{"_id":"5b7fb71042c79246400aa802","slug":"trinamool-congress-welcomes-supreme-court-decision-on-panchayat-elections","type":"story","status":"publish","title_hn":"न्यायालय के फैसले को ममता की पार्टी ने कहा 'लोकतंत्र की जीत', विपक्ष को मांफी मांगने की दी सलाह","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
न्यायालय के फैसले को ममता की पार्टी ने कहा 'लोकतंत्र की जीत', विपक्ष को मांफी मांगने की दी सलाह
भाषा, कोलकाता
Updated Fri, 24 Aug 2018 01:13 PM IST
विज्ञापन
पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव पर उच्चतम न्यायालय के फैसले का आज स्वागत करते हुए तृणमूल कांग्रेस ने इसे ‘‘लोकतंत्र की जीत’’ बताया और विपक्षी दलों से सूबे की आवाम से माफी मांगने को कहा। न्यायालय ने पश्चिम बंगाल में 20,000 सीटों पर निर्विरोध जीत के आधार पर चुनाव रद्द करने का अनुरोध करने वाली माकपा और भाजपा की याचिकाओं को आज स्वीकार करने से इंकार कर दिया।
विज्ञापन
इन सभी 20,000 सीटों पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार निर्विरोध जीते हैं। तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा, हम बहुत खुश हैं। हम अदालत के फैसले का स्वागत करते हैं। हम यह बात लंबे समय से कह रहे हैं।’’ पंचायत मंत्री सुब्रत मुखर्जी ने कहा, ‘‘यह ऐतिहासिक फैसला है। यह विपक्षी दलों के लिए बड़ी सीख है। इससे साबित होता है कि उनके आरोप आधारहीन हैं। उन्हें राज्य के लोगों से माफी मांगनी चाहिए।’’
विज्ञापन
वहीं राज्य भाजपा का कहना है कि वह फैसले को स्वीकार करती है और अब तृणमूल के साथ लोकतांत्रिक तरीके से लड़ेगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा, ‘‘हम उच्चतम न्यायालय के फैसले को स्वीकार करते हैं। हम अगले लोकसभा चुनावों में लोकतांत्रिक तरीके से तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ लड़ेंगे। राज्य के लोगों का फैसला अंतिम होगा।’’ तृणमूल कांग्रेस का पक्ष है कि एक भी उम्मीदवार यह शिकायत लेकर किसी अदालत में नहीं गया कि उसे नामांकन भरने से रोका गया है।
विज्ञापन