Chandrayaan-3 launch: चंद्रयान-3 को लेकर पाक मीडिया में हलचल, जानें पूर्व मंत्री को क्यों किया जा रहा ट्रोल
पाकिस्तान के पूर्व सूचना और प्रसारण मंत्री फवाद चौधरी का एक ट्वीट वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने चंद्रयान-3 के सफल लॉन्चिंग को लेकर भारत को बधाई दी है। उनके इस ट्वीट की चर्चा इसलिए हो रही है क्योंकि इससे पहले जब भारत का चंद्रयान-2 सॉफ्ट लैंडिंग के प्रयास में असफल हो गया था, तब फवाद चौधरी ने भारत पर करारा तंज कसा था।
विस्तार
भारत ने शुक्रवार (14 जुलाई) को अपना मून मिशन चंद्रयान-3 सफलतापूर्वक लॉन्च कर दिया। इसरो इस मिशन से चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग कराने की तैयारी में है। अगर भारत अपने मिशन में कामयाब होता है तो वह चीन, रूस और अमेरिका के बाद चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग कराने वाला चौथा देश बन जाएगा। चंद्रयान के सफलतापूर्वक लॉन्च करने की भारत की सफलता पर कई देशों ने बधाई दी। पाकिस्तान की मीडिया में भी चंद्रयान-3 के लॉन्चिंग की काफी चर्चा है।
इस बीच पाकिस्तान के पूर्व सूचना और प्रसारण मंत्री फवाद चौधरी का एक ट्वीट वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने चंद्रयान-3 के सफल लॉन्चिंग को लेकर भारत को बधाई दी है। उनके इस ट्वीट की चर्चा इसलिए हो रही है क्योंकि इससे पहले जब भारत का चंद्रयान-2 सॉफ्ट लैंडिंग के प्रयास में असफल हो गया था, तब फवाद चौधरी ने भारत पर करारा तंज कसा था। उन्होंने तब एक ट्वीट में भारत के लिए 'India' की जगह 'Endia' शब्द का इस्तेमाल किया था।
उन्होंने सितंबर 2019 में किए गए अपने ट्वीट में लिखा था, ओहो....जो काम आता नहीं, पंगा नहीं लेते न...डियर इंडिया (Endia)।
Awwwww..... Jo kaam ata nai panga nai leitay na..... Dear “Endia” https://t.co/lp8pHUNTBZ
— Ch Fawad Hussain (@fawadchaudhry) September 6, 2019
हालांकि, इस बार उन्होंने भारत को बधाई देते हुए कहा, चंद्रयान-3 के लॉन्च पर भारत के अंतरिक्ष और विज्ञान समुदाय को बधाई। आप सबको मेरी शुभकामनाएं।
Congratulations to Indian space and Science community on the launch of #Chandrayan3 wishing you all the best
— Ch Fawad Hussain (@fawadchaudhry) July 14, 2023
उनके इस बधाई संदेश को लेकर उनकी काफी आलोचना की जा रही है। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश मार्कंडेय काटजू ने कहा कि मिशन की असफलता पर फवाद चौधरी ने जो ट्वीट किया था वो इमरान खान की तत्कालीन सरकार को खुश करने के लिए था। इसके लिए उन्हें शर्म आनी चाहिए।
पाकिस्तानी मीडिया ने क्या कहा?
पाकिस्तान के सभी बड़े अखबारों, डॉन, द एक्सप्रेस ट्रिब्यून, जियो टीवी आदि ने चंद्रयान-3 के लॉन्चिंग को लेकर कई खबरें प्रकाशित की हैं। लगभग सभी रिपोर्ट्स में इस बात की प्रमुखता से चर्चा है कि सॉफ्ट लैंडिंग की भारत की पहली कोशिश असफल रही थी। वहीं, भारत की इस सफलता को लेकर पाकिस्तान के कुछ लोग अपनी सरकार को कोस रहे हैं। पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी व्यवसायी साजिद तरार ने पाकिस्तानी पत्रकार आरजू काजमी के शो पर बात करते हुए कहा कि पाकिस्तान की सरकारें केवल अपने लोगों को बेवकूफ बनाती हैं।
उन्होंने भारत के मून मिशन की बात करते हुए कहा, 'ये चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाले हैं, वहां रोशनी नहीं है, सतह काफी-उबड़ खाबड़ है, बड़ा मुश्किल है वहां लैंडिंग करा पाना। भारत का सारा प्रोग्राम अपेक्षाकृत सस्ता होता है। भारत के वैज्ञानिकों में राष्ट्रीयता का जज्बा है इसलिए वो ये सबकुछ कर लेते हैं, लेकिन हमारा फोकस इन सब पर नहीं होता। उन्होंने पाकिस्तान के युवाओं को सलाह दी कि वो भारत की मीडिया में चल रही खबरों को देखें ताकि उन्हें पता चले कि हमारा पड़ोसी कितना आगे जा रहा है और हम क्या कर रहे हैं।
डॉन अखबार में क्या छपा?
पाकिस्तान के सबसे बड़े अंग्रेजी अखबार डॉन ने समाचार एजेंसी एएफपी के हवाले से लिखा है कि भारत ने अपना कम कीमत वाला चंद्रयान-3 लॉन्च कर दिया है। अखबार ने लिखा कि भारत के महत्वाकांक्षी मून मिशन का यह दूसरा प्रयास है। चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग पर पाकिस्तानी अखबार ने लिखा, 'चंद्रयान-3 तुलनात्मक रूप से कम बजट वाला एयरोस्पेस प्रोग्राम है। भारत इस मिशन के जरिए सॉफ्ट लैंडिंग की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। चार साल पहले सॉफ्ट लैंडिंग का भारत का पिछला प्रयास असफल रहा था, जब लैंडिंग से ठीक पहले चंद्रयान-2 से संपर्क टूट गया था।
अखबार ने चंद्रयान-3 की कम लागत को लेकर आगे लिखा, विशेषज्ञों का कहना है कि भारत मौजूदा स्पेस टेक्नोलॉजी की नकल करके और उसे अपने मिशन में अपनाकर अपनी लागत को कम रख सकता है। और इसके लिए भारत के पास बेहद कुशल इंजिनियरों की भरमार है जो अपने विदेशी समकक्षों से बेहद कम पैसा कमाते हैं।
द एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने क्या कहा?
पाकिस्तान के एक और बड़े अखबार द एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने लिखा है कि अगर भारत का यह मिशन सफल हो जाता है तो भारत उन तीन देशों, रूस, चीन, अमेरिका की सूची में शामिल हो जाएगा जो चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग करा चुके हैं। अखबार ने रॉयटर्स के हवाले से लिखा, 'चंद्रयान जिसका संस्कृत में अर्थ होता है- चांद का वाहन, उसमें दो मीटर लंबा लैंडर है जो रोवर को चांद के दक्षिणी ध्रुव पर उतारेगा। अगर चांद पर सफल सॉफ्ट लैंडिंग हो जाती है तो रोवर दो हफ्ते तक वहां कई तरह के खोज और प्रयोग करेगा।
जियो टीवी ने क्या कहा?
जियो टीवी ने लिखा कि भारत ने अपना चंद्रयान-3 लॉन्च कर दिया है और उम्मीद है कि 23 अगस्त को चंद्रमा की सतह पर पहुंच जाएगा। भारत के पहले असफल प्रयास का जिक्र करते हुए जियो टीवी ने कहा कि साल 2019 में भारत के मून मिशन चंद्रयान-2 का लैंडर और रोवर लैंडिंग की कोशिश में चांद की सतह से कुछ दूरी पर क्रैश कर गया था।