कर्नाटक: अमित शाह ने मुख्यमंत्री बोम्मई पर जताया भरोसा, कहा- राज्य में नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं होगा
सूत्रों ने बताया कि शाह ने बोम्मई को आश्वस्त किया कि अगले साल राज्य में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव उनके नेतृत्व में लड़ा जाएगा और कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को कोई सवाल ही नहीं है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई से सत्ता में बने रहने और अगला विधानसभा चुनाव उनके नेतृत्व में लड़े जाने की बात कही। मुख्यमंत्री के करीबी सूत्रों ने यह जानकारी देते हुए कहा कि शाह का यह आश्वासन बोम्मई पर विश्वास जताये जाने को प्रदर्शित करता है।
सूत्रों ने बताया कि शाह ने बोम्मई को आश्वस्त किया कि अगले साल राज्य में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव उनके नेतृत्व में लड़ा जाएगा और कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को कोई सवाल ही नहीं है।
सूत्रों ने बताया, ‘‘अमित शाह ने मुख्यमंत्री को स्पष्ट निर्देश दिया है कि लोग जिस नेतृत्व परिवर्तन की बात कर रहे हैं उसे लेकर परेशान ना हों। शाह ने बोम्मई से कहा कि आगे बढ़ें और विकास कार्यों पर ध्यान दें। हम विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेंगे और इसके जरिये सफल होंगे।’’
सूत्रों के अनुसार, शाह ने बोम्मई से कहा कि वे सुशासन मुहैया कराएं और युवाओं के हित के कार्यक्रमों पर ध्यान दें। केंद्रीय गृह मंत्री ने बोम्मई से यह भी कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा भी चुनावी लड़ाई में उनके साथ शामिल होंगे।
सूत्रों के अनुसार, मंत्रिमंडल में फेरबदल के संबंध में शाह ने कहा कि वह 10 मई से पहले सूची भेजेंगे। गौरतलब है कि कर्नाटक में 34 स्वीकृत मंत्री पदों में से पांच पद अभी भी खाली पड़े हैं। सूत्रों ने कहा, "फेरबदल मामूली होगा और सात नए चेहरों को शामिल करने की उम्मीद की जा सकती है।"
केंद्रीय गृह मंत्री शहर में अपना कार्यक्रम पूरा करने के बाद रात करीब साढ़े आठ बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गए। शाह मंगलवार को बेंगलुरु में नृपथुंगा विश्वविद्यालय के उद्घाटन, भाजपा की राज्य इकाई के कार्यक्रम, मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई द्वारा आयोजित लंच सहित कई कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए आए थे। इस दौरान उन्होंने नेशनल इंटेलिजेंस ग्रिड का भी उद्घाटन किया और खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2021 के समापन में भाग लिया।