फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   PM Narendra Modi Address Lok Sabha Parliament Slams Opposition Rahul Gandhi Congress Latest News Update

PM Modi: 'शायद नींद भी अच्छी आई होगी, आज उठ भी नहीं पाए होंगे', राहुल पर पीएम मोदी का निशाना; पढ़ें बड़ी बातें

Wed, 08 Feb 2023 05:48 PM IST
अभिषेक दीक्षित न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: अभिषेक दीक्षित Updated Wed, 08 Feb 2023 05:48 PM IST
सार

पीएम मोदी ने कहा कि किसी ने उनके अभिभषाण की बातों का विरोध नहीं किया, इस बात की खुशी है। सदन में हंसी-मजाक, टीका-टिप्पणी, नोकझोंक होती रहती है, लेकिन यह नहीं भूलना चाहिए कि आज राष्ट्र के रूप में गौरवपूर्ण अवसर हमारे सामने है।

विज्ञापन
PM Narendra Modi Address Lok Sabha Parliament Slams Opposition Rahul Gandhi Congress Latest News Update
PM Modi - फोटो : Amar Ujala

विस्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा पर जवाब दिया। उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मैं देख रहा था कल। कुछ लोगों के भाषण के बाद उनके समर्थक उछल रहे थे। वे खुश होकर कहने लगे कि ये हुई ना बात। शायद नींद भी अच्छी आई होगी। शायद आज उठ भी नहीं पाए होंगे। ऐसे लोगों के लिए बहुत अच्छे ढंग से कहा गया है- ये कह कहकर हम दिल को बहला रहे हैं, वो अब चल चुके हैं, वो अब आ रहे हैं। 

विज्ञापन


उन्होंने कहा कि जब राष्ट्रपति जी का अभिभाषण का हो रहा था, तब कुछ लोग कन्नी भी काट गए। एक बड़े नेता तो राष्ट्रपति जी का अपमान भी कर चुके हैं। जनजातीय समुदाय के प्रति नफरत भी दिखा चुके हैं। जब इस प्रकार की बातें टीवी पर कही गईं, तो भीतर पड़ा हुआ नफरत भाव था, वह सच बाहर आकर ही रह गया। ...ठीक है, बाद में चिट्ठी लिखकर बचने की कोशिश की गई। जब राष्ट्रपति जी के अभिभाषण पर चर्चा सुन रहा था, तब लगा कि बहुत सी बातों को मौन रहकर स्वीकार किया गया है। राष्ट्रपति जी के भाषण पर किसी को एतराज नहीं है या आलोचना नहीं है।
विज्ञापन


विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति जी ने अभिभाषण में कहा था- ''जो भारत कभी अपनी अधिकांश समस्याओं के समाधान के लिए दूसरों पर निर्भर था, वही आज दुनिया की समस्याओं के समाधान का माध्यम बन रहा है।'' उन्होंने अभिभाषण में यह भी कहा था, ''जिन मूल सुविधाओं के लिए देश की बड़ी आबादी ने दशकों तक इंतजार किया, वह इन वर्षों में उसे मिली है। बड़े-बड़े घोटालों, सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार की जिन समस्याओं से देश मुक्ति चाहता था, वह मुक्ति देश को अब मिल रही है। पॉलिसी पैरेलिसिस की चर्चा से बाहर आकर देश और देश की पहचान तेज की विकास और दूरगामी दृष्टि से लिए गए फैसलों से हो रही है।''

PM Narendra Modi Address Lok Sabha Parliament Slams Opposition Rahul Gandhi Congress Latest News Update
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर पीएम मोदी का संबोधन - फोटो : Amar Ujala

राष्ट्रपति का अभिभाषण पूरे 140 करोड़ देशवासियों के लिए
उन्होंने कहा कि किसी ने उनके अभिभषाण की बातों का विरोध नहीं किया, इस बात की खुशी है। सदन में हंसी-मजाक, टीका-टिप्पणी, नोकझोंक होती रहती है, लेकिन यह नहीं भूलना चाहिए कि आज राष्ट्र के रूप में गौरवपूर्ण अवसर हमारे सामने है। राष्ट्रपति जी के पूरे भाषण में है, वो पूरे 140 करोड़ देशवासियों के लिए हैं। सौ साल में एक बार आई भयंकर महामारी, दूसरी तरफ युद्ध की स्थिति और बंटा हुआ विश्व, इस स्थिति में भी और इस संकट के माहौल में भी देश जिस प्रकार से संभला है, इससे पूरा देश आत्मविश्वास से भर रहा है।

देशवासियों का जज्बा चुनौतियों से भी ज्यादा मजबूत
उन्होंने कहा कि चुनौतियों के बिना जीवन नहीं होता है, चुनौतियां तो आती हैं, लेकिन चुनौतियों से ज्यादा सामर्थ्यवान है- 140 करोड़ देशवासियों का जज्बा। उनका सामर्थ्य चुनौतियों से भी ज्यादा मजबूत, बड़ा है। अनेक देशों में अस्थिरता का माहौल है। भीषण महंगाई है। खाने-पीने का संकट है। हमारे अड़ोस-पड़ोस में भी जिस प्रकार के हालात बने हुए हैं, ऐसी स्थिति में कौन हिंदुस्तानी इस बात पर गर्व नहीं करेगा कि ऐसे समय में भी देश दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बना हुआ है। आज पूरे विश्व में भारत को लेकर पॉजिटिविटी है, एक आशा है, भरोसा है। यह भी खुशी की बात है कि आज भारत को विश्व के समृद्ध देशों के समूह जी-20 की अध्यक्षता का अवसर मिला है। यह देश के लिए गर्व की बात है। 140 करोड़ देशवासियों के लिए गौरव की बात है, लेकिन पहले मुझे नहीं लगता था, लेकिन अभी लग रहा है कि इससे भी कुछ लोगों को दुख हो रहा है। वे आत्मनिरीक्षण करें कि वे कौन लोग हैं, जिन्हें इसका भी दुख हो रहा है।

सभी को आज भारत के प्रति बहुत आशा
उन्होंने कहा कि आज दुनिया की हर विश्वसनीयता संस्था, सारे विशेषज्ञ जो वैश्विक प्रवाहों का गहराई से अध्ययन करते हैं, जो भविष्य का अच्छे से अनुमान भी लगा सकते हैं, उन सभी को आज भारत के प्रति बहुत आशा है, विश्वास है और बहुत मात्रा में उमंग भी है। आखिर यह सब क्यों है, ऐसे ही तो नहीं है। आज पूरी दुनिया भारत को इस प्रकार की नजरों से क्यों देख रही है, इसका जवाब है भारत में आई स्थिरता, वैश्विक साख में और भारत में बनती नई संभावनाओं में।

देश में स्थिर और निर्णय लेने वाली सरकार
पीएम मोदी ने कहा कि हमारी रोजमर्रा की जिंदगी में जो बातें हो रही हैं, उसे समझाने की कोशिश करूंगा। भारत में दो-तीन दशक तक अस्थिरता रही, आज स्थिरता है, राजनीतिक स्थिरता है। स्थिर और निर्णय लेने वाली सरकार है। इसका भरोसा स्वाभाविक होता है। एक निर्णायक सरकार है, एक पूर्ण बहुमत से चलने वाली सरकार है, जो राष्ट्रहित में फैसले लेने का सामर्थ्य रखती है। यह वह सरकार है, जो मजबूरी के आधार पर सुधार नहीं करती, बल्कि दृढ़ संकल्प की वजह से सुधार लाती है। हम इस मार्ग से हटेंगे नहीं। देश को समय की मांग के अनुसार जो चाहिए, वो देते रहेंगे।

PM Narendra Modi Address Lok Sabha Parliament Slams Opposition Rahul Gandhi Congress Latest News Update
PM Modi - फोटो : Amar Ujala

कोरोना वैक्सीनेशन की तारीफ की
पीएम मोदी ने कहा कि एक और उदाहरण देता हूं। इस कोरोनाकाल में भारत निर्मित वैक्सीन तैयार हुई। भारत में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चलाया गया। अपने करोड़ों नागरिकों को मुफ्त वैक्सीन के टीके लगाए गए। 150 से ज्यादा देशों को इस संकट के समय में हमने जहां जरूरत थी, वहां दवाई और वैक्सीन पहुंचाई। आज विश्व के कई देश भारत के विषय में यह बात गौरव से विश्व मंच पर कहते हैं, भारत का गौरवगान करते हैं। तीसरा पहलू यह है कि आज भारत का डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर मजबूत है। इसने ताकत दिखाई है। पूरा विश्व इसका अध्ययन कर रहा है। बाली में जी-20 में डिजिटल इंडिया की वाहवाही हो रही थी। कोरोनाकाल में दुनिया के बड़े-बड़े देश अपने नागरिकों को आर्थिक मदद पहुंचाना चाहते थे। यह देश है, जो एक सेकंड एक हिस्से में हजारों करोड़ रुपये ट्रांसफर कर देता है। एक समय था, जब देश छोटी तकनीक के लिए भी तरसता था। आज देश आगे बढ़ रहा है।

देश की उपलब्धियां भी गिनाईं
उन्होंने कहा कि भारत में नई संभावनाएं हैं। कइयों को यह बात समझने में देर लग जाएगी, लेकिन भारत सप्लाई चेन के मामले में आगे बढ़ गया है। भारत मैन्यूफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित हो रहा है। दुनिया भारत की समृद्धि में अपनी समृद्धि देख रही है। निराशा में डूबे हुए कुछ लोग इस देश की प्रगति को स्वीकार ही नहीं कर पा रहे। 140 करोड़ देशवासियों के पुरुषार्थ और परिश्रम उपलब्धि उन्हें नजर नहीं आ रही। पिछले नौ वर्ष में भारत में 90 हजार स्टार्टअप आए हैं। आज स्टार्टअप के मामले में हम दुनिया में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। बहुत बड़ा स्टार्टअप ईकोसिस्टम देश की टियर-3 शहरों तक पहुंच चुका है। इतने कम समय में और कोरोना के विकट कालखंड में 108 यूनिकॉर्न बने। एक यूनिकॉर्न यानी छह-सात हजार करोड़ से ज्यादा का मूल्य। आज भारत दुनिया में मोबाइल बनाने में दूसरा बड़ा देश बन गया है। घरेलू विमान यात्रियों के मामले में हम दुनिया में तीसरे नंबर पर हैं।

PM Narendra Modi Address Lok Sabha Parliament Slams Opposition Rahul Gandhi Congress Latest News Update
PM Modi - फोटो : Amar Ujala

पिछली यूपीए सरकार को दिखाया आइना
उन्होंने कहा कि 2004 से 2014 के बीच देश की अर्थव्यवस्था खस्ताहाल हो गई थी, महंगाई डबल डिजिट रही। निराशा नहीं होगी तो क्या होगा। जिन्होंने बेरोजगारी दूर करने के वादे किए थे, उन्होंने बेरोगजारी दूर करने के नाम पर कानून दिखा दिया। अपने तरीके से पल्ला झाड़ दिया। आजादी के इतिहास में वह सबसे ज्यादा घोटालों का दशक रहा। यूपीए के वही दस साल में कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत के हर कोने में आतंकी हमलों का सिलसिला चलता रहा। चारों तरफ यही सूचना रहती थी कि अनजानी चीज को हाथ नहीं लगाना, दूर रहना। दस साल में जम्मू-कश्मीर से पूर्वोत्तर तक हिंसा ही हिंसा थी। भारत की आवाज ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर इतनी कमजोर थी कि दुनिया सुनने को तैयार नहीं थी। ये 2जी में फंसे रहे। जब असैन्य परमाणु करार हुआ, तब ये वोट के बदले नोट में फंसे रहे। 2010 में राष्ट्रमंडल खेल हुए। भारत को दुनिया के सामने प्रस्तुत का अवसर था। फिर घोटाले में पूरा देश दुनिया में बदनाम हो गया।

ईडी, हॉर्वर्ड, दुष्यंत कुमार
पीएम मोदी ने कहा कि हमने नौ साल का समय देखा है। उनके दिवालियापन को देखा है। रचनात्मक आलोचना की जगह मजबूरी में आलोचना करने की प्रवृत्ति ने ले ली है। कई लोगों ने उनके सुर में अपने सुर मिला लिए। इससे तो एक मंच पर आए नहीं, लेकिन इन लोगों को ईडी का धन्यवाद देना चाहिए कि ईडी ने ही इन लोगों को एक मंच पर ला दिया है। जो काम देश के मतदाता नहीं कर पाए, वह ईडी ने कर दिया। मैंने कई बार सुना है। यहां कुछ लोगों को हार्वर्ड का बड़ा क्रेज है। कोरोनाकाल में ऐसा ही कहा गया था और कांग्रेस ने कहा था कि भारत की बर्बादी पर हॉर्वर्ड में केस स्टडी होगी। और फिर कल सदन में हॉर्वर्ड यूनिवर्सिटी में स्टडी की बात हुई, लेकिन बीते वर्षों में वहां एक बहुत बढ़िया और महत्वपूर्ण स्टडी हुई। उसका विषय था- द राइज एंड डिक्लाइन ऑफ इंडियाज कांग्रेस पार्टी। मुझे विश्वास है कि भविष्य में कांग्रेस की बर्बादी पर हॉर्वर्ड नहीं, बड़े-बड़े विश्वविद्यालयों में अध्ययन होना ही होना है और कांग्रेस को डुबाने वाले लोगों पर भी अध्ययन होने वाला है। मैं ऐसे लोगों के लिए दुष्यंत कुमार ने बहुत बढ़िया बात कही है। उन्होंने कहा है कि तुम्हारे पांव के नीचे कोई जमीन नहीं, कमाल ये है कि फिर भी तुम्हें यकीन नहीं?

PM Narendra Modi Address Lok Sabha Parliament Slams Opposition Rahul Gandhi Congress Latest News Update
PM Modi - फोटो : Amar Ujala
गलतफहमी पालकर ही बैठे हुए हैं कई लोग
उन्होंने कहा कि ये लोग बिना सिर-पैर की बातें करने के आदी हैं। इस कारण उन्हें ये याद नहीं रहता कि वे खुद कितने विरोधाभासी हो जाते हैं। वे आत्मचिंतन कर खुद के विरोधाभास को भी तो ठीक करें। वे 2014 के बाद से लगातार कर रहे हैं कि भारत कितना कमजोर हो रहा है। अब कह रहे हैं कि भारत इतना मजबूत हो गया है कि दूसरे देशों को धमकाकर फैसला करवा रहा है। अरे पहले यह तो तय करो भाई कि भारत कमजोर हुआ है या मजबूत हुआ है। कोई भी जीवंत संगठन या व्यवस्था होती है, जो जमीन से जुड़ी होती है तो देश उसका चिंतन करता है, उससे सीखने की कोशिश करता है, अपनी राह भी बदलता रहता है। जो अहंकार में डूबे रहते हैं, जो यह सोचते हैं कि सारा ज्ञान हम ही को है, उन्हें लगता है कि मोदी को गाली देकर हमारा रास्ता निकलेगा। मुझ पर अनाप-शनाप कीचड़ उछालकर ही रास्ता निकलेगा। इतने साल हो गए, वे गलतफहमी पालकर ही बैठे हुए हैं। मोदी पर भरोसा अखबार की सुर्खियों से पैदा नहीं होता, टीवी पर चमकते चेहरे से पैदा नहीं होता। जीवन खपा दिया है, पल-पल खपा दिया है। देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए खपा दिया है। देशवासियों का जो मोदी पर भरोसा है, वह इनकी समझ के दायरे से बाहर ही नहीं, समझ के दायरे से काफी ऊपर है। क्या ये झूठे आरोप लगाने वालों पर मुफ्त राशन प्राप्त करने वाले देश के 80 करोड़ लोग भरोसा करेंगे? 

मोदी तो करोड़ों देशवासियों के परिवार का सदस्य
उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड के जरिए जब गरीब को राशन मिल जाता है तो वह आपकी झूठी बातों और गलिच्छ आरोपों पर कैसे भरोसा करेगा? जब 11 करोड़ किसानों के खाते में साल में तीन बार सम्मान निधि का पैसा जमा होता हो, वह आप पर भरोसा कैसे करेगा। मुसीबत के समय मोदी उनके काम आया है, आपके आरोपों पर वह कैसे भरोसा करेगा। आपके इन आरोपों को कोटी-कोटी भारतीयों से होकर गुजरना पड़ेगा। कुछ लोग अपने लिए और अपने परिवार के लिए जी रहे हैं। मोदी तो करोड़ों देशवासियों के परिवार का सदस्य है। 140 करोड़ देशवासियों का आशीर्वाद मेरा सबसे बड़ा कवच है। झूठ और गालियों के शस्त्रों से तुम इस कवच को भेद नहीं सकते।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed