Big News: चार साल में 8.60 करोड़ ग्रामीण घरों तक पहुंचा नल से जल, न्यू इंडिया से जुड़ा होगा नया सेना भवन
मंत्रालय के मुताबिक, अभियान की शुरुआत हुई के समय देश के 3.23 करोड़ (16.55 फीसदी) ग्रामीण घरों तक नल से पानी पहुंच रहा था। 27 अप्रैल, 2023, तक यह आंकड़ा बढ़कर 11.84 करोड़ (60.87 फीसदी) हो गया है।
विस्तार
बीते चार वर्ष में देश के 8.60 करोड़ घरों तक नल से पानी पहुंचाया गया है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को बताया कि अगस्त, 2019 में प्रत्येक घर तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के लिए शुरू जल जीवन अभियान के तहत हर ग्रामीण घर तक नल से जल पहुंचाने का संकल्प लिया था।
मंत्रालय के मुताबिक, अभियान की शुरुआत हुई के समय देश के 3.23 करोड़ (16.55 फीसदी) ग्रामीण घरों तक नल से पानी पहुंच रहा था। 27 अप्रैल, 2023, तक यह आंकड़ा बढ़कर 11.84 करोड़ (60.87 फीसदी) हो गया है। केंद्र सरकार ने 2023-24 के बजट में अभियान के लिए 70,000 करोड़ आवंटित किए हैं।
न्यू इंडिया के दृष्टिकोण के तहत निर्मित किया गया सेना का नया मुख्यालय भवन
भविष्य की चुनौतियों का बेहतर तरीके से समाधान करने के लिए भारतीय सेना न्यू इंडिया के दृष्टिकोण के साथ अपना नया मुख्यालय भवन तैयार किया गया है। इसे पीएम मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट सेंट्रल विस्टा के अनुरूप बनाया गया है। यह भवन तकनीकी रूप से काफी उन्नत है और इसे बदलते समय की जरूरतों के हिसाब से तैयार किया गया है। इसका नाम थल सेना भवन होगा।
सेना जल्द ही अपना आधिकारिक कामकाज इस इमारत से करना शुरू कर देगी। भारतीय सेना ने भवन की तस्वीरें और वीडियो साझा किया है। नया थल सेना भवन दिल्ली छावनी में मानेकशॉ केंद्र के सामने होगा। इसके अंदर सेना के कई अलग-अलग दफ्तर होंगे, जो वर्तमान में दिल्ली के कई हिस्सों में फैले हुए हैं।
सूत्रों ने कहा, भवन का निर्माण जनवरी 2023 में शुरू हुआ था। इसे 27 महीनों में 832 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। सात मंजिला इमारत का परिसर 40 एकड़ क्षेत्रफल में है। इसमें सेना का लोगो डिजाइन, भूकंपरोधी इमारत, वातानुकूलित मशीनरी, इंटरेक्टिव कॉरिडोर, पूरी तरह से नेटवर्क ऑपरेशन रूम, डिजिटल इंटरफेस के साथ कॉन्फ्रेंसिंग रूम, सामुदायिक कैफेटेरिया और हेल्थ सेंटर, कॉमन लाइब्रेरी आदि सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
अणुब्रत की बेटी सुकन्या को तीन दिन की ईडी हिरासत में भेजा
दिल्ली की एक अदालत ने बृहस्पतिवार को पशु तस्करी से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में तृणमूल नेता अणुब्रत मंडल की बेटी सुकन्या मंडल को तीन दिन की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में भेज दिया। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका सुकन्या मंडल को ईडी ने पूछताछ के बाद बुधवार को गिरफ्तार किया था। मंडल को बृहस्पतिवार को विशेष न्यायाधीश रघुबीर सिंह के समक्ष पेश किया गया। अदालत ने सुकन्या मंडल को 30 अप्रैल तक ईडी की हिरासत में भेज दिया।
लेबलिंग त्रुटि के कारण एबॉट इंडिया ने वापस मंगाई थायरॉयड की दवा
मुंबई स्थित दवा निर्माता एबॉट इंडिया लेबलिंग त्रुटि के कारण थायरॉयड की बीमारी के इलाज में इस्तेमाल की जाने वाली प्रसिद्ध दवा थायरोनॉर्म टैबलेट का एक बैच स्वैच्छिक रूप से वापस मंगा लिया है। यह टैबलेट बाजार में प्लास्टिक की शीशियों में उपलब्ध कराई जाती है। गलत लेबल वाले इस बैच की बिलिंग केवल मध्य प्रदेश और तेलंगाना में की गई थी। इसे लेकर कंपनी ने एक सार्वजनिक नोटिस जारी किया। कंपनी ने कहा, वह इस साल मार्च में निर्मित थायरोनॉर्म टैबलेट के एक बैच को स्वेच्छा से वापस ले रही है।
विकलांग सैनिकों को पैरालंपिक स्पर्धाओं का प्रशिक्षण देगी सेना
युद्ध के मैदान या मुठभेड़ की स्थितियों में विकलांग हुए सैनिकों के पुनर्वास कार्यक्रम के तहत भारतीय सेना उन्हें पैरालंपिक आयोजनों के लिए प्रशिक्षण देगी। सूत्रों के अनुसार, उन्हें एथलेटिक्स, नौकायन, तीरंदाजी तैराकी, निशानेबाजी, पैरा लिफ्टिंग, कयाकिंग और कैनोइंग प्रतिस्पर्धाओं के लिए ओलंपिक विंग (एमओडब्ल्यू) के तहत आर्मी मार्कमैनशिप यूनिट, महू (शूटिंग), आर्मी पैरालंपिक नोड, किर्की और आर्मी रोइंग नोड, पुणे जैसे संस्थानों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
गैंडे के अवैध शिकार मामले में वांछित आरोपी किया गिरफ्तार
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बृहस्पतिवार को गैंडे के अवैध शिकार मामले में एक फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई ने नगालैंड में दीमापुर के ल्होमीठी गांव से आरोपी रैदांग इंगती को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी ने एक जुलाई, 2012 को हुए एक गैंडे के अवैध शिकार की जांच के लिए असम सरकार के अनुरोध पर मामला दर्ज किया था।
गेहूं की सरकारी खरीद में वृद्धि
इस साल गेहूं की खरीद लगातार बढ़ रही है। रबी मार्केटिंग सीजन (अप्रैल-मार्च) के दौरान 26 अप्रैल तक सरकार ने 195 लाख टन गेहूं की खरीद की है। पिछले साल इसी अवधि में यह खरीद 188 लाख टन थी। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इस खरीद के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के आधार पर 14.96 लाख किसानों को 41,148 करोड़ रुपये दिए गए हैं। इस खरीदी में सबसे अधिक योगदान पंजाब, हरियाणा और मध्यप्रदेश का है।
सुप्रीम कोर्ट ने जिला अदालतों को आपराधिक व सिविल मुकदमों के सभी रिकॉर्ड डिजिटलाइज करने का निर्देश दिया है। जस्टिस कृष्ण मुरारी और जस्टिस संजय करोल की पीठ ने कहा, सुप्रीम कोर्ट की ई-कमेटी ने 24 सितंबर, 2021 को डिजिटल संरक्षण के लिए एक एसओपी जारी किया था। सुप्रीम कोर्ट ने यह निर्देश इलाहाबाद हाईकोर्ट से भ्रष्टाचार के मामले में व्यक्ति को मिली सजा रद्द करते हुए दिया।
इस मामले में विचारणीय प्रश्न यह था कि क्या निचली अदालत के रिकॉर्ड के अभाव में, अपीलीय अदालत दोषसिद्धि को बरकरार रख सकती थी और जुर्माने की मात्रा बढ़ा सकती थी। पीठ ने कहा, न्यायिक प्रक्रिया के सुचारू कामकाज को सुविधाजनक बनाने के लिए सभी रिकॉर्डों की उचित सुरक्षा और नियमित अद्यतन सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदारी और जवाबदेही की एक मजबूत प्रणाली विकसित की जानी चाहिए और इसे बढ़ावा दिया जाना चाहिए। एजेंसी
भारत, ब्रिटेन की सेनाओं का 2 सप्ताह का सैन्य अभ्यास शुरू
समग्र सैन्य संबंधों को मजबूत करने के प्रयासों के तहत भारत और ब्रिटेन ने बृहस्पतिवार को ब्रिटेन के सैलिसबरी मैदानों में दो सप्ताह का सैन्य अभ्यास अजेय वारियर शुरू किया। यह 27 अप्रैल से 11 मई तक आयोजित होगा।
अधिकारियों ने कहा, दोनों देशों की सैन्याभ्यास के सातवें संस्करण में ब्रिटेन की 2 रॉयल गोरखा राइफल्स के सैनिक और भारत की बिहार रेजिमेंट के जवान भाग ले रहे हैं। इसके लिए भारतीय सेना का दल स्वदेशी हथियारों और उपकरणों के साथ बीते बुधवार को वायु सेना के सी-17 विमान से ब्रिज नॉर्टन पहुंचा।
अनाथ, अबला जैसे शब्दों का प्रयोग बंद होना चाहिए : भैयाजी जोशी
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ नेता भैयाजी जोशी ने कहा कि अब अनाथ और अबला (असहाय महिला) जैसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। एक सम्मान समारोह में उन्होंने कहा कि इस देश के करोड़ों लोगों के समाज में कोई अनाथ कैसे हो सकता है? इतने उन्नत समाज में कोई हाशिये पर कैसे रह सकता है? विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के कार्यों को देखते हुए यह आशा की जाती है कि अनाथ, अबला और उपेक्षित लोग जैसे शब्द अब प्रचलन में नहीं रहेंगे।
महाराष्ट्र में छात्रा से दुष्कर्म का आरोपी प्रोफेसर निलंबित
महाराष्ट्र के औरंगाबाद स्थित डॉ. बाबासाहब आंबेडकर मराठवाड़ा विश्वविद्यालय ने छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी प्रोफेसर को निलंबित कर दिया है। विवि प्रशासन ने बताया कि बेगमपुरा थाने में मंगलवार रात आरोपी प्रोफेसर अशोक बंदगार और उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, प्रोफेसर 2019 से 2021 के दौरान पीड़िता के संपर्क में आया, जो शोधनिबंध तैयारी कर रही थी।