Operation Sindoor: 'ऑपरेशन सिंदूर में राफेल रहा हीरो', बोले वायुसेना के उप प्रमुख एयर मार्शल नागेश कपूर
वायुसेना के उप प्रमुख एयर मार्शल नागेश कपूर ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान राफेल लड़ाकू विमान के इस्तेमाल का जिक्र करते हुए उसे 'हीरो' बताया। उन्होंने बताया कि भारतीय वायुसेना और अधिक मल्टी-रोल फाइटर एयरक्राफ्ट (MRFA) शामिल करने की योजना पर विचार कर रही है।
विस्तार
एक्सरसाइज वायु शक्ति 2026 के अनावरण समारोह में संबोधित करते हुए एयर मार्शल कपूर ने कहा, 'ऑपरेशन सिंदूर का संदेश स्पष्ट था कि आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। देश की धरती पर होने वाले हर आतंकी कृत्य का जवाब दिया जाएगा और इसकी कीमत चुकानी होगी।'
भारत खरीदेगा कौन से लड़ाकू विमान?
उन्होंने कहा कि 27 फरवरी को जैसलमेर के पास पोखरण में होने वाले वायु शक्ति अभ्यास के दौरान ऑपरेशन सिंदूर की सटीक लक्ष्यभेदी कार्रवाई की झलक भी दिखाई जाएगी। उन्होंने कहा, 'राफेल निश्चित रूप से ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हीरो रहा। भारतीय वायुसेना अधिक MRFA शामिल करने की योजना बना रही है, जो राफेल या अन्य विकल्प हो सकते हैं। इस पर अभी विचार-विमर्श जारी है और अंतिम निर्णय लिया जाना बाकी है।'
गौरतलब है कि भारत ने 7 मई 2025 को पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था, जिसमें 26 लोगों की जान गई थी। भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में नौ बड़े आतंकी लॉन्चपैड को निशाना बनाते हुए सटीक हमले किए। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इन हमलों में 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए।
पाकिस्तान की चूलें हिला देने वाला ऑपरेशन सिंदूर
मंत्रालय ने बताया कि भारतीय वायुसेना ने राफेल विमानों, स्कैल्प मिसाइलों और हैमर बमों का इस्तेमाल करते हुए पाकिस्तान के चीनी मूल के एयर डिफेंस सिस्टम को निष्क्रिय कर मात्र 23 मिनट में मिशन पूरा किया। भारी नुकसान के बाद पाकिस्तान के डीजीएमओ ने भारतीय डीजीएमओ से संपर्क किया और 10 मई 2025 शाम 5 बजे से युद्धविराम पर सहमति बनी।
भारतीय वायुसेना 27 फरवरी को पोखरण में एक्सरसाइज वायु शक्ति 2026 का आयोजन करेगी, जिसकी झलक पहले ही साझा की जा चुकी है।
अन्य वीडियो
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.