आंखों के सामने ही एक-एक कर कुएं में समा गए परिवार के तीन लोग
उत्तर प्रदेश के हरदोई में बेहटा गोकुल थाने के पहाड़पुर में कुएं में उतरे एक ही परिवार के तीन लोगों की जहरीली गैस से दम घुटने से मौत हो गई। रात को यह हादसा कुएं में गिरी बछिया निकालने के लिए एक के बाद एक उसमें उतरने से हुआ। अग्निशमन कर्मियों ने मशक्कत कर तीनों को बाहर निकाला।
ग्राम पंचायत टोलवा आटदानपुर के मजरा पहाड़पुर निवासी रामरतन (50) डाक विभाग में पोस्टमैन थे। उनकी तैनाती गांव के ही पोस्ट आफिस में थी। रामरतन के घर के बाहर एक पुराना सूखा कुआं है।
बुधवार-गुरुवार रात करीब तीन बजे रामरतन की नींद खुली तो पास बंधी पड़िया गायब मिली। उसने टार्च जलाकर देखा तो पड़िया कुएं में गिरी दिखी। इस पर उसने बेटे मनोज (28), भाई चंद्रपाल (40) और राजेश (38) को बुलाया।
एक के बाद एक तीन मौतें
सीढ़ी लगाकर रामरतन कुएं में उतरा। पांच मिनट बाद वह नहीं निकला तो बेटा मनोज उतर गया। कुछ देर बाद मनोज भी बाहर नहीं निकला तो चंद्रपाल भी कुएं में उतर गया। जब तीनों बाहर नहीं निकले और कोई हलचल नहीं हुई तो परिवार के अन्य लोगों ने शोर मचाया। ग्रामीणों की सूचना पर एसओ बृजेश त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और अग्निशमन कर्मियों को बुलाया।
कुएं में जहरीली गैस होने की बात कहकर अग्निशमन कर्मियों ने ट्यूबवेल से कुएं में पानी भरवाया। इसके बाद रस्सी के सहारे कांटा डालकर तीनों लोगों को बाहर निकाला। जहरीली गैस के प्रभाव से कुएं में ही तीनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है।