दिल्ली में रहने के लिए कोविंद के पास नहीं है ठिकाना, चुनाव तक महेश शर्मा के बंगले में रहेंगे अतिथि
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद चुनाव में जीत के प्रबल दावेदार हैं, वह अगर जीत दर्ज करते हैं तो अगले महीने से दिल्ली के सबसे आलीशान बंगले राष्ट्रपति भवन में उनका निवास होगा, लेकिन फिलहाल उनके पास अपना ऐसा कोई ठिकाना नहीं है जिसमें वह पूरे प्रोटोकॉल के साथ रह सकें।
जी हां सुनने में ये बात बेशक थोड़ी अजीब लगे लेकिन यही सही है कि आंकडों के हिसाब से देश के अगले राष्ट्रपति तय लग रहे कोविंद को चुनाव तक किसी के यहां अतिथि रहना होगा। मीडिया में चल रही खबरों पर यकीन करें तो फिलहाल उनका ठिकाना बनेगा केंद्रीय राज्यमंत्री डा. महेश शर्मा का दिल्ली स्थित बंगला। जो उन्हें मंत्री होने के नाते मिला हुआ है। हालांकि जानकारी ये भी है की कोविंद के नाम दिल्ली में एक फ्लैट है, लेकिन शायद वह उनकी जरूरतों के हिसाब से पर्याप्त नहीं है, इसलिए उन्हें मंत्री के बंगले में ठहराया जा रहा है।
दूसरी ओर महेश शर्मा के पास नोएडा में अपना निजी घर होने के कारण वह ज्यादातर वहीं रहते हैं ऐसे में 10 राजाजी मार्ग स्थित यह बंगला अधिकतर समय खाली रहता है। इसी बंगले में फिलहाल राष्ट्रपति चुनाव तक रामनाथ कोविंद का डेरा रहेगा।
राष्ट्रपति से खास है इस बंगले का नाता
रामनाथ कोविंद को यह बंगला दिए जाने के पीछे एक खास बात और भी है। दिल्ली के 10 राजाजी मार्ग स्थित यह बंगला पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम का ठिकाना रहा है। राष्ट्रपति पद से हटने के बाद कलाम को यह बंगला आवंटित किया गया था।
अपनी मृत्यु तक कलाम इसी आवास में रहे, बाद में इसे केंन्द्रीय पर्यटन मंत्री महेश शर्मा का आवंटित कर दिया गया। हालांकि कलाम की मौत के बाद इस बंगले को संग्राहलय बनाने की मांग भी उठी थी लेकिन सरकार ने इसे खारिज करते हुए बंगला महेश शर्मा को आवंटित कर दिया।
अब इसी बंगले में फिलहाल एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद के रुकने की व्यवस्था की गई है। कोविंद राष्ट्रपति चुनाव तक इसी बंगले में रहेंगे। वह अगर चुनाव जीतते हैं तो फिर यहां से राष्ट्रपति भवन में पहुंच जांएगे।