षेत्रों में हुई बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। शिमला जिले के कुफरी, नारकंडा, खड़ापत्थर और देहा में ताजा बर्फबारी नेशनल हाईवे-5 यातायात के लिए बाधित है। सुबह से समय हाईवे से ऊपरी शिमला के लिए बसों की आवाजाही नहीं हो पाई।  

उत्तराखंड में क्या है मौसम का हाल

Weather Report of India: Delhi rain Kashmir Himachal Pradesh Uttrakhand Shimla Snowfall UP rain today, know weather today
उत्तराखंड में बर्फबारी - फोटो : अमर उजाला

उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है। जिस वजह से राज्य में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। शनिवार को चारधाम सहित ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई। चकराता के लोखंडी और औली में भी बर्फबारी हुई है। राजधानी देहरादून में भी सुबह करीब साढ़े पांच बजे से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट आ गई है। शनिवार को बर्फबारी के बाद बदरीनाथ धाम में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। नई टिहरी और आसपास के क्षेत्रों में, रुद्रप्रयाग जिले के निचले इलाकों में व श्रीनगर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश हो रही है। रुद्रपुर, बाजपुर, नैनीताल, बागेश्वर, डीडीहाट, भीमताल व पिथौरागढ़ में बारिश हो रही है। उच्च हिमालयी क्षेत्र में घने बादल छाए हुए हैं। जसपुर, गरमपानी और आसपास के क्षेत्रों में बारिश हो रही है। देश के कई मैदानी इलाकों में अगले कुछ दिनों के दौरान तापमान में एकाएक गिरावट आ सकती है। इससे सर्दी बढ़ने की आशंका है। 

उत्तर प्रदेश में क्या है मौसम का हाल

Weather Report of India: Delhi rain Kashmir Himachal Pradesh Uttrakhand Shimla Snowfall UP rain today, know weather today
मुजफ्फरनगर में ओलावृष्टि - फोटो : अमर उजाला

पश्चिमी यूपी के कई जिलों में ओलावृष्टि
उत्तर प्रदेश में शनिवार को मौसम और भी अधिक ठंडा हो गया। कई स्थानों पर तेज व हल्की बारिश हुई, तो मुजफ्फरनगर में भारी ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित हुआ। भारी मात्रा में ओले गिरने से सड़कें जाम हो गई। लोग जेसीबी से ओले हटाते दिखे। यूपी के मेरठ समेत कई जिलों में आज सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और तेज बारिश हुई। वहीं मुजफ्फरनगर के सिसौली व आसपास के इलाकों में भारी ओलावृष्टि हुई। यहां सड़कों पर काफी मात्रा में ओले जमा हो गए। 

फसलों को हुआ नुकसान
शनिवार सुबह बारिश के साथ ओलावृष्टि होने से फसलों को नुकसान पहुंचा है। जिले में सबसे अधिक ओलावृष्टि सिसौली और आसपास के क्षेत्र में हुई है। सड़कों पर बर्फ की चादर जमा हो गई, जिसे ग्रामीणों ने जेसीबी मशीन से हटवाया। ओलावृष्टि होने से सरसों, गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है। 

मेरठ, सहारनपुर, बागपत, शामली व आसपास के अन्य जिलों में शहर व देहात के ज्यादातर स्थानों पर बारिश हुई और ठंडी हवाएं चलीं। सर्दी के मौसम में हुई बरिश ने वेस्ट यूपी में ठिठुरन बढ़ा दी है। चिकित्सकों ने ठंड बढ़ने पर बच्चों, बुजुर्गों व बीमार लोगों को सर्दी से बचने की सलाह दी है।  

चंडीगढ़ में क्या है मौसम का हाल

Weather Report of India: Delhi rain Kashmir Himachal Pradesh Uttrakhand Shimla Snowfall UP rain today, know weather today
बारिश - फोटो : अमर उजाला

चंडीगढ़ में शनिवार को मौसम बदल गया। देर रात बरसात के बाद ठंड बढ़ गई। वहीं सुबह पूरा शहर धुंध में लिपटा नजर आया। इससे पहले शुक्रवार को मौसम की लुकाछिपी देखने को मिली। दिन में धूप ने छह साल का रिकॉर्ड तोड़ा तो वहीं देर रात मौसम ने करवट ली और बारिश शुरू हो गई। बारिश की वजह से रात के तापमान में सामान्य से कुछ गिरावट दर्ज की गई।  

शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले साल 2014 में दिन का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि रात का तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड हुआ, जो सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा रहा।  

मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि पहाड़ी इलाकों में आज व कल अच्छी बारिश व बर्फबारी होगी, इसके बाद मैदानी इलाकों में भी तापमान गिर जाएगा और कड़ाके की ठंड की शुरुआत हो जाएगी। पिछले वर्ष भी 17 दिसंबर से ठंड की शुरुआत हुई थी, जो तीन जनवरी तक जारी रही थी। मौसम विभाग के अगले तीन दिन के पूर्वानुमान के मुताबिक दिन का तापमान 20 से 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 से 9 डिग्री के बीच रह सकता है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed