{"_id":"5f3bff0006731b43344c8a32","slug":"three-day-conference-of-top-naval-commanders-to-begin-rajnath-singh-will-also-join-amid-tension-with-china","type":"story","status":"publish","title_hn":"हिंद महासागर में ताकत बढ़ाएगी भारतीय नौसेना, चीन से तनाव के बीच टॉप कमांडरों की बैठक","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
हिंद महासागर में ताकत बढ़ाएगी भारतीय नौसेना, चीन से तनाव के बीच टॉप कमांडरों की बैठक
Tue, 18 Aug 2020 09:47 PM IST
Rajeev Rai
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Rajeev Rai
Updated Tue, 18 Aug 2020 09:47 PM IST
विज्ञापन
हिन्द महासागर में भारतीय नौसेना (फाइल फोटो)
- फोटो : Social media
भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा पर तनाव अभी जारी है। दोनों ही देशों के बीच कई चरण की कमांडर स्तर की वार्ता के बावजूद अभी स्थिति सामान्य नहीं हो पाई है। पूर्वी लद्दाख में पैंगोंग त्सो के इलाके में चीन ने अपनी मौजूदगी बनाए रखी है और पीछे हटने को तैयार नहीं है। इधर भारत ने भी अपना रुख स्पष्ट कर रखा है और चीन की नापाक हरकतों का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
विज्ञापन
मौजूदा हालात को देखते हुए भारत ने अब चीन को कई अन्य मोर्चों पर भी घेरने की तैयारी शुरू कर दी है। भारत पूर्वी लद्दाख में चीन के साथ सीमा विवाद के मद्देनजर हिंद महासागर क्षेत्र में भी अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी में है। समुद्री सुरक्षा परिदृश्य की समीक्षा के लिए भारतीय नौसेना के शीर्ष कमांडर बुधवार से तीन दिवसीय सम्मेलन आयोजित करेंगे।
विज्ञापन
अधिकारियों ने बताया कि सम्मेलन का प्रमुख जोर भारतीय नौसेना की तैयारियों के साथ-साथ हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत के सुरक्षा हितों से संबंधित मुद्दों की समीक्षा करना होगा, जहां चीन तेजी से अपनी सैन्य उपस्थिति बढ़ा रहा है। भारतीय नौसेना ने एक बयान में कहा, ‘यह सम्मेलन हमारी उत्तरी सीमाओं पर हाल की घटनाओं और कोविड-19 के चलते उत्पन्न अभूतपूर्व चुनौतियों की पृष्ठभूमि में अधिक महत्व रखता है।’
विज्ञापन
इसमें कहा गया है कि नौसेना के कमांडर सेना के तीनों अंगों के बीच तालमेल सुनिश्चित करने के साथ ही दक्षता में सुधार करने के लिए नौसेना में कार्यात्मक पुनर्गठन पर भी विचार-विमर्श करेंगे। साथ ही सम्मेलन में हिंद-प्रशांत में बड़ी सुरक्षा जरूरतों पर भी चर्चा होगी।
कमांडर-इन-चीफ के साथ चीफ आफ नेवल स्टाफ नौसेना में संचालन, साजोसामान, मानव संसाधन, प्रशिक्षण और प्रशासनिक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे और भविष्य के कदमों पर भी विचार-विमर्श करेंगे। यह डिपोर्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स (डीएमए) बनाए जाने और प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) पद सृजित किए जाने के बाद नौसेना कमांडरों का होने वाला पहला सम्मेलन है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को सम्मेलन को संबोधित करने वाले हैं।
गौरतलब है कि भारतीय नौसेना ने सीमा विवाद बढ़ने के बाद चीन को स्पष्ट संदेश देने के लिए हिंद महासागर क्षेत्र में अपने कई युद्धपोतों और पनडुब्बियों की तैनाती की है।