फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   President Droupadi Murmu accepts ravneet singh resignation union cabinet

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने दिया इस्तीफा: राष्ट्रपति ने किया मंजूर, पंजाब में मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी?

Fri, 24 Jul 2026 08:32 PM IST
राकेश कुमार पीटीआई, नई दिल्ली।
पीटीआई, नई दिल्ली। Published by: राकेश कुमार Updated Fri, 24 Jul 2026 08:32 PM IST
सार

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, जिसे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंजूर कर लिया। राज्यसभा सदस्यता खत्म होने के कारण उनका इस्तीफा तय माना जा रहा था। अब माना जा रहा है कि भाजपा उन्हें पंजाब की राजनीति में बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है। साथ ही, इस इस्तीफे ने मोदी सरकार में संभावित कैबिनेट फेरबदल और नए चेहरों की एंट्री की चर्चाओं को भी तेज कर दिया है।

विज्ञापन
President Droupadi Murmu accepts ravneet singh resignation union cabinet
रवनीत सिंह बिट्टू, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनका इस्तीफा तुरंत स्वीकार कर लिया। बिट्टू केंद्र सरकार में रेल राज्य मंत्री और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री थे। उनके इस्तीफे के बाद पंजाब की राजनीति से लेकर मोदी सरकार के संभावित कैबिनेट फेरबदल तक कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि इस इस्तीफे के क्या मायने हैं। 
विज्ञापन




बिट्टू ने एक्स पोस्ट में क्या लिखा? 
मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद बिट्टू ने एक्स पोस्ट में लिखा, 'मैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने मुझे भारत सरकार में राज्य मंत्री के रूप में देश की सेवा करने का अवसर दिया। भारत की जनता, खासकर मेरे प्रिय पंजाब की सेवा करना मेरे लिए सम्मान और गर्व की बात रही है। मैं सेवा, राष्ट्रहित और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प के प्रति पूरी निष्ठा के साथ आगे भी काम करता रहूंगा। जनसेवा की मेरी यात्रा नई ऊर्जा और नए संकल्प के साथ आगे भी जारी रहेगी।'
विज्ञापन


अब पंजाब की राजनीति में सक्रिय होंगे बिट्टू?
रवनीत सिंह बिट्टू पहले ही कह चुके हैं कि अब वह पंजाब की राजनीति पर पूरा ध्यान देना चाहते हैं। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा उन्हें राज्य में बड़ा चेहरा बना सकती है। माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें चुनाव लड़ाकर पंजाब में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है।
विज्ञापन
विज्ञापन


राज्यसभा की सदस्यता खत्म होने से देना पड़ा इस्तीफा?
जून 2026 में रवनीत सिंह बिट्टू का राज्यसभा कार्यकाल खत्म हो गया था। भाजपा ने उन्हें दोबारा राज्यसभा नहीं भेजा। संविधान के मुताबिक, अगर कोई मंत्री सांसद नहीं है तो वह केवल छह महीने तक ही मंत्री रह सकता है। यही वजह है कि उनका इस्तीफा लगभग तय माना जा रहा था।

यह भी पढ़ें: पेपर लीक विवाद: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के 47 अफसर बर्खास्त, कुछ पर होगी कानूनी कार्रवाई

क्या मोदी कैबिनेट में होने वाला है बड़ा फेरबदल?
रवनीत सिंह बिट्टू से पहले केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन भी राज्यसभा का कार्यकाल खत्म होने के बाद इस्तीफा दे चुके हैं। अब दो मंत्री पद खाली होने के बाद चर्चा है कि मोदी सरकार जल्द ही कैबिनेट में बड़ा फेरबदल कर सकती है। मानसून सत्र और कई राज्यों के चुनाव से पहले नए नेताओं को जिम्मेदारी मिल सकती है।

भाजपा की चुनावी तैयारी भी मानी जा रही वजह
भाजपा आने वाले चुनावों को ध्यान में रखकर संगठन और सरकार दोनों में बदलाव कर रही है। पार्टी 'एक व्यक्ति, एक पद' की नीति पर भी काम कर रही है। ऐसे में पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में नए चेहरों को आगे लाने की तैयारी मानी जा रही है।


आखिर इस इस्तीफे का मतलब क्या है?
रवनीत सिंह बिट्टू का इस्तीफा सिर्फ एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं है। एक तरफ यह सांविधानिक नियमों के कारण जरूरी था, वहीं दूसरी तरफ इसे भाजपा की चुनावी रणनीति और मोदी सरकार में संभावित कैबिनेट फेरबदल की तैयारी के रूप में भी देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में केंद्रीय मंत्रिमंडल में और बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

कौन हैं रवनीत सिंह बिट्टू?
रवनीत सिंह बिट्टू पंजाब के वरिष्ठ नेता हैं और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की और कई बार लोकसभा सांसद रहे। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। इसके बाद भाजपा ने उन्हें राज्यसभा भेजा और नरेंद्र मोदी सरकार में रेल राज्य मंत्री तथा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री बनाया। अब मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें पंजाब की राजनीति में बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed