फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   today news updates manipur delhi violence crime politics

Updates: केरल में बैंक घोटाले के 29 आरोपियों के खिलाफ पूरक आरोपपत्र दाखिल; बंगाल में बचाया गया प्रवासी मजदूर

Sat, 06 Jun 2026 03:11 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: नितिन गौतम Updated Sat, 06 Jun 2026 03:11 PM IST
विज्ञापन
today news updates manipur delhi violence crime politics
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
केरल की एक अदालत ने शनिवार को करुवन्नूर सर्विस कोऑपरेटिव बैंक से जुड़े धन शोधन मामले में पूरक आरोपपत्र स्वीकार कर लिया। यह आरोपपत्र 29 आरोपियों के खिलाफ दायर किया गया था, जिसमें सीपीआई(एम) और उसके कई नेता शामिल हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने यह पूरक आरोपपत्र दाखिल किया था। मामले में करुवन्नूर बैंक के माध्यम से करीब 180 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी वाले ऋणों का शोधन शामिल है। ईडी ने मई 2025 में यह पूरक आरोपपत्र दाखिल किया था। इसमें सीपीआई(एम), लोकसभा सांसद के राधाकृष्णन, विधायक ए सी मोइदीन और पूर्व जिला सचिव एम एम वर्गीस जैसे प्रमुख नाम हैं। ईडी ने अब तक इस मामले में 128 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की है। अदालत ने आरोपियों को 4 जुलाई को पेश होने के लिए समन जारी करने का निर्देश दिया है।
विज्ञापन


बंगाल का प्रवासी मजदूर नाले से बचाया गया, जादूगर पर फंसाने का आरोप
पश्चिम बंगाल में शनिवार को अग्निशमन दल ने पश्चिम बंगाल के एक प्रवासी मजदूर को नाले के अंदर से बचाया। वह वहां कैसे पहुंचा, यह एक रहस्य बना हुआ है। मजदूर ने दावा किया कि उसे पिछले कुछ दिनों से किसी जादूगर ने नाले में फंसा रखा था। अग्निशमन अधिकारियों ने बताया कि नाले में उसके प्रवेश की परिस्थितियां संदिग्ध और रहस्यमय हैं। आसपास कोई खुला मैनहोल या स्लैब नहीं था जिससे वह अंदर गिर सकता था। मजदूर केवल एक पतलून पहने हुए था। एक राहगीर ने नाले के छोटे से छेद से एक हाथ बाहर निकलते देखा। इसके बाद अग्निशमन दल को सूचना दी गई। दल ने मौके पर पहुंचकर हाइड्रोलिक मशीन से एक स्लैब हटाकर उसे बाहर निकाला।
विज्ञापन


अहमदाबाद में 28.9 लाख की जाली करेंसी बरामद, 5 गिरफ्तार
अहमदाबाद में हुई एक हत्या की जांच ने पुलिस को नकली नोटों के एक बड़े रैकेट तक पहुंचा दिया। वटवा इलाके के एक फ्लैट में 27 मई को इमरान सिंधी का शव मिलने के बाद मामले का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि इमरान इस गिरोह का सरगना था, जिसकी उसके ही साथियों ने मारपीट कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को भी पकड़ा है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे मार्च 2026 से नकली नोट छाप रहे थे। गिरोह ने करीब 60 लाख रुपये के जाली नोट छापे थे, जिसमें से पुलिस ने 28.94 लाख रुपये के नोट, प्रिंटर और लैपटॉप बरामद किए हैं। पुलिस अब शेष नकली नोटों के वितरण और गिरोह के अन्य नेटवर्क की विस्तृत जांच कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

कर्नाटक: जंगली हाथी के हमले में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की पत्नी की मौत

कर्नाटक के कोडागु जिले में शुक्रवार को जंगली हाथी के हमले में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुनील आचय्या की पत्नी संध्या आचय्या की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, संध्या आचय्या तितिमति क्षेत्र के निकट कोनानाकट्टे गांव स्थित एक कॉफी बागान में कार्यों का निरीक्षण करने गई थीं। इसी दौरान उन पर एक जंगली हाथी ने हमला कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल संध्या आचय्या ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सुनील आचय्या वर्तमान में RAW के स्पेशल सेक्रेटरी हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने उन्हें फोन कर शोक संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार, शिवकुमार ने कहा, 'यह बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना है। इस खबर से मुझे गहरा दुख पहुंचा है। हम इस कठिन समय में आपके और आपके परिवार के साथ हैं। ईश्वर आपको इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करें।' उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जंगली हाथियों के बढ़ते खतरे से निपटने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए हैं।
 

पहली बार अर्धसैनिक बलों के हवाले होंगे नीट-यूजी परीक्षा केंद्र

21 जून को दोबारा नीट यूजी परीक्षा को लेकर केंद्र और राज्यों की शुक्रवार को कई स्तर पर उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था अर्धसैनिक बलों को सौंपने का फैसला किया गया। पेपर लीक से जुड़े तार वाले पुणे और लातूर केंद्रों पर विशेष सुरक्षा, सीसीटीवी से निगरानी और सोशल मीडिया पर अफवाहों को रोकने जैसे अहम निर्देश दिए जा चुके हैं। बैठक में जम्मू कश्मीर, चंडीगढ़, बिहार व छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव के अलावा पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारी भी जुड़े थे। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी  की ओर से बताया कि नए प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। परीक्षा में 23 लाख अभ्यर्थी शामिल होने वाले हैं। परीक्षा केंद्रों पर ड्रोन से भी नजर रखी जाएगी।

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित वायुसेना के नए वाइस चीफ बने

केंद्र सरकार ने एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को वायुसेना का नया वाइस चीफ नियुक्त किया है। वह 1 जुलाई को अपना पदभार ग्रहण करेंगे। दिसंबर 1986 में वायुसेना के फाइटर स्ट्रीम में कमीशन पाने वाले एयर मार्शल दीक्षित का सैन्य सफर लगभग चार दशकों का है। उनके पास मिराज-2000, मिग-21 और जगुआर जैसे लड़ाकू विमानों सहित 20 से ज्यादा तरह के एयरक्राफ्ट उड़ाने का 3,300 घंटों का अनुभव है। उन्होंने कारगिल युद्ध के दौरान ऑपरेशन सफेद सागर तथा रक्षक में भाग लिया है। वह परम विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल, वायु सेना मेडल और विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित है।

दिल्ली में 8 जून को INDIA गठबंधन की अहम बैठक
विपक्षी गठबंधन INDIA (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) की अहम बैठक 8 जून को दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित की जाएगी। बैठक में गठबंधन के प्रमुख दलों के वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

तमिलनाडु इंजीनियरिंग प्रवेश के लिए तीन लाख से अधिक छात्रों ने कराया पंजीकरण
तमिलनाडु इंजीनियरिंग प्रवेश (TNEA 2026) के लिए इस वर्ष 3 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया है। उच्च शिक्षा विभाग के तहत डायरेक्टरेट ऑफ टेक्निकल एजुकेशन (DOTE) के अनुसार, 5 जून तक कुल 3,01,519 छात्रों ने ऑनलाइन आवेदन किया। अधिकारियों का कहना है कि यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है। TNEA 2026 की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी, जिसमें पंजीकरण, शुल्क भुगतान, विकल्प भरना, सीट आवंटन और प्रवेश की पुष्टि शामिल है। प्रमाणपत्र सत्यापन के बाद 29 जून को रैंक सूची जारी की जाएगी, जबकि काउंसलिंग की तारीखें AICTE की मंजूरी मिलने के बाद घोषित होंगी। अधिकारियों के मुताबिक, NEET परीक्षा में हुई देरी और अनिश्चितता के कारण इस बार अधिक छात्रों ने इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों की ओर रुख किया है। काउंसलिंग जुलाई के दूसरे सप्ताह में शुरू होने की संभावना है। तमिलनाडु में इंजीनियरिंग प्रवेश 12वीं कक्षा के अंकों के आधार पर होता है और इसके लिए कोई प्रवेश परीक्षा नहीं ली जाती।

केरल हाईकोर्ट के फैसले का कांग्रेस-भाजपा ने किया स्वागत
केरल हाईकोर्ट द्वारा कोचिन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (CMRL) की उस अपील को खारिज किए जाने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है, जिसमें कंपनी ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच को चुनौती दी थी। कांग्रेस और भाजपा दोनों ने अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए मामले में भ्रष्टाचार के आरोपों की गहन जांच की मांग की है। कांग्रेस विधायक मैथ्यू कुजहलनादन और भाजपा नेता शोन जॉर्ज ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होने पर कथित भ्रष्टाचार के तार उच्च स्तर तक पहुंच सकते हैं। शोन जॉर्ज की शिकायत पर ही गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (SFIO) ने CMRL के वित्तीय लेनदेन की जांच शुरू की थी, जिसके आधार पर बाद में ED ने मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया।

आरोप है कि पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीणा टी की अब बंद हो चुकी कंपनी एक्सालॉजिक को CMRL से बिना कोई सेवा दिए भुगतान किया गया। भाजपा का दावा है कि यह राशि रिश्वत के रूप में दी गई थी। केरल हाईकोर्ट की खंडपीठ ने शुक्रवार को CMRL की अपील खारिज करते हुए ED को जांच जारी रखने की अनुमति दी। इससे पहले 26 मई को एकल पीठ ने भी कहा था कि SFIO की अंतिम रिपोर्ट या एफआईआर से पहले भी ED धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत जांच कर सकती है। इसी आदेश के बाद 27 मई को ED ने वीणा विजयन और अन्य संबंधित लोगों के परिसरों पर छापेमारी भी की थी। हालांकि, इन आरोपों पर पिनराई विजयन की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

तीर्थयात्रियों से भरी टेंपो वैन की टिपर लॉरी से टक्कर, दो की मौत
केरल के मलप्पुरम जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, तीर्थयात्रा से लौट रही एक टेंपो वैन की कोझिकोड-पलक्कड़ राज्य राजमार्ग पर पुलिक्कल के पेरियंबलम इलाके में एक टिपर लॉरी से टक्कर हो गई। हादसा रात करीब 12:30 बजे उस समय हुआ जब क्षेत्र में भारी बारिश हो रही थी। मृतकों की पहचान टेंपो वैन चालक राजू (38) और यात्री रेमानी (65) के रूप में हुई है, जो पलक्कड़ के निवासी थे। वाहन में करीब 25 यात्री सवार थे।

हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। सभी घायलों को मलप्पुरम और कोझिकोड के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें से 16 घायलों का इलाज कोझिकोड मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, टिपर लॉरी चालक समेत चार लोगों को कोंडोट्टी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मणिपुर में शांति बहाली पर मंथन, CRPF प्रमुख ने राज्यपाल से की मुलाकात
मणिपुर में सुरक्षा स्थिति और उग्रवाद के खात्मे को लेकर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात की। बैठक में राज्य में उग्रवाद समाप्त करने और स्थायी शांति बहाल करने के लिए CRPF की व्यापक रणनीति पर चर्चा हुई। यह बैठक ऐसे समय हुई जब कांगपोकपी जिले में सशस्त्र हमलावरों के हमले में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हमले के दौरान कम से कम सात घरों में भी आग लगा दी गई। यह घटना शुक्रवार तड़के सैतू-गामफाजोल उपखंड के लोइबोल खुल्लेन गांव में हुई।

राजभवन की ओर से जारी बयान के अनुसार, CRPF अधिकारियों ने राज्यपाल को मौजूदा सुरक्षा हालात और राज्यभर में लागू किए जा रहे सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। नागरिकों की सुरक्षा, शांति एवं स्थिरता बनाए रखने और उभरती चुनौतियों से निपटने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस ने बताया कि हमले में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। गौरतलब है कि मई 2023 से मैतेई और कुकी समुदायों के बीच हिंसा में 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।

तमिलनाडु में AIADMK की बढ़ीं मुश्किलें
तमिलनाडु में विपक्षी एआईएडीएमके को शनिवार को एक और बड़ा झटका लगा, जब पार्टी के चार पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक सत्तारूढ़ टीवीके (TVK) में शामिल हो गए। टीवीके मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री उडुमलाई के. राधाकृष्णन, एम.सी. संपत, कडंबूर सी. राजू और एन.आर. शिवापति ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में हार के बाद एआईएडीएमके लगातार आंतरिक संकट से जूझ रही है। चुनाव के बाद पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता टीवीके का दामन थाम चुके हैं। इससे पहले 29 मई को 300 से अधिक एआईएडीएमके सदस्य टीवीके में शामिल हुए थे, जिनमें कई पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक भी शामिल थे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि टीवीके प्रमुख विजय की बढ़ती राजनीतिक पकड़ और एआईएडीएमके में जारी असंतोष के कारण पार्टी में टूट का सिलसिला जारी है। चार पूर्व मंत्रियों का जाना एआईएडीएमके के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

शुहैब हत्या मामले में अदालत सख्त, आरोपियों की दोनों याचिकाएं खारिज
केरल के बहुचर्चित मट्टनूर शुहैब हत्या मामले में शनिवार को अदालत ने आरोपियों को बड़ा झटका दिया। तलश्शेरी अतिरिक्त सत्र न्यायालय ने मामले की सुनवाई किसी अन्य अदालत में स्थानांतरित करने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश डेनी सी. जे. ने मुख्य आरोपी आकाश एम. वी., राजिल राज और जितिन ए. द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई के बाद इसे खारिज कर दिया। अदालत ने आरोपियों की उस अलग याचिका को भी खारिज कर दिया, जिसमें मुकदमे की कार्यवाही पर रोक लगाने की मांग की गई थी।

गौरतलब है कि यूथ कांग्रेस नेता एस. पी. शुहैब की 12 फरवरी 2018 को मट्टनूर के निकट एडायन्नूर में कथित तौर पर सीपीआई(एम) समर्थकों द्वारा हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कुल 17 आरोपी हैं। यह मामला उस समय काफी चर्चित हुआ था जब शुहैब के परिवार और कांग्रेस ने सीबीआई जांच की मांग को लेकर केरल हाईकोर्ट का रुख किया था। हालांकि, हाईकोर्ट और बाद में सुप्रीम कोर्ट ने भी सीबीआई जांच की मांग को खारिज कर दिया था।

हाल ही में ट्रायल कोर्ट ने आरोपियों की जमानत रद्द कर दी थी, लेकिन बाद में केरल हाईकोर्ट ने उन्हें राहत देते हुए जमानत बहाल कर दी। इसके बाद आरोपियों ने निष्पक्ष सुनवाई का हवाला देते हुए मुकदमे को दूसरी अदालत में स्थानांतरित करने की मांग की थी, जिसे अब अदालत ने खारिज कर दिया है।

धान खरीद को गति देने के लिए ओडिशा ने बढ़ाई मिलिंग फीस
ओडिशा सरकार ने धान खरीद प्रक्रिया को सुचारु बनाने और राइस मिलर्स को राहत देने के उद्देश्य से चावल मिलिंग शुल्क में दो गुना वृद्धि करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) द्वारा जारी बयान के अनुसार, उसना (पारबॉयल्ड) चावल की मिलिंग फीस 20 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 40 रुपये प्रति क्विंटल कर दी गई है। वहीं, अरुआ (कच्चे) चावल की मिलिंग फीस 10 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 20 रुपये प्रति क्विंटल कर दी गई है।

अधिकारियों के अनुसार, लंबे समय से राइस मिलर्स श्रम लागत, ईंधन कीमतों और अन्य परिचालन खर्चों में वृद्धि का हवाला देते हुए मिलिंग शुल्क बढ़ाने की मांग कर रहे थे। सरकार का मानना है कि इस फैसले से मिलर्स को प्रोत्साहन मिलेगा और राज्य की धान प्रसंस्करण व्यवस्था मजबूत होगी। सरकार ने कहा कि बढ़ा हुआ मिलिंग शुल्क तत्काल प्रभाव से लागू होगा। इससे धान खरीद और चावल भंडारण की प्रक्रिया अधिक सुगम होगी तथा किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़े अन्य हितधारकों को भी अप्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

मेट्टूर बांध से पानी मिलने की उम्मीद कम
तमिलनाडु में कावेरी डेल्टा क्षेत्र के किसानों को इस साल कुरुवई धान की खेती के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। पीएमके नेता अंबुमणि रामदास ने राज्य सरकार से मांग की है कि मेट्टूर बांध से 12 जून को पानी छोड़े जाने की संभावना न होने के कारण भूजल के उपयोग से खेती करने वाले किसानों को विशेष सहायता दी जाए। उन्होंने कहा कि मेट्टूर बांध में वर्तमान में केवल 41.60 टीएमसी पानी है, जो इसकी कुल क्षमता 93.47 टीएमसी का आधा भी नहीं है। वहीं, कर्नाटक के कावेरी बेसिन के प्रमुख जलाशयों में भी जलस्तर काफी कम है, जिससे वहां से पानी मिलने की उम्मीद नहीं है। रामदास ने चेतावनी दी कि समय पर पानी नहीं मिलने पर कुरुवई खेती का रकबा पिछले वर्ष के 6.13 लाख एकड़ से घटकर 3 लाख एकड़ से भी कम हो सकता है। उन्होंने किसानों को बीज, उर्वरक, सूक्ष्म पोषक तत्वों पर सब्सिडी, 24 घंटे बिजली और प्रति एकड़ 5,000 रुपये डीजल सब्सिडी देने की मांग की।

मंत्री केएम शाजी की तस्वीर से फर्जी पोस्ट वायरल
केरल के स्थानीय स्वशासन विभाग (LSGD) मंत्री केएम शाजी की तस्वीर का इस्तेमाल कर सोशल मीडिया पर प्रसारित एक फर्जी पोस्ट के मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि यह पोस्ट भवन निर्माण परमिट शुल्क में कटौती का झूठा दावा कर रही थी। तिरुवनंतपुरम सिटी साइबर पुलिस ने मंत्री के करीबी व्यक्ति द्वारा शुक्रवार को दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया। शिकायत में कहा गया है कि फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर एक सोशल मीडिया कार्ड वायरल किया गया, जिसमें मंत्री शाजी की तस्वीर लगाकर दावा किया गया कि कुछ वर्ष पहले बढ़ाई गई भवन निर्माण परमिट शुल्क को विभाग ने वापस ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, यह दावा पूरी तरह भ्रामक और फर्जी है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और केरल पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस फर्जी पोस्ट के स्रोत और इसे प्रसारित करने वालों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री की तस्वीर वाले एक अन्य फर्जी पोस्ट की भी जांच चल रही है।

टिपर लॉरी से टकराई स्कूटर, 14 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत
केरल के कोल्लम जिले में शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान आयथ निवासी सलमान फारिस के रूप में हुई है। हादसा सुबह करीब 7:30 बजे पालकुलंगारा इलाके में हुआ, जब सलमान अपनी मां के साथ स्कूटर पर यात्रा कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, स्कूटर चालक ने एक टिपर लॉरी को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी सामने से आ रहे एक दोपहिया वाहन से हल्की टक्कर हो गई। इसके बाद स्कूटर का संतुलन बिगड़ गया और वह लॉरी के नीचे जा गिरा। हादसे में मां और बेटा स्कूटर से उछलकर अलग-अलग दिशाओं में जा गिरे। सलमान लॉरी के नीचे आ गया, जिससे वाहन उसके ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से घायल किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ट्रेन में नशे में धुत यात्री ने युवक पर किया चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार
केरल में शनिवार को एक चलती ट्रेन में कथित तौर पर नशे में धुत सहयात्री द्वारा एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, घायल युवक को गंभीर चोटें आईं और उसके शरीर पर 35 टांके लगाने पड़े। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। यह घटना पुडुचेरी के कराईकल और एर्नाकुलम जंक्शन के बीच चलने वाली कराईकल एक्सप्रेस में तड़के हुई। शोरनूर रेलवे पुलिस के मुताबिक, दोनों यात्रियों के बीच विवाद तब शुरू हुआ जब एक व्यक्ति गलती से दूसरे यात्री के पैर से टकराकर गिर गया। विवाद बढ़ने पर नशे की हालत में मौजूद आरोपी ने कथित तौर पर युवक पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद रेलवे पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मणिपुर में चार उग्रवादी गिरफ्तार, एक ड्रग तस्कर भी पकड़ा गया
मणिपुर में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े चार उग्रवादियों और एक कथित ड्रग तस्कर को अलग-अलग जिलों से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, तेंगनौपाल जिले से गुरुवार को दो उग्रवादियों निंगथौजाम थौरंगबा और अहोंगशांगबाम मोमोचा सिंह को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा, काकचिंग जिले के वाबागाई थिंगेल लीकाई क्षेत्र से पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के एक सक्रिय सदस्य को शुक्रवार को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, वह कथित तौर पर हथियारों की तस्करी में शामिल था। इसी तरह, प्रतिबंधित संगठन केसीपी (एमएफएल) के एक सक्रिय कैडर को गुरुवार को इंफाल पश्चिम जिले के लामसांग माखा लीकाई इलाके से गिरफ्तार किया गया। एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने जिरीबाम जिले से बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी 30 वर्षीय पंकज कुमार राय को कथित ड्रग तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से याबा टैबलेट बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार, सभी मामलों में आगे की जांच जारी है।

विशाखापत्तनम पोर्ट ने रचा इतिहास, 292 मीटर लंबे केप-साइज जहाज की सफल बर्थिंग
विशाखापत्तनम बंदरगाह ने समुद्री व्यापार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए 292 मीटर लंबे केप-साइज बल्क कैरियर पोत को सफलतापूर्वक अपने इनर हार्बर में खड़ा किया है। विशाखापत्तनम पोर्ट अथॉरिटी (VPA) ने शुक्रवार को बताया कि एमवी ग्रेशियस नामक यह विशाल पोत EQ-1 बर्थ पर सफलतापूर्वक लगाया गया। 45 मीटर चौड़े और 12.2 मीटर ड्राफ्ट वाले इस जहाज को केप-साइज बल्क कैरियर श्रेणी में रखा जाता है, जो लगभग दो लाख टन तक माल ढोने में सक्षम होते हैं। इन जहाजों का आकार इतना बड़ा होता है कि वे पनामा नहर से नहीं गुजर सकते और उन्हें केप ऑफ गुड होप के रास्ते यात्रा करनी पड़ती है। VPA के अनुसार, यह उपलब्धि ऐतिहासिक है क्योंकि अब बंदरगाह के पास एक से अधिक केप-कम्प्लायंट बर्थ उपलब्ध हैं। इससे बड़े मालवाहक जहाजों को संभालने की क्षमता बढ़ेगी और बंदरगाह की कार्गो हैंडलिंग क्षमता को भी मजबूती मिलेगी। प्राधिकरण ने इसे समुद्री व्यापार की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed