काला हिरण: सलमान खान ने जेल में खाई दाल-रोटी, बहनों ने की जेल में मुलाकात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
20 साल पुराने काले हिरण का शिकार मामले में अभिनेता सलमान खान को 5 साल कैद और 10,000 रुपए के जुर्माने की सजा सुनाई गई है। जोधपुर सेंट्रल जेल के अधीक्षक विक्रम सिंह का कहना है कि एक्टर ने चाय और नाश्ता नहीं किया। शुक्रवार तक सलमान अपने ही कपड़ो में थे क्योंकि उनके नाप के कपड़े सिले नहीं थे। कैदी नंबर 106 ने दिन में तीन घंटे आराम किया और लंच में दाल, मिक्स सब्जी और रोटी खाई। उन्हें सोने के लिए चार कंबल दिए गए थे। खान ने जमीन पर सोकर रात बिताई। उन्होंने जानना चाहा कि क्या बैरक में गीजर लगा हुआ है।
जेल में पहले दिन सलमान से मिलने के लिए कई लोग आए। सबसे पहले प्रीति जिंटा आईं जिन्होंने साल 2000 से 2013 के बीच एक्टर के साथ 7 फिल्मों में काम किया है। उन्होंने खान से 20 मिनट की मुलाकात की। इसके बाद सलमान की दोनों बहनें अलवीरा और अर्पिता मिलने पहुंची। उन्होंने अपने भाई के साथ जेल में 25 मिनट बिताए। दोनों जोधपुर कोर्ट में भी उनके साथ थीं जहां उन्हें दोषी करार देते हुए सजा सुनाई गई थी।
जेल अधीक्षक विक्रम का कहना है कि आमतौर पर परिजनों को कैदियों से मिलने की अनुमति 15 दिन बाद दी जाती है लेकिन कुछ परिस्थितियों में उसी दिन से मिलने की इजाजत दे दी जाती है। सलमान ने हम साथ साथ हैं फिल्म की शूटिंग के दौरान दो काले हिरणों को शिकार किया था। गुरुवार को सलमान खान ने सेशंस कोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल की थी। उनकी जमानत पर बहस भी पूरी हो गई थी और जमानत मिल सकती थी लेकिन वकील की एक दलील ने इसे रुकवा दिया था।
दरअसल, सरकारी वकील ने कोर्ट में कहा था कि सलमान को सजा तीन साल से ज्यादा की हुई है, इसलिए इस मामले में सीजेएम कोर्ट के रिकॉर्ड देखे जाने चाहिए। जज ने इस दलील को स्वीकार कर लिया और सुनवाई शनिवार तक के लिए टाल दी थी। आज उन्हें जमानत मिल सकती थी लेकिन फैसला देने वाले जज का रात में ही दूसरे कोर्ट में ट्रांसफर हो गया है। ऐसे में माना जा रहा है कि सलमान को कुछ और रातें जेल में बितानी पड़ सकती है।