गोरखपुर में राहुल गांधी का दौरा आज, बी निगेटिव ग्रुप खून के इंतजाम में परेशान रहे अफसर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मंगलवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी शहर में होंगे। उनकी सेहत की निगरानी के लिए स्वास्थ्य महकमा अलर्ट है। सेफ हाउस बनाए जाने के साथ ही डॉक्टरों की टीम गठित की गई है। वहीं दिन भर उनके बी निगेटिव ब्लड ग्रुप के लिए स्वास्थ्य महकमा हलकान रहा। प्राइवेट ब्लड बैंक से मदद लेकर इंतजाम शाम तक पूरा कर लिया गया, जिसके बाद अफसरों ने राहत की सांस ली।
राहुल गांधी के लिए जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और सर्किट हाउस में सेफ हाउस बनाया गया है। चार फ्लीट तैयार की गई है जिसमें हर फ्लीट में दो डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टॉफ, फार्मासिस्ट आदि मौजूद रहेंगे। बुधवार को वह मेडिकल कॉलेज में इंसेफेलाइटिस वार्ड का दौरा करेंगे। इसके अलावा वे रोड शो भी करेंगे।
'राहुल गांधी का ब्लड ग्रुप बी निगेटिव है'
जीवन रक्षक उपकरणों से लैस एक एंबुलेंस उनके काफिले के साथ मौजूद रहेगी। प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को बताया है कि राहुल गांधी का ब्लड ग्रुप बी निगेटिव है। बीआरडी और जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में इस समूह का एक-एक यूनिट ही मौजूद है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने निजी ब्लड बैंक से मदद मांगी।
गोरखनाथ ब्लड बैंक में बी निगेटिव खून पर्याप्त मात्रा में होने की जानकारी के बाद अधिकारियों ने राहत महसूस किया। उधर, एसपीजी ने मेडिकल कॉलेज में जाकर व्यवस्था का जायजा लिया। भोजन निगरानी के लिए टीम सर्किट हाउस और उस गांव में भी रहेगी, जहां पर राहुल गांधी का दलित के घर भोजन संभावित कार्यक्रम है।