Nitin Gadkari: गडकरी को धमकी देने वाले शख्स की हुई पहचान, बेलगावी जेल में बंद गैंगस्टर कांथा ने किया था फोन
नागपुर के पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमितेश कुमार ने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को जेल से धमकी मिल रही थी। कॉल करने वाला कुख्यात गैंगस्टर और हत्या का आरोपी जयेश कांथा है, जो कर्नाटक के बेलगावी जेल में बंद है।
विस्तार
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को को जान से मारने की धमकी देने वाले शख्स की पहचान हो गई है। नागपुर के पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमितेश कुमार ने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को जेल से धमकी मिल रही थी। कॉल करने वाला कुख्यात गैंगस्टर और हत्या का आरोपी जयेश कांथा है, जो कर्नाटक के बेलगावी जेल में बंद है। जेल के अंदर अवैध रूप से फोन का इस्तेमाल कर उसने गडकरी के कार्यालय को धमकी दी।
अमितेश कुमार ने बताया कि जेल प्रशासन ने आरोपी के पास से एक डायरी जब्त की है, नागपुर पुलिस की एक टीम जांच के लिए बेलागवी रवाना हुई है। नागपुर पुलिस ने प्रोडक्शन रिमांड मांगा है।नितिन गडकरी को पहले सात मिनट के अंदर दो बार कॉल किया गया, फिर एक घंटे बाद एक और कॉल करके धमकी दी गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक तीनों धमकी भरे कॉल गडकरी के नागपुर स्थित कार्यालय में सुबह 11.25 बजे और 11.32 बजे और 12.32 बजे आए थे।
नितिन गडकरी की सुरक्षा बढ़ाई गई: नागपुर डीसीपी
नागपुर के डीसीपी राहुल मदाने ने बताया कि नितिन गडकरी को तीन धमकी भरे फोन कॉल आए थे। गडकरी की मौजूदा सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उनके कार्यक्रम स्थल पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।एक अधिकारी ने बताया कि गडकरी के खामला इलाके में स्थित जनसंपर्क कार्यालय में सुबह 11 बजकर 25 मिनट से दोपहर साढ़े 12 बजे के बीच धमकी भरे तीन फोन आए। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार रात बताया कि फोन करने वाले की पहचान कर ली गई है और अपराध शाखा की एक टीम को कर्नाटक भेजा गया है।