फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Rahul and Sonia went to Wardha, both washed their plates by themselves

बापू की कर्मस्थली में राहुल व सोनिया गांधी ने खुद धोए जूठे बर्तन

Wed, 03 Oct 2018 03:54 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Updated Wed, 03 Oct 2018 03:54 AM IST
विज्ञापन
Rahul and Sonia went to Wardha, both washed their plates by themselves
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, उनकी मां सोनिया गांधी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मंगलवार को महात्मा गांधी की 149वीं जयंती के मौके पर महाराष्ट्र के सेवाग्राम आश्रम में आयोजित प्रार्थना सभा में शामिल हुए। राहुल गांधी के अलावा यूपीए प्रमुख सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने बापू कुटी में राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
विज्ञापन


प्रार्थना सभा के बाद राहुल गांधी और सोनिया गांधी ने आश्रम की कैंटीन में भोजन किया। इसके बाद आश्रम की परंपरा के मुताबिक दोनों ने अपने-अपने जूठे बर्तन धोए। राष्ट्रपिता अपने जीवन के आखिरी कुछ साल यहां रहे थे।
विज्ञापन

बापू की कर्मस्थली में राहुल और सोनिया गांधी ने खुद धोए बर्तन

राहुल गांधी ने यहां बापू कुटी में आयोजित प्रार्थना सभा में भाग लिया। इसी कुटिया में महात्मा गांधी ने जीवन के अंतिम वर्ष व्यतीत किए थे। कांग्रेस अध्यक्ष व सोनिया गांधी के साथ पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और सीडब्ल्यूसी के सदस्यों ने भी बापू को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके बाद आश्रम में भोजन करने के बाद दोनों कांग्रेस नेताओं ने अपनी प्लेट खुद धोईं। 

प्रार्थना सभा के बाद राहुल गांधी ने उस पेड़ के निकट पौधा भी लगाया, जिसे उनके पिता राजीव गांधी ने 1986 में लगाया था।  सेवाग्राम में कांग्रेस अध्यक्ष का यह दूसरा दौरा है। इससे पहले वह 24 जनवरी, 2014 को यहां आए थे और पौधे भी लगाए थे। 
 

 

महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देना हमारे लिए नया नहीं

कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अहमद पटेल ने कहा कि महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देना हमारे लिए नई बात नहीं है। भाजपा अब गांधी जी और सरदार पटेल को याद कर रही है। उन्होंने कहा कि आठ अगस्त 1942 को भारत छोड़ो आंदोलन का आह्वान यहां हुई बैठक से किया गया था। इसके पांच साल बाद अंग्रेजों को आखिरकार देश से जाना पड़ा था।

ये वरिष्ठ नेता भी थे मौजूद
प्रार्थना सभा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत, मल्लिकार्जुन खड़गे, राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी, पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल, सुशील कुमार शिंदे, एके एंटोनी, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस हुड्डा और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी मौजूद थे।
 
विज्ञापन

ममता बनर्जी ने दी बापू को श्रद्धांजलि

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 149वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि बापू की 150वीं जयंती को यादगार बनाने के लिए मेदिनीपुर जिले में गांधीजी को समर्पित नया विश्वविद्यालय बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमें में गांधीजी, रवींद्रनाथ टैगोर और स्वामी विवेकानंद जैसे आइकॉन के बारे में युवा पीढ़ी को पढ़ाना होगा। आज अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस है, ऐसे में हमें महात्मा गांधी की याद में देश भर में गांधीवादी सोच को फैलाने पर ध्यान देना चाहिए।

कोयंबटूर में गांधी जयंती पर 15 फीट लंबा चरखा स्थापित

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 149वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को कोयंबटूर में रेस कोर्स रेड पर 15 फुट लंबा और 9 फुट ऊंचा गांधी चरखा स्थापित किया गया। इस पर बापू की तस्वीर भी लगाई गई है। साढ़े फुट चौड़ा यह चरखा उस चरखे का प्रतिरूप है, जिसे बापू धागा सूतने के लिए इस्तेमाल किया करते थे। लायंस क्लब के मुताबिक, इसका उद्देश्य युवाओं में खादी आंदोलन के प्रति जागरूकता फैलाना है। आने वाले समय में रेस कोर्स रेड के नजदीक स्थित गांधी म्यूजियम में 51 फुट लंबा, 33 फुट ऊंचा और 27 फुट चौड़ा गांधी चरखा भी स्थापित किया जाएगा।

तमिलनाडु के राज्यपाल और सीएम ने दी श्रद्धांजलि
तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित, राज्य के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी और उप मुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम ने महात्मा गांधी की 149वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। तीनों ने कामराज सलाई में स्थित बापू की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके अलावा पुडुचोरी की लेफ्टिनेंट गवर्नर किरण बेदी, राज्य के पीडब्ल्यूडी मंत्री ए. नमाशिवायम, कल्याण मंत्री एम कांडसैमी, शिक्षा मंत्री आर कमलाकन्नन, स्पीकर वी वैथिलिंगम और अन्य अधिकारियों ने भी बापू को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

ओडिशा सरकार दो साल तक मनाएगी गांधी जयंती

ओडिशा सरकार दो साल तक धूमधाम से गांधी जयंती मनाएगी। राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंगलवार को दो साल तक यानी 2020 तक चलने वाले समारोह का उद्घाटन किया। इसी के साथ राज्य स्तरीय उत्सव भी शुरू हो गया। वहीं, गांधी जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री, गवर्नर प्रोफेसर गणेशी लाल, स्पीकर प्रदीप कुमार अमात, सूचना मंत्री प्रताप जेना, टूरिज्म मंत्री अशोक चंद्र पांडा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने बापू के 149वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने राजधानी के लोगों को मैकेनिकल स्वीपिंग मशीन प्रोजेक्ट और 50 स्मार्ट ई-टॉयलेट समर्पित किया। साथ ही कहा कि महात्मा गांधी युगपुरुष थे। सत्य और अहिंसा के जरिए ही समाज को सही मार्ग पर लाया जा सकता है।

मिजोरम में गांधी जयंती पर लोगों ने सड़कों की सफाई की
मिजोरम के लोगों ने महात्मा गांधी की 149वीं जयंती पर अनोखे तरीके से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। लोगों ने अपने-अपने इलाकों की सड़कों की सफाई की। सफाई अभियान में सरकारी कर्मचारी, छात्र और शिक्षक भी शामिल थे। वहीं, राज्य के गवर्नर कुम्मानम राजशेखरन, मुख्यमंत्री लाल थनहवला, प्रधान सचिव अरविंद राय के अलावा मंत्रियों-नेताओं और अधिकारियों ने भी जोडिन स्क्वायर पर स्थित बापू की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

फणनवीस और पवार ने भी बापू को दी श्रद्धांजलि

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फणनवीस और राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने बापू को श्रद्धांजलि दी। एक ट्वीट में फणनवीस ने गांधी के सिद्धांतों पर चलने का आह्वान करते हुए कहा- स्वच्छ मन से स्वच्छ देश तक... बापू के विचारों से प्रेरणा लेना और उनके द्वारा बताए गए मार्ग पर चलना ही उन्हें हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। एक अन्य ट्वीट में कहा कि गांधीजी ने हमें स्व-अनुशासन, स्वच्छता, ग्रामीण विभाग के बारे में सिखाया तथा नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार इसके लिए कड़ी मेहनत कर रही है।

वहीं, शरद पवार ने कहा कि लोगों की सोच को शुद्ध करने के लिए गांधी के विचारों को अंगीकार करने की जरूरत है ताकि वे राष्ट्रपिता की 150 वीं जयंती से पहले देश को स्वच्छ बना सकें। उन्होंने एक ट्वीट में कहा- गांधीजी के विचारों की लौ प्रज्ज्वलित रखने के लिए हमें दृढ़ता से खड़े होने की आवश्यकता है। वहीं, राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल ने भी राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed