VHP: विहिप और बजरंग दल का नया अभियान, 'धर्म प्रवास' कर बताएंगे परिवार-संस्कृति बचाने का तरीका
विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल धर्म प्रवास के तहत अवैध धर्मांतरण, कथित लव जिहाद और धार्मिक आधार पर किसी संवेदनशील क्षेत्र से हो रहे हिंदुओं के पलायन को रोकने के लिए भी लोगों को जागरूक करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल अब 'धर्म प्रवास' अभियान चलाकर लोगों को अपना धर्म-परिवार और संस्कृति बचाने का तरीका बताने जा रहे हैं। धर्म प्रवास के तहत अवैध धर्मांतरण, कथित लव जिहाद और धार्मिक आधार पर किसी संवेदनशील क्षेत्र से हो रहे हिंदुओं के पलायन को रोकने के लिए भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। इन मुद्दों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए बजरंग दल राष्ट्रीय स्तर पर शौर्य यात्राएं भी आयोजित करेगा। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की रायपुर में रविवार को संपन्न हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया है। इसे लेकर ब्लॉक स्तर पर शौर्य यात्राएं निकाली जाएंगी।
विश्व हिंदू परिषद ने यह निर्णय ऐसे समय में लिया है, जब लव जिहाद जैसे मुद्दे को लेकर उत्तराखंड के उत्तरकाशी में विवाद गहरा गया है और केंद्र सरकार समान नागरिक आचार संहिता (UCC) के मुद्दे पर लोगों की राय जानने की कोशिश कर रही है। मई में हरिद्वार में आयोजित विहिप की धर्म संसद की बैठक में इस बारे में फैसला लिया गया था। अब इसको कार्यरूप देने की योजना पर रणनीति बनाई गई है।
परिवार बचाना सबसे ज्यादा महत्त्वपूर्ण
विहिप की इस बैठक में कहा गया है कि किसी राष्ट्र और संस्कृति को बचाने के लिए परिवार संस्था को मजबूत किया जाना आवश्यक है। भगवा परिवार का मानना है कि देश की एकता, सांस्कृतिक मजबूती नष्ट करने के लिए एक योजनाबद्ध तरीके से इस परिवार संस्था को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।
संगठन ने बैठक में चिंता व्यक्त की है कि जिस तरह देश में समलैंगिक लोगों को अधिकार दिए जाने की वकालत किए जाने की कोशिशें हुई हैं, यह भी परिवार संस्था को कमजोर करने का एक प्रयास है। विहिप अब इस संस्था को मजबूत करने के लिए काम करेगा।
रायपुर में संपन्न हुई बैठक में विहिप के केंद्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा है कि बजरंग दल आगामी 30 सितंबर से 14 अक्टूबर के बीच देशव्यापी शौर्य जागरण यात्राएं निकालेगा। दीपावली के आस-पास संतों के प्रवासों के माध्यम से हिंदू परिवारों को सामाजिक और राष्ट्रीय जीवन मूल्यों से जोड़ा जाएगा।
बैठक में पारित प्रस्ताव की प्रति मीडिया को जारी करते हुए आलोक कुमार ने आरोप लगाया कि कुछ समय से हिंदू संस्कृति पर विभिन्न मंचों से योजनाबद्ध हमले किए गए हैं। हिंदूओं की आस्थाओं पर चोट कर उनकी सबसे मजबूत संस्था परिवार को भी नष्ट भ्रष्ट करने की कोशिश की गई है। ऐसे में हिंदू धर्म-संस्कृति को बचाने के लिए परिवार को बचाना आवश्यक है और उसके लिए ही यह प्रयास किया जा रहा है।
हिंदू संस्कृति को बचाना हमारा उद्देश्य- विहिप
विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने अमर उजाला से कहा कि उनके संगठन की स्थापना के समय से ही उनका उद्देश्य हिंदू धर्म-संस्कृति पर हो रहे हमलों से धर्म और हिंदुओं का बचाव करना रहा है। यह समाज के किसी धर्म या समुदाय के विरुद्ध नहीं है, बल्कि इस पूरी कोशिश का उद्देश्य हिंदू धर्म, संस्कृति और परिवारों को बचाना है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों को अपने धर्म-संस्कृति के प्रति जागरूक करना और उन्हें किसी गलत लालच में फंसकर लव जिहाद और अवैध धर्मांतरण का शिकार होने से बचाना है।