नए स्ट्रेन पर बढ़ा विवाद: केजरीवाल के बयान पर सिंगापुर को आपत्ति, जयशंकर बोले- सीएम का बयान भारत का नहीं
बीते दिन दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोना के ‘सिंगापुर स्ट्रेन’ को लेकर चेताया था और भारत सरकार से एक्शन की अपील की थी। इस पर जवाब देते हुए सिंगापुर ने कहा कि हमारे यहां कोरोना का कोई भी नया वैरिएंट नहीं मिला।
विस्तार
देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर का कहर जारी है। तीसरी लहर को लेकर सतर्कता भी बढ़ गई है। इसी बीच, बीते दिन दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोना के ‘सिंगापुर स्ट्रेन’ को लेकर चेताया था और भारत सरकार से एक्शन की अपील की थी। पहले भारत सरकार ने अरविंद केजरीवाल के आरोपों का जवाब दिया और अब सिंगापुर सरकार ने भी इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए जवाब दिया है। साथ ही भारतीय उच्चायुक्त को तलब कर अपनी नाराजगी जताई है।
भारत में मौजूद सिंगापुर के दूतावास ने मुख्यमंत्री केजरीवाल के इस ट्वीट का जवाब दिया। इसमें कहा गया कि सिंगापुर में कोरोना के नए स्ट्रेन पाए जाने की बात में कोई सच्चाई नहीं है। टेस्टिंग के आधार पर पता चला है कि सिंगापुर में कोरोना का B.1.617.2 वैरियंट ही मिला है, जो भारत में पैदा हुआ है। इसमें बच्चों से जुड़े कुछ मामले भी शामिल हैं। सिंगापुर के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बयान जारी कर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के दावे का खंडन किया था। सिंगापुर के दूतावास ने अपनी ट्वीट में इस लिंक को भी अटैच किया।
भारतीय उच्चायुक्त को किया तलब
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बयान पर बवाल हो गया है। केजरीवाल के बयान से भड़की सिंगापुर सरकार ने भारतीय उच्चायुक्त को तलब किया है और नए वैरिएंट वाले बयान पर नाराजगी जताई। सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियन बालाकृष्णन ने भी इस मसले पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि राजनेताओं को तथ्यों पर बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोरोना का कोई सिंगापुर वैरिएंट नहीं है।
Singapore and India have been solid partners in the fight against Covid-19.
— Dr. S. Jaishankar (@DrSJaishankar) May 19, 2021
Appreciate Singapore's role as a logistics hub and oxygen supplier. Their gesture of deploying military aircraft to help us speaks of our exceptional relationship. @VivianBala https://t.co/x7jcmoyQ5a
दिल्ली के सीएम का बयान भारत का नहीं: जयशंकर
भारत की ओर से इस मामले पर जवाब दिया गया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के पास कोविड के वैरिएंट या विमान पॉलिसी पर बोलने का अधिकार नहीं है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्वीट कर कहा, ''सिंगापुर और भारत दोनों कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। इस लड़ाई में सिंगापुर द्वारा भारत की जो मदद की गई है, उसके लिए उनका धन्यवाद। मैं साफ कर देना चाहता हूं कि दिल्ली के मुख्यमंत्री का बयान भारत का नहीं है।''
भारत के जवाब से संतुष्ट है सिंगापुर : साइमन वोंग
वहीं भारत में सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग ने कहा कि इस मामले को अब यहीं खत्म कर देना चाहिए क्योंकि भारतीय विदेश मंत्रालय ने इसपर ठोस जवाब दे दिया है। वोंग ने कहा कि हमें खुशी है कि भारत के विदेश मंत्री ने इस मामले पर तीन प्रमुख बिंदु रखकर साफ कर दिया है कि यह भारत का स्टैंड नहीं है। पहला बिंदु भारत कोविड के खिलाफ लड़ाई में सिंगापुर के साथ ठोस भागीदार है, दूसरा दिल्ली के सीएम भारत के लिए नहीं बोलते हैं और तीसरा यह कि टिप्पणी गैर-जिम्मेदाराना थी। वोंग ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के बयान से दोनों देशों के रिश्ते पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।
क्या है मामला, जिस मचा है बवाल?
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को ट्वीट में आशंका जताई कि वायरस का यह नया स्वरूप तीसरी लहर के रूप में भारत में दस्तक दे सकता है। उन्होंने हिंदी में ट्वीट किया, ''सिंगापुर में आया कोरोना का नया रूप बच्चों के लिए बेहद खतरनाक बताया जा रहा है। भारत में यह तीसरी लहर के रूप में आ सकता है। केंद्र सरकार से मेरी अपील है- 1. सिंगापुर के साथ हवाई सेवाएं तत्काल प्रभाव से रद्द हों। 2. बच्चों के लिए भी टीके के विकल्पों पर प्राथमिकता के आधार पर काम हो।’’
There is no truth in the assertion that there is a new COVID strain in Singapore. Phylogenetic testing has shown that the B.1.617.2 variant is the prevalent strain in many of the COVID cases, including in children, in recent weeks in Singapore.https://t.co/uz0mNPNxlE https://t.co/Vyj7gyyzvJ
— Singapore in India (@SGinIndia) May 18, 2021
केजरीवाल को केंद्र सरकार ने भी दिया जवाब
सिंगापुर से पहले केंद्र सरकार ने केजरीवाल को जवाब दिया। विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि सिंगापुर की स्थिति पर केंद्र सरकार की नजर है और सभी एहतियात बरती जा रही हैं। पुरी ने ट्विटर पर कहा, ''केजरीवाल, सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें मार्च 2020 से ही बंद हैं। सिंगापुर के साथ हमारा एयर बब्बल भी नहीं है।'' उन्होंने कहा कि वंदे भारत मिशन के तहत दोनों देशों के बीच कुछ उड़ानें जारी हैं ताकि वहां फंसे भारतीयों को वापस लाया जा सके।
दिल्ली सरकार ने दी सफाई
दिल्ली सरकार ने इस पूर मामले पर सफाई दी है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा है कि इस वक्त कोरोना के अलग-अलग स्ट्रेन हैं, जिनका जीनोम सीक्वेंसिंग से पता चल रहा है। जब लंदन से फ्लाइट आ रही थी, हमने तब भी उन्हें रोकने की अपील की थी। सत्येंद्र जैन का कहना है कि पूरे विवाद पर शाम को सफाई दी जाएगी।