तमिलनाडु चुनाव: कमल हासन कोयम्बटूर दक्षिण से लड़ेंगे, पिता को याद कर बोले- ये गर्व की बात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अभिनेता से नेता बने कमल हासन कोयम्बटूर दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। छह अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में राजनीतिक घटनाक्रम तेज होता जा रहा है।
मक्कल निधि मय्यम (एमएनएम) के अध्यक्ष ने शुक्रवार को अपनी पार्टी के उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी करते हुए यहां यह घोषणा की। अपने दिवंगत पिता श्रीनिवासन को याद करते हुए, हासन ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके निर्वाचन क्षेत्र के लोग उन्हें वोट देकर विधानसभा में पहुंचाएंगे ताकि वह वहां अपने विचार रख सकें।
उन्होंने मीडिया से कहा कि मेरे पिता का सपना था कि मैं एक आईएएस अधिकारी बनूं और फिर राजनीति में प्रवेश करूं। मैं उनके सपने (आईएएस अधिकारी बनने का) को पूरा नहीं कर सका, हालांकि मेरी पार्टी में कई (पूर्व) आईएएस अधिकारी शामिल हैं। यह हमारे लिए गर्व की बात है।
तमिलनाडु: डीएमके ने जारी की 173 उम्मीदवारों की सूची
इधर, दूसरी ओर चुनावों के मद्देनजर डीएमके ने अपने 173 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इसके तहत पार्टी अध्यक्ष एमके स्टालिन एक बार फिर कोलाथुर सीट से सियासी किस्मत आजमाएंगे। वहीं, उनके बेटे उदयनिधि महानगर में चेपक-त्रिपलिकाने से पहली बार चुनावी मैदान में उतरेंगे।
ये दिग्गज दोबारा आजमाएंगे किस्मत
जानकारी के मुताबिक, स्टालिन ने चुनाव के लिए सभी 173 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। वरिष्ठ नेता दुरई मुरुगन, केएन नेहरू, के पोनमुडी और एमआरके पनीरसेल्वम समेत ज्यादातर मौजूदा विधायक फिर से चुनावी मुकाबले में अपना जोर आजमाएंगे। चेन्नई के द्रमुक मुख्यालय ‘अन्ना अरिवालयम’ में पत्रकारों को संबोधित करते हुए स्टालिन ने कहा कि वह 15 मार्च को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
सहयोगियों के लिए छोड़ीं 61 सीटें
बता दें कि द्रमुक राज्य में वर्ष 2011 से सत्ता से बाहर है। पार्टी ने अन्नाद्रमुक को सत्ता से हटाने के लिए कांग्रेस, वाम, एमडीएमके, वीसीके तथा अन्य छोटे दलों के साथ समझौता किया है और विधानसभा की कुल 234 सीटों में से उनके लिए 61 सीटें छोड़ी हैं। स्टालिन ने कहा कि एमडीएमके समेत विभिन्न दल द्रमुक के ‘उगता सूरज’ चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ेंगे। ऐसे में गठबंधन का अग्रणी भागीदार दल 187 सीटों पर मुकाबले में होगा।