BJP: 'कांग्रेस के डीएनए में आत्मसमर्पण, भारत कभी नहीं झुकता...', नड्डा का राहुल गांधी पर पलटवार
BJP: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'नरेंदर सरेंडर' वाले बयान पर अब भाजपा हमलावर हो गई है। भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा ने विपक्षी नेता पर पलटवार करते हुए कहा कि उनकी पार्टी की सरकारों ने इतिहास में आत्मसमर्पण किए।
विस्तार
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर पलटवार किया है। नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक 'पोस्ट' में कहा, 'राहुल गांधी आत्मसमर्पण आप करते होंगे, आपकी पार्टी ने किया होगा, आपके नेताओं ने आत्मसमर्पण किया होगा क्योंकि आपका इतिहास ही ऐसा रहा है, लेकिन भारत कभी आत्मसमर्पण नहीं करता। आत्मसमर्पण आपकी कांग्रेस पार्टी के शब्दकोष में है, आपके डीएनए में है।'
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी, आपको अपनी पार्टी की सरकारों का कार्यकाल याद करना चाहिए किस तरह आपने इतिहास में 'आत्मसमर्पण' किया।' भाजपा प्रमुख ने कहा, आपने आतंकवाद के सामने आत्मसमर्पण किया, शर्म-अल-शेख में आत्मसमर्पण किया, 1971 की लड़ाई जीतने के बाद शिमला में टेबल पर आत्मसमर्पण किया, सिंधु जल समझौते में आत्मसमर्पण किया, हाजी पीर दर्रा का आत्मसमर्पण किया, छम्ब सेक्टर के 160 किमी इलाके का आत्मसमर्पण किया, 1962 की लड़ाई में आत्मसमर्पण किया, 1948 में आत्मसमर्पण किया और यहां तक कि देश की आजादी के समय मुस्लिम लीग के भी सामने आत्मसमर्पण किया।
ये भी पढ़ें: सियासत: क्या है एलन मस्क का JUNK? कांग्रेस का आरोप- मोदी सरकार की 'सरेंडर' नीति से भारत के सामरिक हितों पर चोट
नड्डा ने कहा, भारतीय सेना ने पाकिस्तान में 300 किमी अंदर घुस कर उसके 11 एयरबेस को तबाह किया, 9 आतंकी अड्डों को ध्वस्त किया, 150 से ज्यादा आतंकी मारे। पाकिस्तान तो रोते-रोते दुनिया को बता रहा है कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान में 18 जगह हमला करके सब कुछ तबाह कर दिया और राहुल गांधी देश के आत्मसमर्पण की बात कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा, राहुल गांधी को पता होना चाहिए कि 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता की घोषणा सरकार ने या भाजपा के किसी प्रवक्ता ने नहीं की थी, बल्कि भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने की थी। 'ऑपरेशन सिंदूर' भारतीय सेना की वीरता, शौर्य एवं पराक्रम का उद्घोष है। वास्तव में जिनकी नीतियां आत्मसमर्पण की रही हो, उसे इसके आगे कुछ सूझ भी नहीं सकता - क्यों, ऐसा ही है न राहुल गांधी जी?
ये भी पढ़ें: DA Hike: सातवें वेतन आयोग का अंतिम महंगाई भत्ता, जानें केंद्रीय कर्मियों और पेंशनर्स को कितना होगा फायदा
भाजपा प्रमुख ने कहा, राहुल गांधी द्वारा भारतीय सेना के अप्रतिम शौर्य एवं पराक्रम को ‘आत्मसमर्पण’ कहकर संबोधित करना, न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है बल्कि भारतीय सेना और राष्ट्र के साथ-साथ 140 करोड़ भारतवासियों का भी घोर अपमान है। अगर कोई पाकिस्तानी भी ऐसा कहता तो हम उस पर हंसते भी लेकिन जिस तरह से ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान में तबाही मचाई, उसके बाद पाकिस्तान की जनता से लेकर उसकी सेना और उसके प्रधानमंत्री ने भी ऐसा कहने की हिम्मत नहीं की, लेकिन राहुल गांधी ऐसा बोल रहे हैं। यह देशद्रोह से कम नहीं है।
राहुल गांधी ने क्या कहा था?
राहुल गांधी ने अपने भोपाल में एक कार्यक्रम में भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘नरेंदर सरेंडर’ कहकर संबोधित किया था। उन्होंने भोपाल में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दावा किया कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक इशारे पर प्रधानमंत्री मोदी झुक गए। उन्होंने कहा था कि भाजपा-आरएसएस पर थोड़ा दबाव डालो तो ये डरकर भाग जाते हैं। ट्रंप ने एक इशारा किया और नरेंद्र मोदी ने झुककर बात मान ली। उनके इस बयान पर अब भाजपा हमलावर हो गई है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.