राहुल को चाय पिलाकर दिनेश बन गया सेलिब्रेटी, चाय-समोसा की बढ़ गई बिक्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राहुल गांधी और गुलामनबी आजाद को चाय पिला कर अतरारी चुंगी का चाय विक्रेता दिनेश मद्धेशिया और राहुल के साथ सेल्फी लेने वाला उसका पुत्र विक्रांत अब कस्बे का सेलिब्रेटी है। उसका कहना है कि राहुल के आने के बाद से उसका भाग्योदय हो गया है। रविवार से ही दूकान पर भीड़ लगने लगी है, चाय और समोसे की बिक्री बढ़ गई है। यहां आने वाला हर कोई यही जानने के लिए उत्सुक है कि राहुल से उसकी क्या बातें हुई, और उन्होंने नाश्ते में क्या खाया।
रविवार को किसान रथ के साथ आ रहे राहुल गांधी का सैकड़ों गाड़ियों का काफिला मुबारकपुर महुम्मदाबाद गोहना मार्ग पर अतरारी चुंगी के पास अचानक रुका तो उस छोटे बाजार में हलचल मच गई। राहुल गांधी की एक झलक पाने के लिए आसपास की दूकानों पर खड़े लोग अचानक उन्हें गाड़ी से उतरते देख अचकचा गए। जब तक कोई कुछ समझता राहुल पास की चाय की दूकान की ओर बढ़े तो चाय विक्रेता दिनेश मद्धेशिया भौचक्क हो गया। राहुल ने पहले उसे नमस्कार किया और फिर हाथ मिलाया, इसके बाद हालचाल पूछा।
राहुल को यूं अपने सामने पाकर दिनेश के मुंह से कुछ बोल ही नहीं फूट रहे थे, तभी राहुल ने पूछा, कुछ नाश्ता करा सकते है? दिनेश ने हां करने के साथ उनके सामने गरम इमरती के साथ समोसा और छनी हुई हरी मिर्च अखबार के टुकड़े पर परोस दी। दिनेश बताते हैं कि राहुल के खाने से पहले एसओजी के एक जवान ने पहले उसे चखा, उसके बाद राहुल ने खाना शुरू किया। राहुल गांधी और गुलाम नवी आजाद ने एक-एक समोसा और इमरती खाई और पानी पिया। इस बीच गरम चाय तैयार हो चुकी थी । एक चाय पीने के बाद राहुल ने एक और चाय मांगी और पीने के बाद आगे के सफर के लिए दस बोतल पानी गाड़ी में रखवाया।
250 के बिल के लिए राहुल ने दे दिए सात सौ रुपये
दिनेश के 250 रुपये के बिल के एवज में उन्होंने उसे सात सौ रुपये का भुगतान किया। चलते चलते उन्होंने उससे एक बार फिर से हाथ मिलाया और इमरती समोसा की तारीफ भी की। राहुल के जाने के बाद दिनेश की दूकान पर पहुंचने वालों का तांता लग गया है। हर कोई राहुल बारे में ही जानने को उत्सुक है।
सोमवार को दिनेश के पुत्र विक्रांत ने बताया कि दो दिनों से उसकी दुकान की बिक्री बढ़ गई है। दुकान पर आने वाला हर युवक राहुल गांधी द्वारा इमरती और समोसा खाने की जानकारी पर उसी की फरमाइश कर रहा है। राहुल के साथ सेल्फी ले चुका विक्रांत भी अब स्थानीय लोगों के लिए सेलिब्रेटी बन चुका है।