ममता के चंडीपाठ पर गिरिराज का निशाना, कहा - दीदी का असली रूप बंगाल का हिंदू समाज जानता है
- केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ममता बनर्जी पर साधा निशाना
- ट्वीट कर कहा - रोहिंग्या के साथ-साथ ममता दीदी भी नर्वस हैं
- गिरिराज सिंह ने कहा - ममता का असली रूप बंगाल का हिंदू समाज जानता है
विस्तार
भाजपा ने बुधवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस राज्य में दुर्गा पूजा विसर्जन के लिए लोगों को अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ता हो वहां की मुख्यमंत्री को चुनाव आने पर मंच से चंडी पाठ करना पड़ रहा है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ट्वीट कर कहा कि बंगाल में रोहिंग्या मुसलमानों के साथ-साथ ममता बनर्जी भी ‘‘नर्वस’’ हैं और अब उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि वह मंदिर जाएं या मस्जिद। बता दें कि तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी मंगलवार को पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम पहुंची थी जहां से वह इस बार विधानसभा का चुनाव लड़ रही हैं। भाजपा ने कभी ममता बनर्जी के नजदीकी सिपहसालार रहे सुवेंदु अधिकारी को उनके खिलाफ नंदीग्राम के चुनावी मैदान में उतारा है।
बंगाल में रोहिंग्या के साथ-साथ ममता दीदी भी नर्वस हैं।
— Shandilya Giriraj Singh (@girirajsinghbjp) March 10, 2021
अब उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि मंदिर जाएं या मस्जिद ।
वाह मोदी जी वाह। pic.twitter.com/9jHILP319v
एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने उनके हिंदू विरोधी होने के भाजपा के आरोपों का जिक्र करते हुए कहा था कि वह एक ब्राह्मण हैं और हिंदू रस्मों के बारे में भगवा पार्टी के ‘‘फर्जी हिंदू नेताओं’’ से कहीं ज्यादा जानती हैं। ममता ने कहा था, ‘‘यदि किसी को मेरे धर्म के बारे में शक है तो मैं उन्हें बहस करने और हिंदू श्लोकों का पाठ करने में प्रतिस्पर्धा करने की चुनौती देती हूं।’’
इसके बाद मुख्यमंत्री ने मंच से चंडीपाठ भी किया। गिरिराज सिंह ने अपने ट्वीट के साथ एक वीडियो संदेश भी साझा किया जिसमें उन्होंने गुजरात विधानसभा के पिछले चुनावों के दौरान कांग्रेस के प्रमुख नेताओं के मंदिर दौरे और जनेऊ पहनने का जिक्र किया।
उन्होंने कहा, ‘‘बंगाल में मैंने दीदी को देखा। वहां के जिन हिंदुओं को दुर्गा विसर्जन के लिए अदालत का सहारा लेना पड़ता था... जिनके मंत्री डॉन अखबार को कहते थे कि कलकत्ता में भी कराची है... आज दीदी चंडी पाठ कर रही हैं। चुनाव जो ना कराए।’’ बता दें कि भाजपा ममता बनर्जी पर तुष्टिकरण का आरोप लगाती रही है।