राहुल गांधी का पीएम पर तंज: 'आम खाना तो ठीक था, आम जन को तो छोड़ देते'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश में कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर लगातार गंभीर होती जा रही है। देश में एक दिन में संक्रमण के डेढ़-डेढ़ लाख से अधिक नए मामले सामने आ रहे हैं। वहीं, विपक्ष इसे लेकर केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी रविवार को एक ट्वीट कर इस मुद्दे पर मोदी सरकार को घेरा और सवाल उठाए।
उन्होंने कोरोना मामलों के साथ आम आदमी की समस्याओं और एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग) क्षेत्र की समस्याओं पर भी केंद्र पर तंज कसा। गांधी ने ट्वीट किया, 'न कोरोना पे काबू, न पर्याप्त वैक्सीन, न रोजगार, न किसान-मजदूर की सुनवाई, न एमएसएमई सुरक्षित, न मध्य वर्ग संतुष्ट... आम खाना ठीक था, आम जन को तो छोड़ देते।'
ना कोरोना पे क़ाबू,
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) April 11, 2021
ना पर्याप्त वैक्सीन,
ना रोज़गार,
ना किसान-मज़दूर की सुनवाई,
ना MSME सुरक्षित,
ना मध्यवर्ग संतुष्ट...
आम खाना ठीक था, आम जन को तो छोड़ देते!
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक टि्वटर हैंडल से देश में हालात को लेकर भी सरकार की आलोचना की। पार्टी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि एक साल बीत गया है लेकिन कोविड-19 भारत के लोगों और भारतीय अर्थव्यवस्था पर लगातार कहर बरपा रहा है। इसका श्रेय मोदी सरकार और उसके अहंकार तथा अक्षमता को जाता है।
एक अन्य ट्वीट में पार्टी ने दावा किया कि सरकार की नीतियों के कारण देश का हर वर्ग परेशान है। पार्टी ने कहा, ‘‘कोरोना वायरस बेलगाम होता जा रहा है, टीके का अभाव है, किसान-मजदूर परेशान हैं, अर्थव्यवस्था चरमरा रही है, छोटे उद्योग- धंधे चौपट हो रहे हैं और मध्यम वर्ग भी परेशान है।’’ कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्ष कोविड-19 वैश्विक महामारी से निपटने और टीकाकरण अभियान को लेकर सरकार की आलोचना करता रहा है।