{"_id":"67779719b283057d3a0b1950","slug":"those-doing-politics-over-my-apology-want-to-spread-unrest-in-the-state-cm-biren-singh-attacks-opposition-2025-01-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"Manipur: 'मेरी माफी पर राजनीति करने वाले राज्य में अशांति फैलाना चाहते हैं', सीएम बीरेन सिंह का विपक्ष पर हमला","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Manipur: 'मेरी माफी पर राजनीति करने वाले राज्य में अशांति फैलाना चाहते हैं', सीएम बीरेन सिंह का विपक्ष पर हमला
Fri, 03 Jan 2025 01:25 PM IST
बशु जैन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंफाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंफाल
Published by: बशु जैन
Updated Fri, 03 Jan 2025 01:25 PM IST
सार
मंगलवार को सीएम एन बीरेन सिंह ने मणिपुर के लोगों से माफी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि यह पूरा साल बेहद खराब रहा। मैं राज्य के लोगों से पिछले साल तीन मई से लेकर आज तक जो कुछ भी हुआ है, उसके लिए माफी मांगता हूं। इस पर विपक्ष ने सीएम एन बीरेन सिंह पर तंज कसा था।
विज्ञापन
मणिपुर के सीएम एन. बीरेन सिंह (फाइल तस्वीर)
- फोटो : ANI
विस्तार
मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह ने जातीय संघर्ष को लेकर माफी मांगने के बाद विपक्ष की ओर से किए गए हमलों का जवाब दिया है। सीएम एन बीरेन सिंह ने कहा कि मणिपुर संघर्ष को लेकर उनकी ओर से मांगी गई माफी पर जो लोग राजनीति कर रहे हैं, वे राज्य में अशांति फैलाना चाहते हैं। जबकि सरकार की प्राथमिकता शांति बहाल करना है। सीएम ने कहा कि अतीत बीत चुका है। अब समुदायों को साथ बैठकर संघर्ष का स्थायी समाधान खोजना चाहिए।
विज्ञापन
सीएम एन बीरेन सिंह ने कहा कि जो लोग मेरे बयान पर राजनीति कर रहे हैं, वे राज्य में अशांति फैलाना चाहते हैं। विपक्ष की कोई विचारधारा नहीं है। मैंने जो कहा वह दुख और शोक की अभिव्यक्ति थी। मेरी माफी उन लोगों से थी जो पीड़ित हैं और जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मुझे आतंकियों से माफी क्यों मांगनी चाहिए? मैं निर्दोष लोगों और उन लोगों से माफी मांग रहा हूं जो अपने घरों से विस्थापित हो गए। उन्होंने कहा कि मैं राज्य में रहने वाले समुदाय के सदस्यों को शांति संदेश देता हूं। एक बार फिर हमें माफ कर दें और और जो हुआ उसे भूल जाएं। अतीत अतीत है। हमें एक साथ बैठकर स्थायी समाधान निकालना चाहिए। प्राथमिकता शांति की बहाली होनी चाहिए।
विज्ञापन
संकट जटिल, सुलझाने में वक्त लगेगा
मुख्यमंत्री ने कहा, वर्तमान संकट जटिल है और इसे सुलझाने में समय लगेगा। हालांकि, केंद्र सरकार मणिपुर के लोगों की मांग के अनुसार कदम उठा रही है। 60 से 70 प्रतिशत मांगों को लागू किया गया है। लोगों को केंद्र पर विश्वास रखना चाहिए। तभी मणिपुर को बचाया जा सकता है और राज्य के लोगों की सुरक्षा की जा सकती है।
विज्ञापन
सीएम ने लोगों से मांगी थी माफी
मंगलवार को सीएम एन बीरेन सिंह ने मणिपुर के लोगों से माफी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि यह पूरा साल बेहद खराब रहा। मैं राज्य के लोगों से पिछले साल तीन मई से लेकर आज तक जो कुछ भी हुआ है, उसके लिए माफी मांगता हूं। कई लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया। कई लोगों ने अपना घर छोड़ दिया। मुझे इसका दुख है। पिछले तीन-चार महीनों में शांति की स्थिति देखकर मुझे उम्मीद है कि 2025 में राज्य में सामान्य स्थिति बहाल हो जाएगी।
जयराम रमेश ने लगाए थे आरोप
सीएम एन बीरेन सिंह की माफी के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री पर मणिपुर के लोगों को नजरअंदाज करने और जानबूझ कर मणिपुर का दौरा टालने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा, पीएम मोदी मणिपुर जाकर यह (माफी मांगने की बात) क्यों नहीं कह सकते?
लेफ्ट पार्टी ने भी घेरा था
सीएम की माफी पर लेफ्ट पार्टी ने कहा था कि मणिपुर में चल रहे संकट ने शासन व्यवस्था के पूरी तरह से विफल होने के सच को उजागर किया है। विपक्षी दल ने कहा, 'राज्य सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नागरिकों की सुरक्षा करने और न्याय सुनिश्चित करने में असफल रही है, जिसके कारण व्यापक दुख और असुरक्षा का सामना करना पड़ा है। मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह द्वारा व्यक्त की गई माफी संकट की गंभीरता और राज्य सरकार की नाकामी को स्वीकार करना है कि वह राज्य के लोगों के मुद्दों और चुनौतियों से निपटने में पूरी तरह से विफल रही है।
अजय कुमार भल्ला ने ली राज्यपाल पद की शपथ
शुक्रवार को अजय कुमार भल्ला ने मणिपुर के राज्यपाल के रूप में शपथ ली। इस मौके पर मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने राज्यपाल के रूप में अजय कुमार भल्ला की नियुक्ति की सराहना की। उन्होंने कहा कि मणिपुर में इस कठिन समय में एक बुद्धिमान और सक्षम व्यक्ति को राज्यपाल के रूप में भेजना, मणिपुर की समस्या को हल करने के प्रति मोदी सरकार की गंभीर चिंता को दर्शाता है। उन्होंने कहा, मैं भल्ला जी को अच्छे से जानता हूं। वह अनुभवी हैं और भारत सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। मणिपुर के राज्यपाल के रूप में एक ऐसे अनुभवी व्यक्ति को नियुक्त करना सरकार और मणिपुर के लोगों की तरफ से सराहनीय है।