शिवसेना के घोषणा पत्र में 'आरे जंगल' को जगह नहीं, ठाकरे बोले- विरोध के फैसले पर अब भी हैं कायम
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर शिवसेना ने शनिवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया। पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे, उनके बेटे और वर्ली विधानसभा सीट से उम्मीदवार आदित्य ठाकरे, पार्टी की उपनेता प्रियंका चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। इसमें किसानों की कर्जमुक्ति, 10 रुपये में भोजन उपलब्ध कराने समेत कई मुद्दों पर बड़े वादे किए गए हैं।
वहीं, पिछले सप्ताह मेट्रो कार शेड के लिए मुंबई की आरे कॉलोनी में पेड़ों की कटाई के विरोध में होने के बावजूद शिवसेना ने अपने घोषणापत्र में इसे जगह नहीं दी है। जबकि, उद्धव ठाकरे का कहना है कि वह अपने रुख पर कायम हैं। घोषणापत्र जारी करने के बाद उन्होंने कहा— "हम आरे कॉलोनी में प्रस्तावित कार शेड का विरोध करने के अपने फैसले के साथ खड़े हैं।"
घोषणापत्र के मुखपृष्ठ पर पार्टी के संस्थापक बाला साहेब ठाकरे और वर्तमान पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे की तस्वीर है। घोषणापत्र में आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों की शिक्षा के लिए कॉलेज, हर जिले में एक महिला बचत घर, कामकाजी महिलाओं के लिए सरकारी हॉस्टल के अलावा स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरुस्त करने का वादा किया गया है।
10 रुपए में भरपेट खाना, एक रुपये में स्वास्थ्य जांच
घोषणापत्र जारी करने के बाद शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में गरीबों को 10 रुपये में भरपेट खाना एक रुपये में प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की सुविधा देना है। पार्टी ने पूरे महाराष्ट्र में 1,000 'फूड चेन' स्थापित करने का वादा किया है, जहां 10 रुपये में पूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
वहीं, स्वास्थ्य जांच के लिए राज्यभर में 'एक रुपया क्लिनिक' खोले जाने की बात कही है, जिसके अंतर्गत एक रुपये में 200 तरह की बीमारियों की जांच की जाएगी।
उद्धव ने कहा कि हमारा उद्देश्य किसानों को कर्ज मुक्त करना है ना कि केवल कर्ज माफ करना। उन्होंने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली दरों में 30 प्रतिशत की कटौती करने का भी वादा किया है और यह भी कहा है कि इस कदम से किसानों की कर्जमुक्ति में मदद होगी। उन्होंने कहा कि हमारे घोषणापत्र में हर वर्ग का ध्यान रखा गया है।