'ऐसे कार्यक्रम में लगाईं कुर्सियां': दिवाली मिलन में पीएम ने सुनाए पुराने किस्से, बताया किसे खिलानी पड़ी मिठाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय में आयोजित दिवाली मिलन समारोह में मीडियाकर्मियों को दिवाली और छठ की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पत्रकारों के साथ अपने पुराने जुड़ाव और मीडिया में आए बदलावों को याद किया। पीएम मोदी ने बताया कि शुरुआती राजनीतिक दिनों में उनकी जिम्मेदारी प्रेस विज्ञप्तियां भेजने और पार्टी कार्यालय में दिवाली मिलन के दौरान कुर्सियों का इंतजाम करने की भी थी।
विस्तार
उन्होंने समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा, ''त्योहारों का समय ऐसा होता है, जब हर कोई अपने घर पर, अपने परिवार के साथ, अपनों के साथ समय बिताने का प्रयास करता है। लेकिन आपका काम ऐसा है कि ब्रेकिंग न्यूज के लिए भागदौड़ लगी रहती है। ऐसी व्यस्तता में आप सभी इस नॉन ब्रेकिंग न्यूज वाले कार्यक्रम में आए। मैं आप सबका बहुत आभारी हूं।''
पीएम मोदी बोले- ऐसे ही कार्यक्रमों में लगा चुका हूं कुर्सियां
भाजपा मुख्यालय में आयोजित दिवाली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "मेरा लंबे समय से आप सभी के साथ स्वाभाविक जुड़ाव रहा है। प्रेस विज्ञप्तियों से लेकर इंस्टाग्राम रील्स तक, मैंने मीडिया और उसके साथ संवाद के तरीके में लंबे समय के दौरान आए बदलावों को देखा है। मुझे याद है कि 1990 के दशक की शुरुआत में मुझे देशभर में निकाली गई दो बड़ी यात्राओं के दौरान संगठन की जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। उस समय प्रेस विज्ञप्ति भेजने के लिए भी फैक्स मशीन ढूंढनी पड़ती थी। जब मैं दिल्ली आया, तब भी ये जिम्मेदारियां मेरे पास थीं।"
उन्होंने कहा, "उस समय पार्टी का कार्यालय अशोक रोड पर हुआ करता था। तब भी दिवाली मिलन समारोह आयोजित होता था। इन कार्यक्रमों में मेरी जिम्मेदारी कुर्सियों का इंतजाम करने और आप सभी का ध्यान रखने की होती थी। मैं यही काम किया करता था। उस समय कैमरों की संख्या कम थी, लेकिन आपसी रिश्तों में वही अपनापन और नजदीकी बनी हुई थी।"
पीएम मोदी ने सुनाया दिल्ली से गुजरात के सीएम बनने की खबर मिलने का किस्सा
प्रधानमंत्री मोदी ने दिवाली मिलन समारोह के दौरान अपने पत्रकार मित्रों से गुजरात का मुख्यमंत्री बनने की खबर मिलने का किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया, ''पिछले महीने मुझे सरकार का प्रमुख बने हुए 25 साल पूरे हो गए। मुझे यह घटना बहुत अच्छी तरह याद है। आज भी मैं सोचता हूं कि आप लोगों में ऐसा क्या है, जो हमें हमेशा चौंका देता है।''
उन्होंने कहा, ''उस समय इस बारे में बहुत कम लोगों को जानकारी थी। पार्टी के सिर्फ दो-चार वरिष्ठ नेताओं को ही पता था। मैं अपना ज्यादातर समय यहां 11 अशोक रोड पर बिताता था। एक दिन पत्रकारों का पूरा समूह मेरे कमरे में आ गया। आमतौर पर पत्रकार मेरे साथ ऐसा नहीं करते थे, लेकिन उस दिन वे सीधे कमरे में चले आए।''
'अपने खर्च पर मेरे सीएम पद के शपथग्रहण कार्यक्रम में शामिल हुए थे पत्रकार'
पीएम ने कहा, ''उनके बीच महिला पत्रकारों का एक समूह भी था, जिसका काफी प्रभाव था। उन्होंने मुझसे कहा, 'आपको हमें मिठाई खिलानी होगी।' मैंने पूछा, 'किस बात की खुशी में? मैं मिठाई क्यों बांटूं?' उन्होंने जवाब दिया, 'आप गुजरात जा रहे हैं। आप मुख्यमंत्री बनने वाले हैं।' मैंने उनसे कहा कि मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। लेकिन वे अपनी बात पर अड़ी रहीं। उन्होंने कहा, 'हमें सब पता है। आप झूठ बोल रहे हैं।'''
उन्होंने कहा, ''इस फैसले की जानकारी वास्तव में बहुत कम लोगों को थी, लेकिन पत्रकारों के इस पूरे समूह को किसी तरह इसकी भनक लग गई थी। खैर, उनकी जानकारी सही निकली। उस समय उनके सवालों का जवाब देना मेरे लिए काफी मुश्किल था। लेकिन मुझे सबसे ज्यादा खुशी इस बात से हुई कि 2001 में जब मैंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, तो मेरे कई पत्रकार मित्र अपने खर्च पर और अपनी व्यवस्था करके समारोह में शामिल होने आए थे। वे वहां कार्यक्रम की रिपोर्टिंग करने के लिए नहीं आए थे।"
पीएम मोदी बोले- पिछले 25 वर्षों में बहुत कुछ बदल गया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ''पिछले 25 वर्षों में बहुत कुछ बदल गया है। देश बदला है, दुनिया बदल गई है और राजनीति करने का तरीका भी बदल गया है। तकनीक में आए बदलावों ने मीडिया की दुनिया को भी काफी हद तक बदल दिया है। तकनीक ने पारंपरिक मीडिया संस्थानों के काम को कुछ आसान बनाया है, लेकिन उनके सामने नई चुनौतियां भी खड़ी की हैं।''
उन्होंने कहा, ''पहले बड़ी-बड़ी ओबी वैन (आउटडोर ब्रॉडकास्टिंग वैन) के साथ काम करना पड़ता था, लेकिन आज एक मोबाइल फोन ही ओबी वैन बन गया है। अब हर किसी का अपना मंच, अपना चैनल और अपना पॉडकास्ट है। भारत में पहले एक कहावत थी कि हर गली में क्रिकेट का जानकार मिल जाता है। गांव की किसी गली में बैठा व्यक्ति भी बता देता था कि सचिन तेंदुलकर ने कहां गलती की।''
उन्होंने कहा, ''आज स्थिति यह है कि हर गली में हर खबर का जानकार मिल जाता है। हमारी एक पुरानी कहावत है- जितने मुंह, उतनी बातें। कभी-कभी ऐसा लगता है कि देश में जितने लोग हैं, उतनी ही राय भी हैं। लोगों की यही अलग-अलग राय हमारे लोकतंत्र को जीवंत बनाए रखती हैं। इसमें भारतीय मीडिया की भी बहुत महत्वपूर्ण भूमिका है।''