फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Updates Son attacked his mother died in a hospital during treatment Kerala police

Updates: मणिपुर हाईकोर्ट को मिली पहली आदिवासी महिला जज; सिक्किम में मुख्य सचिव ने कलेक्टरों से मांगी रिपोर्ट

Sat, 14 Oct 2023 07:47 PM IST
श्वेता महतो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: श्वेता महतो Updated Sat, 14 Oct 2023 07:47 PM IST
सार

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसकी मां लगातार उससे ज्यादा मोबाइल फोन इस्तेमाल करने पर सवाल किया करती थी, जिससे परेशान होकर उसने अपनी मां पर हमला कर दिया। 

विज्ञापन
Updates Son attacked his mother died in a hospital during treatment Kerala police
Golmei Gaiphulshillu Kabui - फोटो : Social Media

विस्तार

केरल के कन्नूर जिले में बेटे ने अपनी 63 वर्षीय मां पर बेरहमी रे हमला किया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान महिला ने अपना दम तोड़ दिया। महिला ने अपने बेटे के मोबाइल फोन की लत से परेशान थी और इसी वजह से बेटे ने दीवार पर अपनी मां का सिर पटक कर उस पर हमला कर दिया। 

विज्ञापन


कानिचिरा की रुग्मिनी का पिछले एक हफ्ते से इलाज चल रहा था। इस घटना के तुरंत बाद ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसकी मां लगातार उससे ज्यादा मोबाइल फोन इस्तेमाल करने पर सवाल किया करती थी, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ था, इसलिए उसे फिलहाल इलाज के लिए कोझिकोड के कुथिरावट्टम के सरकारी मानसिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
विज्ञापन


शिलांग में भीषण आग से एक की मौत
शिलांग के जेल रोड इलाके में भीषण आग लगने से एक व्यक्ति एस कुमार की मौत हो गई। आग की चपेट में कई अन्य इमारतें भी आ गईं। अग्निशमन कर्मी और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम का आग बुझाने का अभियान जारी है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को कहा कि आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चला है। इलाके की संकरी गलियों के कारण अग्निशमन अभियान में बाधा आ रही है। मृतक आग में जलकर राख हुए गोदामों में से एक में काम करता था। मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने घटना पर चिंता व्यक्त की और जिला प्रशासन से प्रभावित लोगों को सहायता प्रदान करने को कहा। संगमा ने एक्स पर लिखा, जिला प्रशासन को नुकसान का आकलन करने और घटना से प्रभावित परिवारों को मदद पहुंचाने का निर्देश दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


ओडिशा कोर्ट ने दिया कटक नगर निगम को निर्देश 
ओडिशा हाई कोर्ट ने कटक नगर निगम को जिले में सभी सड़कों की मरम्मत का काम दो सप्ताह के भीतर पूरा करने निर्देश दिया है। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बीआर सारंगी की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने कटक नगर निगम (सीएमसी) से 27 अक्टूबर को इस संबंध में एक अनुपालन रिपोर्ट पेश करने को भी कहा।

अदालत सड़कों की स्थिति को लेकर एक जनहित याचिका (पीआईएल) पर सुनवाई कर रही थी। उन्होंने शुक्रवार को  सीएमसी, पीडब्ल्यूडी, सड़क और पुल प्रभाग, ओडिशा जल निगम (वाटको) और गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (गेल) के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में यह निर्देश जारी किया है। अदालत ने साथ ही में अधिकारियों को बॉक्स ड्रेन कार्य को भी अगले साल के मार्च महीने तक पूरा करने का निर्देश दिया है।



असम राइफल्स ने जब्त की 12 करोड़ रूपये की मेथमफेटामाइन की गोलियां
मिजोरम के चम्फाई जिले में असर राइफल्स ने 12 करोड़ रूपये की मेथमफेटामाइन की गोलियां जब्त की है। इस मामले में उन्होंने दो लोगों को भी गिरफ्तार किया है। खुफिया सूचना के आधार पर असम राइफल्स और आबकारी और नार्कोटिक्स विभाग ने म्यांमार सीमा के जौट इलाके से  40,400 गोलियां जब्त की है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अल्ताब उद्दीन (32) और अनम उद्दीन (32) के तौर पर की गई है। दोनों ही असम के करीमगंज शहर के निवासी हैं। पुलिस ने फिलहाल उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  

तेलंगाना: रामा राव ने पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से की मुलाकात
बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष और मंत्री के टी रामा राव ने शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष पोन्नाला लक्ष्मैया से उनके आवास पर मुलाकात की और उन्हें मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाले संगठन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों नेताओं के बीच क्या बातचीत हुई।

राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले तेलंगाना कांग्रेस को झटका देते हुए लक्ष्मैया ने हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पार्टी से इस्तीफा देने के लिए एक पत्र भेजा था। अपने पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि जब तेलंगाना में पिछड़े वर्गों (बीसी) के 50 नेताओं का एक समूह अपने समुदाय के लिए प्राथमिकता का अनुरोध करने के लिए दिल्ली गया, तो एआईसीसी नेताओं ने उनके साथ बैठक करने से भी इनकार कर दिया गया, जो राज्य के लिए शर्मिंदगी की बात है।

तटरक्षक बल ने लकवाग्रस्त चीनी नागरिक को मुंबई तट से बचाया
भारतीय तटरक्षक बल के जवानों ने मुंबई तट पर लकवाग्रस्त एक चीनी नाविक को बचा लिया। समुद्री सुरक्षा एजेंसी के अधिकारी ने बताया कि 49 वर्षीय चीनी नागरिक पनामा के एक जहाज पर सवार था और उसे लकवा का दौरा पड़ा था। उन्होंने कहा कि पीड़ित को एक सहायक के साथ उपचार के लिए मुंबई के अस्पताल भेजा गया। तटरक्षक बल की ओर से एक्स पर बताया गया कि बेहद कम दृश्यता के बावजूद भारतीय तटरक्षक जहाज सी-439 ने 49 वर्षीय चीनी चालक दल के सदस्य को चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई।

मणिपुर उच्च न्यायालय को मिली पहली आदिवासी महिला न्यायाधीश
न्यायिक अधिकारी गोलमेई गैफुल्शिलु काबुई मणिपुर उच्च न्यायालय में न्यायाधीश के रूप में नियुक्त होने वाली पहली आदिवासी महिला बन गई हैं। उनकी नियुक्ति केंद्रीय कानून और न्याय मंत्रालय द्वारा की गई थी। काबुई मणिपुर की एक नागा महिला हैं। एक आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया है, 'राष्ट्रपति को गोलमेई गैफुल्शिलु काबुई को मणिपुर उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त करते हुए खुशी हो रही है।'

सिक्किम: मुख्य सचिव चार जिलों के कलेक्टरों से मांगी ग्राउंड रिपोर्ट
सिक्किम के मुख्य सचिव वी बी पाठक ने शनिवार को हिमालयी राज्य में हाल में आई बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित चार जिलों के कलेक्टरों से राहत एवं पुनर्वास कार्यों पर ग्राउंड रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें मंगन, गंगटोक, पाकयोंग और नामची जिलों के कलेक्टरों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे बचाव, राहत और बहाली कार्य की स्थिति का आकलन करने और आगे की कार्रवाई पर चर्चा करने के लिए रिपोर्ट मांगी गई। जिले के अधिकारियों ने मुख्य सचिव को आपदा से विस्थापित और वर्तमान में राहत शिविरों में शरण लेने वाले मकान मालिकों और किरायेदारों के पुनर्वास के विवरण से अवगत कराया।

पश्चिम बंगाल: सोने की तस्करी के आरोप में महिला सहित चार बांग्लादेशी गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के पेट्रापोल में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा के जरिए 1.86 करोड़ रुपये मूल्य के सोने की तस्करी करने के आरोप में एक महिला सहित चार बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। बीएसएफ अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने बांग्लादेश से कानूनी रूप से भारत में प्रवेश करते समय तलाशी के बाद चार लोगों की पहचान बेलाल हुसैन (40 वर्षीय), मोहम्मद कबीर (48 वर्षीय), आजम खान (46 वर्षीय) और जुबिदा खानम (33 वर्षीय) के रूप में की है।

तमिलनाडु में 15.21 करोड़ का सोना जब्त, छह गिरफ्तार
पिछले सप्ताह तमिलनाडु में तीन अलग-अलग घटनाओं में श्रीलंका से भारत में तस्करी कर लाया गया 15.21 करोड़ रुपये मूल्य का लगभग 25 किलोग्राम सोना जब्त किया और 56.3 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद की गई है। इसके अलावा मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।


राजस्व खुफिया निदेशालय ने शनिवार को कहा कि चेन्नई में पहली घटना में डीआरआई अधिकारियों ने मद्रास हाईकोर्ट के पास एक कार में यात्रा कर रहे दो लोगों को रोका और उनके कब्जे से सोना और भारतीय मुद्रा बरामद की। डीआरआई के अनुसार, सोना नागापट्टिनम जिले के माध्यम से श्रीलंका से भारत में तस्करी कर लाया गया था। इस संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

दूसरी घटना में तिरुचिरापल्ली में डीआरआई कर्मियों ने एक कार में चेन्नई जा रहे दो व्यक्तियों से सोना जब्त किया। दोनों ने सोने की तस्करी श्रीलंका से की थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। तीसरी घटना में, अधिकारियों ने मलेशिया से चेन्नई पहुंचे दो हवाई यात्रियों की ओर से पेस्ट के रूप में छुपाया गया सोना बरामद किया। यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed