{"_id":"658e09300d0d22999b0cf093","slug":"weather-cold-will-increase-in-delhi-from-today-chances-of-rain-from-tomorrow-2023-12-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"Weather Update Today: आज से बढ़ेगी सर्दी, कोहरे से 271 उड़ानें प्रभावित-ट्रेनें घंटों लेट, कल से बारिश के आसार","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Weather Update Today: आज से बढ़ेगी सर्दी, कोहरे से 271 उड़ानें प्रभावित-ट्रेनें घंटों लेट, कल से बारिश के आसार
Fri, 29 Dec 2023 08:50 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Fri, 29 Dec 2023 08:50 AM IST
सार
Today Weather IMD Update : दिल्ली में आज से सर्दी का सितम बढ़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने न्यूनतम तापमान में गिरावट का संकेत दिया है। पारे में गिरावट के सथा ही पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाएं दिल्ली में भी सिहरन पैदा कर सकती हैं।
विज्ञापन
बढ़ रहा है सर्दी का सितम
- फोटो : PTI
विस्तार
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल से लेकर उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब व दिल्ली तक समूचा उत्तर भारत भीषण ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। सड़क, रेल व हवाई यातायात व्यवस्था चरमरा गई। 80 से ज्यादा ट्रेनें 4 से 13 घंटे तक की देरी से चल रही हैं, जबकि 271 उड़ानों पर भी असर पड़ा है। करीब डेढ़ दर्जन उड़ानों को रद्द व एक उड़ान को डाइवर्ट करना पड़ा। अंतरराष्ट्रीय प्रस्थान से जुड़ीं 41 व घरेलू प्रस्थान से जुड़ीं करीब 150 उड़ानों में विलंब हुआ।
विज्ञापन
दिल्ली में आज से सर्दी का सितम बढ़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने न्यूनतम तापमान में गिरावट का संकेत दिया है। पारे में गिरावट के सथा ही पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाएं दिल्ली में भी सिहरन पैदा कर सकती हैं। प्रादेशिक मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री व अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।
विज्ञापन
मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक पंजाब, हरियाणा, यूपी और दिल्ली में कहीं-कहीं अत्यधिक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। 30 दिसंबर से 2 जनवरी तक इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों को छोड़ ज्यादातर प्रदेशों में न्यूनतम तापमान 8-12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। 30 दिसंबर की सुबह तक उत्तर व मध्य भारत में घना कोहरा रह सकता है। बृृहस्पतिवार सुबह आगरा व बठिंडा में शून्य, जबकि बरेली, लखनऊ, बाराबंकी, वाराणसी, पटियाला, अमृतसर, अंबाला व दिल्ली के आयानगर में दृश्यता 25 मीटर थी।
विज्ञापन
एयरपोर्ट और स्टेशन पर फंसे यात्री घंटों परेशान
कोहरे के कारण दिल्ली में ट्रेन और विमान परिचालन प्रभावित होने से यात्री ठंड में प्लेटफार्म और हवाईअड्डे पर घंटों ठिठुरने को मजबूर हुए। एयरपोर्ट पर विमानों का समय बदलने और कई उड़्ानें डायवर्ट होने की वजह से बड़ी संख्या में यात्री फंसे रहे।
गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद में स्कूल बंद
भीषण ठंड व कोहरे को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर व गाजियाबाद जिला प्रशासन ने 12वीं तक के सभी सरकारी व निजी स्कूलों को 29-30 दिसंबर को बंद रखने का आदेश दिया है। एक से 15 जनवरी तक स्कूलों में शीतावकाश रहेगा।
पहाड़ से मैदान तक भीषण शीतलहर कश्मीर में कई जगह पारा शून्य से नीचे
बर्फबारी और भीषण कोहरे के साथ ही पहाड़ से लेकर मैदानी राज्यों तक भीषण शीतलहर की चपेट में हैं। कश्मीर में कई जगह पारा शून्य से नीचे पहुंच गया है। पानी के स्रोत जम गए हैं। हरियाणा और पंजाब में ठिठुरन बढ़ गई है। बृहस्पतिवार सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता कई जगह शून्य तक रह गई। इससे हवाई यातायात से लेकर ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा।
बुधवार देर रात 12 बजे से घने कोहरे ने जम्मू को अपनी चपेट में ले लिया, जो अगले दिन सुबह तक छाया रहा। इसके बाद दिन भर बादल छाए रहे। ठंड के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। श्रीनगर से जम्मू आई विस्तारा की फ्लाइट (यूके611) खराब मौसम के कारण जम्मू में नहीं उतर सकी, इसे वापस श्रीनगर भेजा गया। इसके साथ श्रीनगर जाने वाली दो, दिल्ली जाने वाली तीन और अहमदाबाद जाने वाली एक फ्लाइट एक से दो घंटे की देरी से अपने गंतव्य की तरफ रवाना हुईं।
कश्मीर में चिल्ले कलां की वजह से लगभग सभी जगह पारा माइनस से भी नीचे है। कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा ठंड पहलगाम में रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मां वैष्णो के दरबार में ठंड के बाद भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। हालांकि, ट्रेनों की रफ्तार पर घने कोहरे की मार पड़ी है। बृहस्पतिवार को जम्मू आने वाली 17 ट्रेनें निर्धारित समय से दो से 13 घंटे की देरी से पहुंचीं। इनमें श्री शक्ति, हेमकुंट एक्सप्रेस, पूजा एक्सप्रेस, वंदे भारत, अमरनाथ एक्सप्रेस और हमसफर शामिल थीं।
हिमाचल में कल से बर्फबारी के आसार
हिमाचल प्रदेश में 30 और 31 दिसंबर को मध्य और उच्च पर्वतीय आठ जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विज्ञान विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में बदलाव आने की संभावना जताई है। पूर्वानुमान के अनुसार, मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में आगामी एक सप्ताह तक मौसम साफ बना रहेगा। एक जनवरी से मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में भी मौसम साफ बना रहेगा।