PM Modi Israel Visit: इस्राइल रवाना होने से पहले बोले पीएम मोदी, दोनों देशों के बीच मजबूत और रणनीतिक साझेदारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25-26 फरवरी को इस्राइल दौरे पर रहेंगे, जहां वे पीएम बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात कर द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। इस दौरान वे केनेसट को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री भी बनेंगे और भारतीय प्रवासियों से संवाद करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 से 26 फरवरी तक इस्राइल के दौरे पर रहेंगे। प्रस्थान से पहले जारी बयान में उन्होंने कहा कि यह यात्रा उनके प्रिय मित्र और इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के निमंत्रण पर हो रही है।
दोनों देशों के बीच सहयोग को मिलेगी और मजबूती
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और इस्राइल के बीच मजबूत और बहुआयामी रणनीतिक साझेदारी है, जिसने हाल के वर्षों में उल्लेखनीय विस्तार और गतिशीलता दिखाई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ होने वाली उनकी वार्ता से दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूती मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि इस दौरे के दौरान उन्हें इस्राइल की संसद केनेसट को संबोधित करने का सम्मान मिलेगा, जो दोनों देशों के मजबूत लोकतांत्रिक संबंधों का प्रतीक होगा। वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे।
राष्ट्रपति इसाक ने जताई उत्सुकता
इस्राइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने उनका स्वागत करने की उत्सुकता जताई है। राष्ट्रपति हर्जोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी के प्रस्थान बयान को साझा करते हुए कहा कि इजरायल और वहां की जनता प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए उत्सुक है।
उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इस्राइल राष्ट्र और यहां के लोग आपके स्वागत के लिए उत्सुक हैं, और दोनों देशों के बीच मजबूत होते संबंधों को रेखांकित किया।
पीएम मोदी भारतीय प्रवासियों से करेंगे मुलाकात
अपने कार्यक्रम में पीएम मोदी भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रवासी लंबे समय से भारत-इस्राइल मित्रता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते रहे हैं। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि उनका यह दौरा दोनों देशों के संबंधों को और सुदृढ़ करेगा तथा रणनीतिक साझेदारी के लिए नए लक्ष्य निर्धारित करेगा।