{"_id":"6ad5f16c27a1c76a3707e5fc","slug":"should-not-able-claim-benefit-being-minor-after-14-years-abu-azmi-demand-target-government-attack-tiger-shroff-2026-10-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"‘14 साल के बाद ना मिले नाबालिग होने का फायदा’: अबू आजमी की मांग, टाइगर श्रॉफ पर हमले को लेकर सरकार को घेरा","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
‘14 साल के बाद ना मिले नाबालिग होने का फायदा’: अबू आजमी की मांग, टाइगर श्रॉफ पर हमले को लेकर सरकार को घेरा
Mon, 19 Oct 2026 04:01 PM IST
प्रशांत तिवारी
आईएएनएस, मुंबई
आईएएनएस, मुंबई
Published by: प्रशांत तिवारी
Updated Mon, 19 Oct 2026 04:01 PM IST
सार
समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र अध्यक्ष अबू आजमी ने नाबालिग अपराधियों की उम्र सीमा घटाकर 14 साल करने करने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने हत्या जैसे गंभीर अपराधों में नाबालिगों को वयस्कों जैसी सजा देने की मांग की है।
विज्ञापन
अबू आजमी, सपा विधायक
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना के बीच समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र अध्यक्ष और विधायक अबू आसिम आजमी ने नाबालिग अपराधियों को लेकर बड़ी मांग की है। सोमवार को मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि नाबालिग माने जाने की उम्र सीमा घटाकर 14 साल कर दी जाए। क्योंकि 15-16 साल के किशोर हत्या जैसे गंभीर अपराध करते हैं, तो उन्हें वयस्क अपराधियों की तरह सजा मिलनी चाहिए।
विज्ञापन
मुंबई की कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए आजमी ने मुंबई की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शहर में हत्या और हिंसा की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सभी मामलों को बराबर तवज्जो नहीं मिलती है। उन्होंने बाबा सिद्दीकी की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि शहर में पहले भी कई लोगों की जान जा चुकी है। अगर पीड़ित कोई मशहूर हस्ती नहीं होता, तो उसकी हत्या के मामले पर उतनी चर्चा नहीं होती। उन्होंने मानखुर्द-शिवाजी नगर इलाके का जिक्र करते हुए कहा कि वहां छोटी-छोटी बातों पर भी लोगों की हत्या हो रही है।
विज्ञापन
महाराष्ट्र सरकार पर भी साधा निशाना
अबू आजमी ने महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था सुधारने के बजाय मुसलमानों को निशाना बनाने पर ज्यादा ध्यान दे रही है। सिंगापुर और अरब देशों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि आखिर वहां हत्या जैसे अपराधों को किस तरह रोका जाता है और ऐसे मामलों में कितनी जल्दी फैसला सुनाया जाता है, ये सभी को पता है। मुंबई के लोग डर के माहौल में जी रहे हैं। अपराधी खुलेआम वारदातों की जिम्मेदारी ले रहे हैं, जो सरकार के लिए शर्म की बात है।
विज्ञापन
फुटबॉल ग्राउंड से लौटते समय टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी
पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम करीब 7 बजे के करीब टाइगर श्रॉफ मुंबई के जुहू इलाके में एक फुटबॉल ग्राउंड से कार में लौट रहे थे, तभी हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर पिस्तौल से गोलियां चला दीं। गोलीबारी में कार का ड्राइवर घायल हो गया। मौके पर मौजूद एक अन्य व्यक्ति को भी गोली लगी। पुलिस अधिकारी के अनुसार, गोली चलने पर टाइगर श्रॉफ आगे की तरफ झुक गए, जिससे उन्हें सीधे गोली नहीं लगी। हालांकि, टूटे हुए कांच का एक टुकड़ा लगने से वे घायल हो गए।
हमले के पीछे की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमला क्यों किया गया, गोलीबारी में किस हथियार का इस्तेमाल हुआ और इस वारदात में कितने लोग शामिल थे।
ये भी पढ़ें: मणिपुर में नहीं थम रही हिंसा: सीएम आवास के बाहर शव रखकर लोगों का प्रदर्शन; पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
कोटा रेलवे स्टेशन से तीन संदिग्ध पकड़े गए
इस मामले में एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। राजस्थान की कोटा सिटी पुलिस ने टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी के सिलसिले में कोटा रेलवे स्टेशन से तीन संदिग्धों को पकड़ा है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस की जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि पकड़े गए संदिग्धों की इस वारदात में क्या भूमिका थी और हमले के पीछे असल वजह क्या थी।