'अलगाववादियों को मिल रही सुविधाएं पहले ही खत्म कर देनी चाहिए थीं'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कश्मीरी अलगाववादियों को मिल रही सुरक्षा और कई तरह की सुविधाओं में कटौती के केंद्र के प्रस्ताव पर रक्षा मंत्री मनोहर परिकर ने सहमति जताते हुए रविवार को कहा कि उन्हें मिल रहीं इस तरह की सुविधाएं बहुत पहले खत्म कर देनी चाहिए।
रक्षा मंत्री एफजीआई उत्कृष्टता अवार्ड कार्यक्रम और डांडिया बाजार क्षेत्र स्थित सिद्धि विनायक मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में शरीक होने आए थे।
अलगावादियों को सरकारी खजाने से सुविधाएं मिलते रहने के सवाल पर उन्होंने कहा, ‘कश्मीरी अलगाववादियों को मिल रही सुविधाएं बहुत पहले खत्म हो जानी चाहिए थी। मैं चाहता हूं कि इसे खत्म कर दिया जाए।’
गड़बड़ी हुई तो एंब्रायर सौदे की होगी सीबीआई जांच : परिकर
रक्षा मंत्री मनोहर परिकर ने कहा है कि 20.8 करोड़ डॉलर के एंब्रायर विमान सौदे में अगर किसी गड़बड़ी के संकेत मिलते हैं तो उसकी सीबीआई जांच करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की आंतरिक जांच के आदेश पहले ही दिए जा चुके हैं। वर्ष 2008 में डीआरडीओ और ब्राजीलियाई कंपनी एंब्रायर के बीच तीन विमानों के लिए समझौता हुआ था।
अमेरिकी प्रशासन ने इस सौदे में घूसखोरी की बात कही है। अमेरिकी न्याय विभाग इस सौदे को हासिल करने के लिए एंब्रायर की ओर से रिश्वत दिए जाने की जांच कर रहा है। मीडिया में रिपोर्ट आने के बाद डीआरडीओ ने एंब्रायर से 15 दिन के भीतर रिपोर्ट देने को कहा है। रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने सोमवार तक डीआरडीओ से इस बारे में रिपोर्ट मांगी है और रिपोर्ट मिलने के बाद ही वह इस बारे में ठीक से बयान दे पाएंगे।
उन्होंने कहा कि अभी मामले की जांच चल रही है। वह इस मामले में बिना सोचे-समझे प्रतिक्रिया नहीं देना चाहते। उन्होंने कहा कि अगर इस मामले में कोई आपराधिक कोण सामने आता है तो इसकी जांच सीबीआई को सौंप दी जाएगी क्योंकि रक्षा मंत्रालय आपराधिक कोण से मामले की जांच नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि केवल प्रक्रियागत मामलों की जांच रक्षा मंत्रालय करवाता है। गौरतलब है कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में 2008 में ब्राजील के साथ तीन एंब्रायर विमानों का सौदा हुआ था।