शशिकला ने विधायकों के मोबाइल पर लगाया बैन, टीवी भी कराया बंद
तमिलनाडु में शशिकला और ओ पनीरसेल्वम के बीच जारी सत्ता की लड़ाई में विधायकों को अपने अपने पाले में करने के लिए खींचतान जारी है। सूत्रों के अनुसार कल जयललिता के पोज गार्डन स्थित निवास पर विधायकों के साथ बैठक के बाद शशिकाला ने 120 विधायकों को शहर से बाहर भिजवा दिया।
इनमें से 90 विधायकों को तो महाबलीपुरम के नजदीक एक बीच रिजार्ट में भेजा गया तो 30 विधायकों को कल्पक्कम के नजदीक एक अन्य रिजार्ट में लगभग बंधक बनाकर रखा गया। जानकारी के अनुसार विधायकों से कोई किसी तरह का संपर्क न कर सके इसके लिए उनके मोबाइल फोन तक कब्जे में ले लिए गए और टीवी बंद कर दिए गए।
शशिकला खेमे के पार्टी कार्यकर्ताओं ने विधायकों को नजरबंद करने में प्रमुख भूमिका निभाई। उन्होंने पूरा प्रयास किया कि कोई भी बाहरी व्यक्ति विधायकों से किसी प्रकार का कोई संपर्क न कर सके। इस बात का भी पूरा ध्यान रखा गया कि पत्रकार भी विधायकों से कोई संपर्क न कर सकें।
होटलों के बाहर निगरानी में जुटे शशिकला समर्थक
सूत्रों के अनुसार जिन होटलों में विधायकों को ठहराया गया था वहां उन्हें मोबाइल इस्तेमाल करने की अनुमति भी नहीं थी। इसके अलावा उनके कमरों में लगे टीवी सेट के कनेक्शन काट दिए गए थे। हालांकि दर्जनभर से ज्यादा विधायकों ने टीवी बंद करने पर अपनी आपत्ति भी दर्ज कराई थी उन्होंने इसके विरोध में दोपहर के भोजन से भी इंकार कर दिया था।
वहीं होटल के आसपास डटे शशिकला के समर्थकों ने किसी पत्रकार को भी आसपास फटकने नहीं दिया। लोगों ने पत्रकारों को होटल से दो किलोमीटर पहले ही रोक दिया।
एक पत्रकार ने इसका विरोध किया तो कार्यकर्ता ने कहा हमें पत्रकारों को रोकने के निर्देश दिए गए हैं। उस व्यक्ति ने पत्रकारों को धमकाते हुए कहा अगर उन्होंने रिजार्ट पहुंचने का प्रयास किया तो उन्हें इसका गंभीर खामियाजा भुगतना होगा। वहीं होटल तक जाने वाले कच्चे रास्ते को भी पूरी तरह ब्लाक कर दिया गया।