Ramdas Athawale: एक साल में अठावले की पार्टी बनाएगी पांच करोड़ सदस्य, चेन्नई की बैठक में हुए अहम फैसले
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
दलितों के नेता और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले की रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया अगले ग्यारह महीने में पांच करोड़ सक्रिय सदस्य बनाएगी। यही नहीं पार्टी का संगठन अब ग्राम पंचायत स्तर के वार्ड तक में पहुंचेगा। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दौरान संगठन को मजबूत करने के लिए नई रणनीति बनाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी समूचे देश में अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी।
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया कि चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी में कई फैसले लिए गए। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी में एकमत से तय किया गया कि प्रमोशन में रिजर्वेशन और प्राइवेट सेक्टर में आरक्षण लागू करने के लिए केंद्र सरकार कानून बनाए। इसके अलावा भूमिहीन परिवारों को पांच एकड़ जमीन का पट्टा राज्य सरकार भी दे। अठावले के मुताबिक देश के भूमिहीनों को पांच एकड़ जमीन का पट्टा दिए जाने के लिए जल्द ही आरपीआई देशभर में जिला अधिकारियों के माध्यम से सभी राज्यों में मुख्यमंत्री को ज्ञापन देगी और मांग पूरी ना होने तक आंदोलन जारी रखेगी। राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में प्रमोशन में रिजर्वेशन देने का केंद्र सरकार से मांग करने का प्रस्ताव के साथ ही निजी क्षेत्र में आरक्षण देने के साथ केंद्र सरकार द्वारा कानून बनाए जाने की मांग का प्रस्ताव पारित किया गया।
केंद्रीय मंत्री अठावले कहते हैं कि पूरे देश में अपनी पार्टी को मजबूत करने के लिए वह बड़ा सदस्यता अभियान चलाने जा रहे हैं। इस अभियान में देश के सभी राज्यों में ग्राम पंचायत स्तर पर उनकी पार्टी अपनी समिति का गठन करेगी। उसके बाद ग्राम स्तर पर भी वार्ड लेवल पर जाकर सदस्यों को खड़ा करेगी। केंद्रीय मंत्री का कहना है कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों से पहले वह अपनी पार्टी में पांच करोड़ नए सदस्य जोड़ेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कहना है कि उनकी पार्टी से जुड़ने वाले सभी नए सदस्य बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के सपने को साकार करने के लिए एक बार फिर से मोदी को मजबूत करेंगे।
उन्होंने कहा कि बीते नौ सालों में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के चलते किसानों मजदूरों अल्पसंख्यक और पिछड़े वर्ग समेत अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लोगों को बड़ा लाभ मिला है। वह कहते हैं कि उनकी पार्टी का भी मकसद कतार में खड़े अंतिम व्यक्ति के जीवन में सुधार कर उसको आत्मनिर्भर और मजबूत बनाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सभी जरूरतमंद तबके के लोगों के बीच में न सिर्फ मजबूत पैठ बनाई है बल्कि एक भरोसा भी जीता है।
केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष रामदास अठावले कहते हैं कि यही वजह है कि आने वाले लोकसभा चुनावों में एनडीए गठबंधन को चार सौ से ज्यादा सीटों पर विजय मिलेगी और नरेंद्र मोदी हैट्रिक लगाते हुए एक बार फिर प्रधानमंत्री बनेंगे। अठावले ने आरपीआई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आगामी लोकसभा चुनावों में एनडीए गठबंधन के प्रत्याशियों को जिताने के लिए अभी से तैयार रहने और मजबूती से जुड़ने के लिए कहा है।