प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचकर कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी की अगवानी की है। इस दौरान उन्होंने कतर के अमीर से गले लगकर गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। वहीं विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर समेत कई अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। बता दें कि, कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी 17-18 फरवरी को भारत की राजकीय यात्रा पर पहुंचे हैं।
हमारी मुलाकात का बेसब्री से इंतजार- पीएम मोदी
वहीं कतर के अमीर के भारत दौरे को लेकर पीएम मोदी सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट भी लिखा है। जिसमें उन्होंने लिखा- अपने भाई, कतर के अमीर महामहिम शेख तमीम बिन हमद अल थानी का स्वागत करने के लिए हवाई अड्डे पर गया। भारत में उनके सफल प्रवास की कामना करता हूं और कल हमारी मुलाकात का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।
2 of 4
भारत के दौरे पर पहुंचे कतर के अमीर अल थानी
- फोटो : X / @MEAIndia
अपनी यात्रा के दौरान शेख तमीम बिन हमद अल थानी विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। 18 फरवरी को राष्ट्रपति भवन में शेख तमीम बिन हमद अल थानी का औपचारिक स्वागत किया जाएगा और प्रधानमंत्री के साथ कई पहलुओं पर द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे। भारत और कतर के रिश्तों को बढ़ाने के मकसद से विदेश मंत्री एस. जयशंकर एक साल में चार बार कतर की यात्रा कर चुके हैं।
3 of 4
पीएम मोदी के साथ कतर के अमीर और विदेश मंत्री जयशंकर
- फोटो : PTI
कतर भारत का सबसे बड़ा एलएनजी आपूर्तिकता है। वित्त वर्ष 2022-23 में कतर के साथ भारत का द्विपक्षीय व्यापार लगभग 18.77 अरब डॉलर था। दोनों देशों के बीच मजबूत संबंध हैं। कतर में लगभग 8 लाख भारतीय नागरिक हैं, जो मेडिकल, इंजीनियरिंग, शिक्षा, फाइनेंस और लेबर जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में योगदान दे रहे हैं।
4 of 4
भारत पहुंचे कतर के अमीर अल थानी
- फोटो : PTI
विदेश मंत्रालय के अनुसार, मंगलवार की सुबह अमीर का राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में औपचारिक स्वागत किया जाएगा, जिसके बाद हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक होगी, जिसमें दोनों नेता आपसी संबंधों को मजबूत करने वाले कई मुद्दों पर चर्चा करेंगे। अमीर के साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है। मंगलवार दोपहर दोनों देशों के बीत सहमति पत्रों का आदान प्रदान किया जाएगा। मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर अमीर भारत आए हैं। उनकी भारत की यह दूसरी राजकीय यात्रा है। इससे पहले वह मार्च 2015 में भारत आए थे।