उपराष्ट्रपति नायडू पर विपक्ष की अनदेखी का आरोप, समर्थन में उतरीं टीआरएस, बीजेडी और सपा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू के राज्यसभा चेयरमैन की भूमिका में विपक्ष की अनदेखी करने के आरोपों के बीच उन्हें तीन प्रमुख विपक्षी दलों का समर्थन मिल गया है। तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस), बीजू जनता दल (बीजेडी) और समाजवादी पार्टी (सपा) ने शनिवार को वेंकैया नायडू में अपना पूरा विश्वास होने की घोषणा की।
बता दें कि हालिया समय में आईं कुछ रिपोर्ट में विपक्ष की तरफ से संसद के ऊपरी सदन में विपक्षी दलों को उनका उचित स्थान नहीं मिलने को लेकर नायडू को संयुक्त पत्र लिखने पर विचार करने का जिक्र किया गया था। लेकिन टीआरएस ने नायडू को पत्र लिखकर उनमें अपना पूर्ण विश्वास होने की बात कही है, जबकि कई अन्य गैर राजग दलों ने निजी तौर पर नायडू की सदन के बेहतरीन प्रबंधन के लिए प्रशंसा की है।
सूत्रों के अनुसार, चेयरमैन ने कई रिपोर्ट देखने के बाद खुद ये मुद्दा शुक्रवार को सभी दलों के नेताओं के साथ साप्ताहिक बैठक के दौरान उठाया था। लेकिन टीआरएस, बीजेडी और सपा ने ऐसे किसी पत्र का हिस्सा नहीं होने की बात कहते हुए सदन चलाने के लिए नायडू की तारीफ की। टीआरएस के राज्यसभा सांसद डी. श्रीनिवास ने अलग से चेयरमैन को लिखे पत्र में उन पर पक्षपाती होने के आरोपों को लेकर हैरानी भी जताई।
राजनीति बाहर छोड़कर राज्यसभा में जनता के हित पर ध्यान दीजिए : नायडू
उपराष्ट्रपति और राज्यसभा चेयरमैन एम. वेंकैया नायडू ने शनिवार को ऊपरी सदन में चुनकर आए नए सांसदों को उनके कर्तव्य समझाए। नए सांसदों के दो दिवसीय ओरिएंटेशन प्रोग्राम में उपराष्ट्रपति ने करीब एक घंटे तक उन्हें संसद के विभिन्न प्रक्रियाओं के बारे में बताया।
उन्होंने सभी सांसदों से इस मौके का बेहतरीन उपयोग करने और कुछ अच्छी बहस में हिस्सेदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा, राजनीति को बाहर छोड़कर राज्यसभा के अंदर जनता के हित पर ध्यान केंद्रित कीजिए। नायडू ने कहा, भीड़तंत्र को विचारशील संसदीय लोकतंत्र को पटरी से उतारने की इजाजत नहीं दी जा सकती।
उन्होंने कहा कि हमें आम जनता की तरफ से दिए गए जनादेश का सम्मान करने की आवश्यकता है। नायडू ने बेहद व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी के भी नए सदस्य के तौर पर प्रोग्राम में शामिल होने के लिए तारीफ की।
टीएमसी सांसद ब्रायन ने पूछी पहेलियां
टीएमसी के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ‘ब्रायन को संसदीय समितियों और उनकी कार्य पद्धति तथा उनकी शक्तियाें के बारे में नए सदस्यों को बताने की जिम्मेदारी दी गई थी। ब्रायन ने अनोखे तरीके से मंच से उतरकर सदस्यों से पहेलियां बूझते हुए सारी जानकारी दी। बता दें कि ब्रायन देश के मशहूर क्विज मास्टर भी हैं।