Road to 2024: लोकसभा चुनावों से पहले 'सेमीफाइनल' के लिए BJP ने कसी कमर, ये नेता होंगे विपक्ष पर हमलावर
Road to 2024: भाजपा से जुड़े एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की नियमित रैलियों के लिए पूरा खाका तैयार कर लिया गया है। सूत्रों का कहना है कि अगले कुछ महीनों के भीतर ही इन सभी बड़े नेताओं के नियमित रैलियां शुरू हो जाएंगी...
विस्तार
2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले होने वाले राज्यों के विधानसभा चुनावों की तैयारी के लिए भाजपा ने पूरी फील्डिंग सजा ली है। मंगलवार को हुई भाजपा के बड़े नेताओं की बैठक में तय किया गया है कि अगले कुछ समय के भीतर ही देश के प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की एक नियमित अंतराल पर रैलियां शुरू हो जाएंगी। इन रैलियों का पूरा खाका और रूपरेखा तैयार करने के लिए राज्यों के प्रभारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अनुमान के मुताबिक अगले महीने से नेताओं के दौरे शुरू हो जाएंगे।
बैठकों का दौर जारी
पार्टी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, उन राज्यों में तैयारियों का पूरा जायजा पार्टी के तीन बड़े पदाधिकारियों ने पिछले हफ्ते लिया था। सूत्रों के मुताबिक उसके बाद मंगलवार को फिर एक बार बैठक हुई और पिछले हफ्ते हुई बैठक के निष्कर्षों पर चर्चा की गई। सूत्रों का कहना है कि लोकसभा के नजरिए से पार्टी ने अपना पूरा फोकस अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में सीटों को जीतने के गणित पर लगाया है। पार्टी से जुड़े वरिष्ठ नेता कहते हैं कि इसके लिए राज्य के प्रभारियों को दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। उन राज्यों के प्रभारियों की ओर से पूरी रिपोर्ट भी केंद्रीय आलाकमान को मिल चुकी है। जबकि नॉर्थ ईस्ट के कुछ राज्यों का खाका अभी तैयार किया जाना है। दक्षिण के राज्यों में अमूमन सारी तैयारियां कर ली गई हैं। पार्टी से जुड़े एक वरिष्ठ नेता कहते हैं कि सबसे पहले दक्षिण भारत से भाजपा के बड़े नेताओं के दौरे और नियमित रैलियां शुरू कर दी जाएंगी।
दक्षिण भारत से शुरुआत
भाजपा से जुड़े एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की नियमित रैलियों के लिए पूरा खाका तैयार कर लिया गया है। सूत्रों का कहना है कि अगले कुछ महीनों के भीतर ही इन सभी बड़े नेताओं के नियमित रैलियां शुरू हो जाएंगी। शुरुआत दक्षिण भारत से ही होगी और उसके बाद उत्तर-पूर्व के राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए रैलियों को आयोजित किया जाएगा। पार्टी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि जिन नेताओं को अलग-अलग राज्यों की जिम्मेदारियां दी गई हैं, वह जल्द ही अगले कुछ दिनों के भीतर अपनी पूरी रिपोर्ट पार्टी आलाकमान को सौंप देंगे ताकि उसके अनुसार उन राज्यों में भी आगे की रणनीतिक तैयारियां पूरी की जा सकें।
राजनीतिक विश्लेषक भी मानते हैं कि भाजपा ने विधानसभा के साथ ही अपनी पूरी गोटियां 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए बिछानी शुरू कर दी हैं। राजनीतिक विश्लेषक एसएन तोमर कहते हैं कि भाजपा और कांग्रेस को जब आप तुलनात्मक रूप से देखेंगे, तो पाएंगे कि दोनों राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारियां तेजी से शुरू की हैं। कांग्रेस एक और जहां पदयात्रा करके ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचने और उनसे सीधा संपर्क करने की कोशिश कर रही है। भाजपा अपने बड़े नेताओं के माध्यम से तमाम तरह की केंद्रीय योजनाओं के शुभारंभ से सीधे तौर पर लोगों से जुड़ रहे हैं।