फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   today news updates bjp foundation day amit shah best wishes pm modi lok sabha election maharashtra

Updates: ओडिशा में दो सड़क हादसे, चार लोगों की मौत; ठाणे में 26 लाख का अवैध तंबाकू जब्त, पढ़ें बड़ी खबरें

Sat, 06 Apr 2024 10:36 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: नितिन गौतम Updated Sat, 06 Apr 2024 10:36 PM IST
सार

हादसा जाजपुर जिले में हुआ, जिसमें पिता-पुत्र की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सैंदा जेना और उनके बेटे मुना जेना के रूप में हुई। दोनों एक रिश्तेदार के यहां से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। 

विज्ञापन
today news updates bjp foundation day amit shah best wishes pm modi lok sabha election maharashtra
News Updates - फोटो : AMAR UJALA

विस्तार

भाजपा आज अपना 44वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर पार्टी के कई नेताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर बधाई दी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में पार्टी कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की बधाई दी और पार्टी के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं को सैल्यूट पेश किया। 
विज्ञापन


अमित शाह ने लिखा कि 'सभी कार्यकर्ताओं को भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की अनंत शुभकामनाएं। भाजपा को विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनाने की यात्रा में अपना जीवन समर्पित करने वाले असंख्य कार्यकर्ताओं का वंदन करता हूं। संगठन के प्रति अटूट समर्पण, काम के प्रति निष्ठा से दिन रात देशवासियों की आशा और आकांक्षा को सशक्त बनाया है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा गरीब कल्याण, सांस्कृतिक विरासतों के पुनर्निर्माण का पर्याय बनकर भारत के निर्माण में सहयोग दे रही है।'
विज्ञापन

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी दी बधाई

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर साझा पोस्ट में लिखा कि 'भाजपा के सभी वरिष्ठ नेताओं को सादर नमन, जिन्होंने अपने त्याग, समर्पण और मेहनत से संगठन को राष्ट्रव्यापी विस्तार प्रदान किया। सभी कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। पीएम मोदी के नेतृत्व में सभी कार्यकर्ता विकसित भारत निर्माण का संकल्प लेकर विजय पथ पर अग्रसर हैं।'
विज्ञापन

झारखंड में भाजपा की नेता सीता सोरेन ने कहा, 'मैं दुर्गा सोरेन की मृत्यु की जांच की मांग करती हूं। उनकी मौत संदेहास्पद स्थिति में हुई है, मैंने JMM में रहकर यह मुद्दा कई बार उठाया लेकिन वहां हमारी बातों को टाल दिया जाता था। हम उनकी मृत्यु की जांच की मांग कर रहे हैं। आने वाले दिनों में हमारी सरकार बन रही है... सभी चीज़ों की जांच होगी... 14 की 14 लोकसभा सीटें हम जीतेंगे।'
 
विज्ञापन

डीआरआई ने जब्त किया पांच किलो सोना

राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने तटरक्षक बल और कस्टम विभाग के साथ संयुक्त ऑपरेशन चलाकर तमिलनाडु में समुद्र से करीब पांच किलो सोना जब्त किया है। यह सोना श्रीलंका से अवैध रूप से भारत लाया जा रहा था। डीआरआई ने 5 अप्रैल को बयान जारी कर यह जानकारी दी। इस ऑपरेशन में मंडपम में वेधालाई तट पर एक नौका से यह अवैध सोना जब्त किया। इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ चल रही है। 
 

महाराष्ट्र में पुणे के पिंपरी चिंचवाड़ इलाके में एक बड़ा हादसा हुआ है। दरअसल यहां आग लगने से स्क्रैप की करीब 150 दुकानें जलकर खाक हो गई हैं। आग बीती रात करीब डेढ़ बजे लगी। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। 
 

ओडिशा में सड़क हादसे में चार की मौत

ओडिशा में शनिवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, वहीं 15 लोग घायल हुए हैं। एक हादसे में गंजम जिले के सोमपुर स्कवायर में एक पिकअप गाड़ी पलट गई। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। मरने वाले लोग डांडा नाटा (लोककला) ग्रुप के सदस्य थे। ये लोग एक शो में हिस्सा लेकर दो पिकअप गाड़ियों में खेती बेरहमपुर लौट रहे थे। उसी दौरान हादसा हो गया। दूसरा हादसा जाजपुर जिले में हुआ, जिसमें पिता-पुत्र की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सैंदा जेना और उनके बेटे मुना जेना के रूप में हुई। दोनों एक रिश्तेदार के यहां से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। जिसमें दोनों की मौत हो गई। 
 

ठाणे में 26 लाख रुपये का अवैध तंबाकू जब्त
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में पुलिस ने 26.28 लाख रुपये मूल्य के प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद जब्त किए और एक टेम्पो चालक को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि अपराध शाखा की एक टीम ने गुरुवार दोपहर शहर के प्रवेश द्वार पर टेम्पो को रोका और वाहन में छिपाकर रखा गया मादक पदार्थ बरामद किया। उन्होंने बताया कि टेम्पो चालक रामकृत लट्टू यादव (40) को गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारी ने कहा कि चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और एफडीए नियमों की संबंधित धाराओं के तहत पहली सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज की गई है।

केरल : पशुचिकित्सा छात्र की मौत की जांच सीबीआई करेगी

पशु चिकित्सा छात्र सिद्धार्थन जेएस (20) की मौत की जांच सीबीआई करेगी। सिद्धार्थ का शव 18 फरवरी को वायनाड जिले में कॉलेज छात्रावास के बाथरूम के अंदर लटका हुआ मिला था। सिद्धार्थन के परिवार ने आरोप लगाया था कि उनके बेटे के साथ रैगिंग की गई थी। इसमें सीपीआई-एम के छात्र संगठन एसएफआई के कार्यकर्ता भी शामिल थे। उन्होंने सीबीआई जांच की मांग की थी।

दूसरी तरफ, जांच एजेंसी ने इस संबंध में केंद्र सरकार की ओर से आदेश मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर शुक्रवार देर रात 20 लोगों के खिलाफ वायनाड के विथिरी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज किया। सभी आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश, आत्महत्या के लिए उकसाना, गलत तरीके से रोकना, स्वेच्छा से चोट पहुंचाना और केरल के रैगिंग विरोधी कानून से संबंधित आईपीसी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रक्रिया के मुताबिक सीबीआई ऐसे राज्य संदर्भित मामलों में स्थानीय पुलिस की एफआईआर को दोबारा दर्ज करके जांच शुरू करती है।

अधिकारियों ने कहा कि सीबीआई की एक टीम फोरेंसिक टीम के साथ जल्द ही राज्य का दौरा करेगी। बता दें कि राजनीतिक हंगामे के बाद केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने 9 मार्च को सीबीआई जांच का आश्वासन दिया था।

यौन उत्पीड़न के आरोप में असम पुलिस का अधिकारी बर्खास्त
असम पुलिस सेवा (एपीएस) के एक अधिकारी को दरांग जिले में एक लड़की के यौन उत्पीड़न और हत्या से संबंधित मामले में सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है और भविष्य में रोजगार के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया है।  डीजीपी जीपी सिंह ने शनिवार को कहा कि असम पुलिस में कदाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति का अनुसरण किया जाता है। ऐसे में राज मोहन रे एपीएस, तत्कालीन पुलिस अधीक्षक दर्रांग को सेवा से बर्खास्तगी का दंड दिया गया है, जो आमतौर पर भविष्य के रोजगार के लिए अयोग्य होगा। बता दें कि 13 वर्षीय लड़की के यौन उत्पीड़न और हत्या के समय राज मोहन दरांग जिले के एसपी थे। वारदात के दो महीने बाद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने लड़की के परिवार से मुलाकात की निर्देशों के अनुसार, शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम किया गया, जिसमें पीड़िता के साथ यौन उत्पीड़न और हत्या की पुष्टि हुई।

आंध्र प्रदेश मे भालू की हत्या करने वाले चार लोग गिरफ्तार
आंध्र प्रदेश में एक स्लॉथ भालू को बिजली से मारने और उसके शव के कुछ हिस्सों को अपने पास रखने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में नंदयाला जिले के आत्मकुरु वन प्रभाग के वन अधिकारियों ने एन येसुरत्नम, एम शिकामणि, वी मनु सद्गुण राव और एन साई कुमार को गिरफ्तार किया है। वन विभाग द्वारा एक  प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि शुक्रवार की सुबह एक गुप्त सूचना के आधार पर, दो आरोपियों शिकमणी और राव को आत्मकुरु में सूर्या गार्डन लॉज के पास से पकड़ा गया। उनके पास से भालू के कई कटे हुए अंग बरामद हुए। वन अधिकारियों के अनुसार, 10 दिन पहले कोठापल्ली मंडल के शिवपुरम गांव में कृषि क्षेत्र में आरोपियों ने भालू को बिजली का झटका देकर मार डाला था। उनका इरादा इसके अंगों को कामोत्तेजक के रूप में इस्तेमाल करने का था। चारों आरोपियों को शनिवार को आत्मकुरु कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर लिया गया ।

आईएनएस शारदा को मिला ‘ऑन-द-स्पॉट यूनिट प्रशस्ति पत्र’
नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने समुद्र में समुद्री डकैती रोधी अभियानों के सफल संचालन के लिए आईएनएस शारदा को 'ऑन-द-स्पॉट यूनिट प्रशस्ति पत्र' से सम्मानित किया है। भारतीय नौसेना द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि जहाज ईरानी मछली पकड़ने वाले जहाज ओमारी के सभी 19 चालक दल के सदस्यों की सुरक्षित रिहाई में शामिल था। ओमारी को सोमालिया के पूर्वी तट पर समुद्री डाकुओं ने बंधक बना लिया था। त्वरित और निर्णायक कार्रवाई के परिणामस्वरूप अपहृत मछली पकड़ने वाले जहाज और उसके चालक दल को सोमाली समुद्री डाकुओं से बचाया गया। नौसेना के प्रवक्ता ने कहा कि समुद्री डकैती रोधी अभियानों के लिए तैनात जहाज और मिशन के अथक प्रयास ने हिंद महासागर क्षेत्र में नाविकों की सुरक्षा बढ़ाने के भारतीय नौसेना के संकल्प को बरकरार रखते हुए समुद्र में बहुमूल्य जिंदगियां बचाईं।

दक्षिण पश्चिमी बंगाल में तेज गर्जना के साथ बारिश की संभावना
दक्षिणी पश्चिम बंगाल के लोगों को प्रचंड गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने शनिवार को उत्तरी बांग्लादेश के ऊपर एक चक्रवात बनने के कारण गरज के साथ बारिश होने की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग ने कहा कि क्षेत्र के कई जिलों में लू की स्थिति बनी हुई है। पानागढ़ में राज्य में सबसे अधिक तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद बांकुरा में 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तरी बांग्लादेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और बंगाल की खाड़ी से नमी के कारण सोमवार तक इस क्षेत्र में और उत्तरी पश्चिम बंगाल में बुधवार तक बिजली और तेज हवा के साथ तूफान आने का अनुमान है। पूर्वानुमान में कहा गया है कि दक्षिणी पश्चिम बंगाल, जहां पिछले एक सप्ताह में दिन के तापमान में लगातार वृद्धि देखी गई है, वहां पारे के स्तर में तीन से चार डिग्री की गिरावट देखने को मिलेगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

मुंबई के नायर डेंटल कॉलेज हॉस्टल बिल्डिंग में लगी आग
मुंबई सेंट्रल में नायर अस्पताल और डेंटल कॉलेज छात्रावास भवन की 10वीं मंजिल पर एक कमरे में शनिवार शाम आग लग गई। हालांकि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ क्योंकि आग बिजली के तारों और अन्य फिटिंग तक ही सीमित रही और 20 मिनट के भीतर बुझ गई। बताया गया है कि 11 मंजिला छात्रावास भवन की 10वीं मंजिल पर स्थित एक कमरे में शाम करीब 6.44 बजे आग लगी। शुक्र इस बात का रहा कि आग बिजली के तारों, प्रतिष्ठानों, एक बिस्तर, लकड़ी की अलमारी, किताबों और कपड़ों तक ही सीमित थी। फायर ब्रिगेड अधिकारी ने कहा कि बिजली काटने के बाद शाम करीब सात बजकर पांच मिनट पर लोगों ने आग बुझा ली गई।

भरूच में भागवत ने प्रबुद्ध जनों के साथ किया संवाद
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत शनिवार को अपने तीन दिवसीय गुजरात दौरे के पहले दिन भरूच में प्रबुद्ध जनों के साथ एक संवाद सत्र में शामिल हुए। रात्रि प्रवास के लिए अहमदाबाद जाने से पहले वह रविवार को वडोदरा में एक अन्य बुद्धिजीवियों की बैठक में भाग लेंगे। स्थानीय आरएसएस नेताओं ने कहा कि वह सोमवार सुबह गुजरात छोड़ देंगे। रविवार सुबह, भागवत दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास नर्मदा जिले के गरुड़ेश्वर में नर्मदा नदी के तट पर दत्त मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे।

महाराष्ट्र पुलिस: स्पा पर छापेमारी कर देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

नागपुर पुलिस की सामाजिक सुरक्षा शाखा (एसएसबी) ने एक स्पा से संचालित देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया और तीन लड़कियों को बचाया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों में से एक व्यक्ति दीनदयाल नगर इलाके में स्थित स्पा का मालिक है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तीन आरोपियों में एक महिला भी शामिल है।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से 80,000 रुपये की नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री जब्त की है। उन्होंने बताया कि तीनों को अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है। अधिकारी ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है

कांग्रेस के 6 उम्मीदवार घोषित गोवा के सांसद का टिकट कटा
कांग्रेस ने छह और लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है जिनमें दो गोवा, तीन मध्य प्रदेश और एक दादर नगर हवेली की है। पार्टी ने दक्षिण गोवा सीट से अपने सांसद फ्रांसिस्को सरदिन्हा का टिकट काट दिया है। वहीं, मध्य प्रदेश में दो पूर्व सांसदों पर दांव लगाया है।

पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की तरफ से जारी सूची के मुताबिक पार्टी ने मध्य प्रदेश की मुरैना सीट पर पूर्व विधायक सतपाल सिंह सिकरवार व ग्वालियर में प्रवीण पाठक को प्रत्याशी बनाया है। पाठक भी पूवि विधायक हैं। वहीं, खंडवा से नरेंद्र पटेल पार्टी के उम्मीदवार होंगे। दादर नगर हवेली की एकमात्र लोकसभा सीट पर अजीत रामजी भाई महल कांग्रेस के प्रत्याशी होंगे। गोवा की दो संसदीय सीटों पर लंबा इंतजार खत्म करते हुए पार्टी ने दक्षिण गोवा से पूर्व नौसैनिक कैप्टन विरियाटो फर्नांडिस और उत्तरी गोवा से पूर्व केंद्रीय मंत्री रमाकांत खलप को मैदान में उतारने की घोषणा कर दी है। भाजपा ने उत्तर गोवा से अपने मौजूदा सांसद श्रीपाद येसो नाइक को ही उतारा है जबकि दक्षिण गोवा में पल्लवी डेम्पो उम्मीदवार हैं। 
 

विधायक पत्नी के साथ विचारधारा की लड़ाई में बसपा प्रत्याशी ने छोड़ा घर
मध्य प्रदेश के बालाघाट संसदीय क्षेत्र से बसपा उम्मीदवार कंकर मुंजारे ने अपना घर छोड़ दिया है, जिसे वह अपनी कांग्रेस विधायक पत्नी अनुभा मुंजारे के साथ साझा करते थे। कंकर ने बताया कि उन्होंने यह फैसला इसलिए किया  क्योंकि अलग-अलग विचारधाराओं वाले दो लोगों को चुनाव के दौरान एक छत के नीचे नहीं रहना चाहिए। विधायक और सांसद रह चुके मुंजारे ने बताया कि वह 19 अप्रैल को मतदान के बाद घर लौटेंगे। वह शुक्रवार को घर छोड़ने के बाद से एक बांध के पास झोपड़ी में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर दोनों लोग साथ रहेंगे तो लोगों को लगेगा कि यह मैच फिक्सिंग है। पत्नी अनुभा मुंजारे नवंबर 2023 के विधानसभा चुनावों में भाजपा के दिग्गज गौरीशंकर बिसेन को हराकर विधायक बनी थीं।

तमिलनाडु : तस्करी कर लाया गया 3.43 करोड़ का सोना जब्त
तटरक्षक बल (आईसीजी) और सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने एक संयुक्त कार्रवाई के तहत श्रीलंका से तस्करी कर लाया गया 3.43 करोड़ का 4.9 किलो का सोना तमिलनाडु के मंडपम से जब्त किया है। कहा जा रहा है कि अधिकारियों को आता देख तस्करों ने इसे यहां बीच समुद्र में फेंक दिया था। राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) को सोना तस्करी की सूचना मिली थी। 

 

फिर टल गया अग्निकुल का पहला रॉकेट लॉन्च कार्यक्रम
देश के प्रमुख स्पेस स्टार्टअप में से एक अग्निकुल कॉसमॉस ने तकनीकी खामियों के चलते शनिवार को फिर अपने पहले राकेट की लॉन्चिंग को टाल दिया है। इससे पहले 22 मार्च को भी लॉन्च को टाल दिया गया था। कंपनी को तय कार्यक्रम के मुताबिक शनिवार को पहले थ्रीडी प्रिंटेड रॉकेट अग्निबाण एसओआरटीईडी (सब आर्बिटल टेक्नोलाजी डिमान्स्ट्रेटर) को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित इसरो परिसर से लांच करना था।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed