फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Sonia Gandhi vs Smriti Irani Tussle in Lok Sabha Know BJP Congress Claims in Hindi

Sonia-Smriti Row: तीन मिनट में सोनिया-स्मृति के बीच आखिर क्या नोकझोंक हुई? जानिए, भाजपा-कांग्रेस के दावे

Thu, 28 Jul 2022 07:26 PM IST
विभास साने न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: विभास साने Updated Thu, 28 Jul 2022 07:26 PM IST
सार

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर कांग्रेस सांसद अधीर रंजन की अशोभनीय टिप्पणी के बाद से बवाल जारी है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने लोकसभा में कांग्रेस पार्टी और सोनिया गांधी पर जमकर हमला बोला। कार्यवाही स्थगित होने के बाद सोनिया गांधी और स्मृति ईरानी के बीच नोकझोंक भी हुई। जानिए कैसे...
 

विज्ञापन
Sonia Gandhi vs Smriti Irani Tussle in Lok Sabha Know BJP Congress Claims in Hindi
संसद में नोकझोंक। - फोटो : Amar Ujala

विस्तार

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी की अशोभनीय टिप्पणी को लेकर आज लोकसभा में जमकर हंगामा हुआ। सदन की कार्यवाही के दौरान करीब चार मिनट तक केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस को जमकर घेरा। उन्होंने चार बार सोनिया गांधी का नाम लिया और कहा कि उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही दोपहर चार बजे तक के लिए स्थगित हो गई, लेकिन हंगामा यहीं नहीं थमा। कार्यवाही स्थगित होने के बाद भी सदन के अंदर भाजपा और कांग्रेस सांसदों के बीच तीन मिनट तक जुबानी जंग होती रही। जानिए, आखिर लोकसभा में हुआ क्या...

विज्ञापन


पहले जानिए कि कांग्रेस का दावा क्या है?
कांग्रेस सांसद गीता कोड़ा ने एक चैनल से बातचीत में कहा, ''जब सदन स्थगित कर दिया गया, उसके बाद हम सभी बाहर जाने लगे। तभी भाजपा के सभी सांसद सोनिया जी का नाम लेकर चिल्लाने लगे। इतने में सोनिया जी वापस आईं। वे महिला सांसदों से बात करना चाहती थीं, इसलिए वे सांसद रमा देवी के पास गईं। तभी भाजपा के सभी सांसद सोनिया जी पर चिल्लाने लगे कि आपको माफी मांगनी चाहिए। वे उंगली दिखा-दिखाकर उनके बारे में बातें कह रहे थे। स्मृति जी कह रही थीं कि सोनिया जी मेरे खिलाफ बहुत बोलती हैं। जिस तरह वहां बर्ताव हो रहा था, हमें तो लगा जैसे हम पर थोड़ी देर में हमला ही हो जाएगा। बाद में हमने बीच-बचाव कर सोनिया जी को वहां से निकाला। सोनिया जी तो कुछ बोल भी नहीं पाईं। महिला तो महिला, पुरुष सांसद भी उन पर चिल्लाने लगे। एक वरिष्ठ महिला नेता के साथ बात करने का तरीका भी इन लोगों को नहीं मालूम है। लोकतंत्र के मंदिर में महिला सांसद से इस तरह का बर्ताव होना क्या उचित है? बातचीत से रास्ता निकल सकता था, लेकिन ये लोग हमें सदन में बोलने नहीं दे रहे।''

विज्ञापन

Sonia Gandhi vs Smriti Irani Tussle in Lok Sabha Know BJP Congress Claims in Hindi
लोकसभा में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी - फोटो : Amar Ujala
अब जानिए सत्ता पक्ष ने इस बारे में क्या कहा?
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, ''सदन में जब श्रीमती सोनिया गांधी जी ने हमारी वरिष्ठ महिला सांसद रमा देवी से आकर बात की, तब एक और सांसद ने बगल में आकर पूछा कि क्या बात हो रही है? तब सोनिया जी ने एकदम से कहा कि यू डोन्ट टॉक टू मी। सोनिया जी ने लगभग धमकाने वाले लहजे में दूसरे सांसद से बात की। पहली बात तो यह कि उनकी पार्टी ने राष्ट्रपति के बारे में की गई टिप्पणी के लिए माफी नहीं मांगी। दूसरी बात यह कि उन्होंने गुमराह किया और तीसरी बात यह कि उन्होंने बाकी सांसदों के लिए धमकाने वाले अंदाज में बात की। एक तो वे माफी नहीं मांग रहीं, बल्कि धमका रही हैं। सोनिया जी बाहर आएं और गरिमामय तरीके से माफी मांगें। कांग्रेस की सर्वोच्च नेता ने सदन में आक्रामकता दिखाई है।''



मीडिया रिपोर्ट्स में क्या दावा किया जा रहा है?
मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से यह दावा किया जा रहा है कि सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद सोनिया गांधी सत्ता पक्ष की बेंच की तरफ जाने लगीं। उन्होंने भाजपा सांसद रमा देवी की ओर रुख किया और उनसे कहा कि जब हमारे नेता अधीर रंजन चौधरी माफी मांग चुके हैं तो मेरा नाम क्यों लिया जा रहा है? तभी स्मृति ईरानी नजदीक आईं और कहा, ''मैडम, क्या मैं आपकी मदद कर सकती हूं? मैंने ही आपका नाम लिया था।'' इस पर सोनिया ने स्मृति से कहा, ''डोन्ट टॉक टू मी।'' इसके बाद तृणमूल कांग्रेस के सांसदों और राकांपा सांसद सुप्रिया सुले सोनिया गांधी को दूर ले गईं। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने भी मामला शांत करने की कोशिश में बीच-बचाव किया।

Sonia Gandhi vs Smriti Irani Tussle in Lok Sabha Know BJP Congress Claims in Hindi
अधीर रंजन चौधरी - फोटो : Amar Ujala
अधीर रंजन क्या बोले?
संसद के अंदर हंगामे के बाद अधीर रंजन चौधरी ने कहा, ''मैं राष्ट्रपति का अपमान करने के बारे में सोच भी नहीं सकता। वह एक गलती थी। वे चाहें तो मुझे फांसी पर चढ़ा दें। अगर राष्ट्रपति को बुरा लगा हो तो मैं उनसे जाकर मिलूंगा और माफी मांगूंगा। मैं सजा भुगतने को तैयार हूं, लेकिन इस मामले में सोनिया जी को क्यों घसीटा जा रहा है?'' बाद में उन्होंने यह भी कहा कि मैं पांखंडियों से माफी नहीं मांगूंगा, राष्ट्रपति से मिलकर उनसे माफी मांगूंगा।
विज्ञापन

Sonia Gandhi vs Smriti Irani Tussle in Lok Sabha Know BJP Congress Claims in Hindi
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने सोनिया गांधी पर बोला हमला - फोटो : Amar Ujala

नोकझोंक से ठीक पहले स्मृति ईरानी ने यह बयान दिया, चार बार सोनिया गांधी का नाम लिया
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने लोकसभा में कहा, ''इस राष्ट्र का यह गौरव है कि आदरणीय नरेंद्र भाई मोदी ने 75 साल की आजादी में पहली बार एक आदिवासी महिला को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया। उम्मीदवार बनते ही वे कांग्रेस नेताओं की घृणा का केंद्र बन गईं। कांग्रेस के पुरुष नेताओं ने उनके बारे में टिप्पणियां कीं और कल कांग्रेस के नेता ने उन्हें अपमानित किया। कांग्रेस पार्टी आदिवासी महिला को मिला सम्मान पचा नहीं पा रही। गरीब परिवार की बेटी देश की राष्ट्रपति बने, यह कांग्रेस पार्टी पचा नहीं पा रही। ...आदिवासी विरोधी कांग्रेस, महिला विरोधी कांग्रेस, गरीब विरोधी कांग्रेस। सशस्त्र बलों के सर्वोच्च कमांडर का भी कांग्रेस अपमान करती है।''



स्मृति ने कहा, ''आज कांग्रेस की मुख्य नेता विराजमान हैं, मैं उनसे पूछना चाहती हूं कि आपकी स्वीकृति से द्रौपदी मुर्मू का अपमान किया गया? आपकी स्वीकृति से देश की आदिवासी विरासत का अपमान हुआ। सोनिया जी की स्वीकृति से सर्वोच्च संवैधानिक पद पर बैठी महिला का अपमान किया गया। सोनिया जी की स्वीकृति से उस गरीब महिल का अपमान हुआ, जो आज सर्वोच्च पद तक पहुंचीं हैं। सोनिया गांधी आप इस देश से माफी मांगो, आदिवासियों से माफी मांगो। सोनिया गांधी इस देश से आप माफी मांगो, इस देश की औरतों से माफी मांगो।''

कांग्रेस का सवाल- क्या स्पीकर निंदा करेंगे?
इस हंगामे के बाद कांग्रेस भी स्मृति ईरानी के खिलाफ मुखर हो गई है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि आज लोकसभा में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अमर्यादित और अपमानजनक व्यवहार किया। लेकिन क्या स्पीकर इसकी निंदा करेंगे? क्या नियम सिर्फ विपक्ष के लिए होते हैं?

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed