कोरोना से जंग जीत घर लौटे 93 के थॉमस, 88 की मरियम्मा, 25 दिन बाद अस्पताल से मिली छुट्टी
- थॉमस अब्राहम और उनकी पत्नी मरियम्मा भारत में कोरोना को मात देने वाले सबसे वयोवृद्ध दंपति हैं
- इटली से केरल लौटे बेटे से हुआ संक्रमण, 25 दिन बाद अस्पताल से छुट्टी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
खतरनाक वायरस कोरोना से जंग जीतने वाले केरल के बुजुर्ग जोड़े को शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। 93 साल के थॉमस अब्राहम और 88 वर्षीय उनकी पत्नी मरियम्मा भारत में कोरोना को मात देने वाले सबसे वयोवृद्ध दंपति हैं। अपने बेटे से संक्रमित हुए थॉमस और मरियम्मा को नौ मार्च को कोट्टायम के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। तब से दोनों का इसी अस्पताल में इलाज चल रहा था।
डॉक्टरों ने बताया, दंपती संक्रमण से पूरी तरह मुक्त और स्वस्थ हैं। अस्पताल से छुट्टी देने से पहले दोनों का दोबारा कोरोना टेस्ट किया गया और रिपोर्ट निगेटिव आई। विशेषज्ञों ने इसे दुर्लभतम मामला करार दिया था। सफदरजंग अस्पताल में कोरोना मरीजों का इलाज कर रही टीम में शामिल डॉक्टर नीरज गुप्ता ने कहा था कि यह किसी चमत्कार से कम नहीं है।
ब्लड प्रेशर और शुगर की बीमारी
कोरोना को शिकस्त देने वाले थॉमस और मरियम्मा को ब्लड प्रेशर और शुगर की बीमारी है। बीमारी और बढ़ी हुई उम्र की वजह से दोनों की रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्यून सिस्टम) भी बेहद कमजोर थी। इस वजह से उनकी हालत काफी खराब हो गई थी, लेकिन बेहतर देखभाल और अच्छे इलाज के चलते दोनों संक्रमण मुक्त हो गए।
इटली से भारत आया था बेटा
थॉमस और मरियम्मा संभवत: इस वायरस के संक्रमण से मुक्त होने वाले देश के पहले और सबसे बुजुर्ग दंपति हैं। बताया जा रहा है कि इस दंपति में कोरोना का संक्रमण अपने बेटे के संपर्क में आने से फैला था। उनका बेटा इटली में रहता है और हाल ही में वह पत्नी के साथ भारत लौटा था। वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया था।