सियासत: पीएम मोदी के बयान से श्रीपति मिश्र के पुत्र खफा, कहा- कांग्रेस ने नहीं भाजपा ने किया अपमान
अमर उजाला डॉट कॉम से बोले पूर्व सीएम श्रीपति मिश्र के बेटे। कहा कि बड़े भाई को पार्टी में शामिल करवाकर नहीं दिया सम्मान।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्रीपति मिश्र को दिल्ली के राज दरबारियों और परिवारों की ओर से अपमानित किए जाने के बयान के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री के पुत्र प्रमोद मिश्रा प्रधानमंत्री के बयान से खफा हैं। पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पिताजी का तो कांग्रेस ने बहुत सम्मान किया लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने उनके परिवार का जरूर अपमान किया है। कहते हैं कि प्रधानमंत्री ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के दौरान उनके पिताजी के बारे में जो कहा वह पूरी तरीके से ना सिर्फ निराधार है बल्कि उसका कोई मतलब ही नहीं है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्रीपति मिश्र के बेटे प्रमोद मिश्र कहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अगले साल उत्तर प्रदेश में होने वाले चुनावों के मद्देनजर ही उनके पिताजी का नाम लेकर ब्राह्मणों को साधने की एक कोशिश भर की है। पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे कहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके पिताजी का नाम लेकर उनके परिवार का मान तो जरूर बढ़ाया है लेकिन जो जानकारी उन्होंने उनके पिताजी के बारे में उस मंच से दी वह न सिर्फ निराधार है बल्कि उसका कोई अस्तित्व ही नहीं है।
प्रमोद मिश्र कहते हैं कि उनके पिताजी का जितना सम्मान कांग्रेस में इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने किया उतना शायद ही कभी कोई करता। वो कहते हैं कुछ परिस्थितियां जरूर रहीं जिनके चलते उनके पिताजी का कांग्रेस से अलगाव हुआ लेकिन ऐसा नहीं था कि वह हमेशा के लिए था। कुछ दिनों बाद उनके पिताजी को सम्मान स्वरूप कांग्रेस पार्टी ने ना सिर्फ वापस बुलाया बल्कि लोकसभा का चुनाव भी लड़ाया। यह बात दीगर है कि वह चुनाव नहीं जीत पाए।
पूर्व मुख्यमंत्री श्रीपति मिश्र के बेटे प्रमोद मिश्र कहते हैं दरअसल उत्तर प्रदेश में इस वक्त भारतीय जनता पार्टी की नीतियों की वजह से ब्राह्मण खफा हैं। यही वजह है कि भारतीय जनता पार्टी के बड़े नेता ब्राह्मणों को साधने के लिए न सिर्फ पुराने वाले ब्राह्मण नेताओं का जिक्र कर रहे हैं बल्कि उनका नाम लेकर ब्राह्मणों में अपनी पकड़ जताने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रमोद मिश्र कहते हैं कि भारतीय जनता पार्टी की कथनी और करनी में ही बहुत अंतर है। उन्होंने बताया कि उनके भाई राकेश मिश्र को भारतीय जनता पार्टी में रीता बहुगुणा जोशी के साथ ज्वाइन कराया गया। वो कहते हैं कि उनके भाई को पार्टी में जो तवज्जो मिलनी चाहिए थी वह पार्टी ने कहने के बाद भी नहीं दी।
प्रमोद मिश्र के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी अगर हमारे पिताजी और पूर्व मुख्यमंत्री श्रीपति मिश्र का नाम लेकर सम्मान की बात करती है तो उन्हीं श्रीपति मिश्र के बड़े बेटे राकेश मिश्र को अपनी पार्टी में कम से कम वादे के मुताबिक सम्मान तो दे ही दे। लेकिन भारतीय जनता पार्टी की कथनी और करनी में अंतर है। यही वजह है कि अब वह ब्राह्मणों का नाम लेकर और झूठी जानकारियां प्रचारित-प्रसारित करके उनको अपने साथ करने की कवायद में लगी है।
प्रमोद मिश्र की शिकायत सिर्फ भारतीय जनता पार्टी से ही नहीं है हालांकि इस वक्त कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री श्रीपति मिश्र के बेटे कांग्रेस पार्टी से भी नाराज हैं। प्रमोद कहते हैं कि यह बात अलग है कि वह पूरे जीवन कांग्रेस में ही रहेंगे। देश में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ किए जाने वाले बर्ताव से नाराज हैं। वो कहते हैं कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कर्ताधर्ता 60 साल से अधिक उम्र के लोगों को कोल्ड स्टोरेज में भेज रहे हैं। उनका कहना है पार्टी की यह रणनीति बहुत बेहतर नहीं है।