चुनावी सभा में अव्वल प्रधानमंत्री सीमा सुरक्षा में फेल: रणदीप सुरजेवाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने डोकलाम में चीन के दखल को लेकर देश को गुमराह किया है। यह ताजा आरोप कांग्रेस पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने लगाया है। सुरजेवाला ने कहा कि मीडिया रिपोर्ट में सेटलाइट तस्वीरों से आई खबर से साफ है कि चीन ने भारतीय सीमा के पास डोकलाम क्षेत्र में सैन्य प्रतिष्ठान स्थापित कर लिए हैं। इससे जाहिर होता है कि चीन ने डोकलाम क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है। सुरजेवाला ने आरोप लगाते हुए कहा कि इससे साबित होता है कि मोदी सरकार सीमाओं की सुरक्षा करने में विफल साबित हो रही है।
सुरजेवाला ने कहा कि देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ और समझौता किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डोकलाम के मुद्दे पर देश के राजनीतिक दलों की राय भिन्न-भिन्न नहीं हो सकती। देश की सुरक्षा और राष्ट्रीय एकता के मुद्दे पर सभी दल एक राय के हैं। लेकिन जिस तरह से चीन ने भारतीय सीमा के निकट डोकलाम क्षेत्र में 7 हैलीपैड, कांक्रीट की सैन्य पोस्ट, नई ट्रंचेस बना ली है। मैकेनाइज्ड इफैंट्री, सैन्य वाहन वहां मौजूद है, दो बड़े पार्किंग क्षेत्र बने हैं, दो मंजिला आब्जर्वेशन टॉवर बना है, सड़क बनाने के लिए संसाधन मौजूद हैं तथा तेजी से विकास का काम चल रहा है और यह सब भारत की सेना की मौजूदगी से 10-80 मीटर की दूरी पर हो रहा है। इससे साफ जाहिर है कि डोकलाम क्षेत्र में चीन ने कब्जा कर लिया है। सुरजेवाला ने कहा कि इस बारे देश प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री से स्पष्टीकरण चाहता है।
प्रधानमंत्री चुनावी सभा में अव्वल
सुरजेवाला ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि वह चुनावी सभा में अव्वल रहते हैं। सुरजेवाला ने इस दौरान प्रधानमंत्री को 2014 में लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान चीन को लाल आंखे दिखाकर बात करने का संवाद भी याद दिलाया।
सुरजेवाला ने कहा कि लेकिन जब से मोदी जी देश के प्रधानमंत्री हैं चीन के साथ लगती वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चीन के सैनिकों की घुसपैठ 48 प्रतिशत बढ़ गई है। 2017 में 415 बार चीन के सैनिकों ने ऐसा किया। अरुणाचल में 1.3 किमी तक घुस आए और जबरन सड़क बनाने की कोशिश की। इतना ही नहीं जब प्रधानमंत्री चीन के राष्ट्रपति के साथ अहमदाबाद में झूला झूल रहे थे तो चीन की फौज हमारी सीमा में घुसपैठ कर रही थी।