{"_id":"61d85d4b38f16d07f53698a0","slug":"up-election-2022-priyanka-gandhi-will-connect-with-people-through-facebook-live-twitter-says-ajay-kumar-lallu","type":"story","status":"publish","title_hn":"UP Elections 2022: अजय कुमार लल्लू बोले- कांग्रेस के बिना नहीं बनेगी यूपी में अगली सरकार, फेसबुक लाइव-ट्विटर से लोगों से जुड़ेंगी प्रियंका गांधी","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
UP Elections 2022: अजय कुमार लल्लू बोले- कांग्रेस के बिना नहीं बनेगी यूपी में अगली सरकार, फेसबुक लाइव-ट्विटर से लोगों से जुड़ेंगी प्रियंका गांधी
Fri, 07 Jan 2022 09:03 PM IST
Amit Mandal
अमित शर्मा, नई दिल्ली
अमित शर्मा, नई दिल्ली
Published by: Amit Mandal
Updated Fri, 07 Jan 2022 09:03 PM IST
सार
यूपी में कांग्रेस का चुनाव प्रचार कैसा चल रहा है और आगे की रणनीति क्या रहने वाली है, यह जानने के लिए हमारे विशेष संवाददाता अमित शर्मा ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू से बातचीत की।
विज्ञापन
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा।
- फोटो : amar ujala
विस्तार
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की सक्रियता ने उत्तर प्रदेश के चुनावी जंग में कांग्रेस के लिए नई उम्मीदें पैदा की हैं। लगातार सक्रिय और आम लोगों से सीधे जुड़ने वाली प्रियंका गांधी को बेशक कोरोना की तीसरी लहर की वजह से अपने भावी कार्यक्रमों को स्थगित करना पड़ा हो लेकिन पार्टी ऐसी परिस्थितियों के बावजूद अपने चुनावी कैंपेन को नई धार देने में लगी है। यूपी में पार्टी का चुनाव प्रचार कैसा चल रहा है और आगे की रणनीति क्या रहने वाली है, यह जानने के लिए हमारे विशेष संवाददाता अमित शर्मा ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू से बातचीत की। पेश है बातचीत के खास हिस्से-
विज्ञापन
सवाल- अजय जी, कांग्रेस ने ओमिक्रॉन को देखते हुए अपनी जनसभाएं और रैलियां स्थगित कर दी हैं। अब आप किस तरह अपना चुनाव प्रचार आगे बढ़ाएंगे?
विज्ञापन
अजय कुमार लल्लूः देखिए, हम जनता की भलाई के लिए राजनीति करते हैं। हम कोई ऐसा काम करने की बात सोच भी नहीं सकते जिससे जनता का नुकसान हो। जब पूरी दुनिया में कोरोना का खतरा एक बार फिर तेजी से फैल रहा है, हम अपनी जनता और अपने कार्यकर्ताओं की जान से खिलवाड़ नहीं कर सकते। हमने ही चुनाव आयोग को यह सलाह दी है कि यूपी चुनाव में बड़ी चुनावी रैलियों पर प्रतिबंध लगाया जाए। हमें खुशी है कि कांग्रेस के जनहित के फैसले को देखते हुए भाजपा सहित अन्य दूसरे दलों को भी अपनी रैलियों पर पाबंदी लगानी पड़ी है। हम छोटी-छोटी रैलियां और नुक्कड़ सभाएं कर अपना चुनाव प्रचार आगे बढ़ाएंगे। हम आज भी रोजाना 60 विधानसभाओं में छोटी-छोटी रैलियां निकाल रहे हैं। इस दौर में सोशल मीडिया की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण रहने वाली है। हम सोशल मीडिया के जरिए भी अपनी बात आगे बढ़ा रहे हैं।
विज्ञापन
सवाल - क्या प्रियंका गांधी और अन्य बड़े नेताओं की जनसभाएं भी डिजिटल माध्यम से आगे बढ़ाई जाएंगी। इसकी योजना क्या है?
अजय कुमार लल्लूः इसके पहले भी प्रियंका जी फेसबुक लाइव और फोन के माध्यम से अपने कार्यकर्ताओं से जुड़ती रही हैं। अब नए दौर में पहले से ज्यादा उनके फेसबुक-ट्विटर लाइव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हम प्रमुख स्थलों पर बड़ी स्क्रीन पर अपने नेताओं के भाषण और घोषणाएं लोगों तक पहुंचाने की योजना बना रहे हैं। जल्दी ही चुनाव आयोग के दिशा निर्देश भी सामने आ जाएंगे। उसे ध्यान में रखते हुए अगली रणनीति बनाएंगे। जल्दी ही इसका स्वरूप सामने आ जाएगा।
सवाल - प्रियंका गांधी को यूपी का प्रभार संभाले एक लंबा समय बीत गया है। उनके आने का क्या असर दिखाई पड़ा है और अब यूपी से आपकी उम्मीदें क्या हैं?
अजय कुमार लल्लूः निश्चित रूप से उनके आने से कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ता है। उनके कारण जनता में भी कांग्रेस को लेकर बड़ा उत्साह पैदा हुआ जो कांग्रेस की लगातार होने वाली बड़ी-बड़ी जनसभाओं में नज़र आया था। कांग्रेस ने यह साबित कर दिया है कि भाजपा को रोकने में केवल वही सक्षम है और यही कारण है कि जो लोग भाजपा सरकार की गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता से परेशान हैं, वे विकल्प के लिए केवल कांग्रेस की ओर देख रहे हैं। जहां तक आप चुनाव नतीजों की बात है, हमारा मकसद यूपी की बड़ी राजनीतिक ताकत बनना है। हमारे बिना उत्तर प्रदेश में अगली सरकार का गठन नहीं होगा, यह तय मानकर चलिए।
सवाल - बसपा का बड़ा वोटर वर्ग पहले कांग्रेस का वोटर हुआ करता था। लेकिन मायावती इस चुनाव में कमजोर लड़ाई लड़ती हुई दिखाई पड़ रही हैं। क्या आपको लगता है कि इस स्थिति में कांग्रेस का पुराना वोटर उसके पास लौट आएगा?
अजय कुमार लल्लूः दरअसल, दलित-वंचित समाज ने पिछले 30 सालों में अलग-अलग दलों को सत्ता देकर यह देख लिया है कि अन्य दलों ने उसके विकास के लिए कुछ भी नहीं किया। जो राजनीतिक दल जाति-वर्ग के नाम पर सत्ता में आए उन्होंने सत्ता पाने के बाद दलितों-पिछड़ों के विकास की बजाय अपने घरों की तिजोरी भरनी शुरू कर दी और उनके लिए कुछ नहीं किया। सपा-बसपा ने अपनी प्रासंगिकता खो दी है। जबकि भारत का इतिहास बताता है कि कांग्रेस ने दलितों-वंचितों को ताकत देने के लिए कितना बड़ा काम किया है। उन्हें राजनीतिक-सामाजिक और आर्थिक तौर पर उन्नति देने में कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे में अब उस वर्ग को कांग्रेस से ही उम्मीद है और वह तेजी से हमारे पास वापस आ रहा है।
सवाल- कांग्रेस अपने उम्मीदवारों के नामों का एलान कब तक करेगी? इसमें आप किस तरह की प्राथमिकता को ध्यान रखकर चल रहे हैं?
अजय कुमार लल्लूः प्रियंका गांधी जी ने महिलाओं को 40 फीसदी टिकट देने की घोषणा कर हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता स्पष्ट कर दी है। बाकी अन्य वर्गों की बात है, हम समाज के हर वर्ग के लोगों को उचित प्रतिनिधित्व देंगे। ब्राह्मण उम्मीदवारों को भी अच्छी संख्या में टिकट दिए जाएंगे। इस पर हमारी अंतिम स्क्रीनिंग चल रही है। जल्द ही हम इसकी घोषणा करेंगे।