कोरोना को लेकर राज्यसभा में विपक्ष के सांसदों ने सरकार पर निशाना साधा और कहा कि गैरभाजपा शासित राज्यों पर आरोप प्रत्यारोप और खिंचाई करने की बजाय मिलकर इस बीमारी से लड़ना चाहिए। विपक्षी दलों के सांसदों का आरोप था कि जानबूझकर उनकी सरकारों पर निशाना साधा जा रहा है।
तो क्या भाभीजी पापड़ खाकर ठीक हो गए: राउत
शिवसेना सांसद संजय राउत ने इस बात पर आपत्ति जताई कि सदन में कोविड से लड़ने को लेकर सत्तापक्ष के लोग चुनिंदा राज्यों महाराष्ट्र, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, झारखंड की निंदा कर उनकी खिंचाई कर रहे हैं। महाराष्ट्र में 30 हजार से ज्यादा लोग इस बीमारी से रिकवर हुए हैं क्या वे सभी भाभीजी पापड़ खाकर ठीक हुए हैं।
राउत के निशाने पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल थे जिन्होंने कोरोना से बचने के लिए भाभीजी पापड़ खाने की बात कही थी। राउत ने कहा मुंबई की धारावी की तारीफ डब्ल्यूएचओ ने की। उन्होंने कहा कोरोना की लड़ाई पीएम के नेतृत्व में ही लड़ी जानी चाहिए।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावेडकर को महाराष्ट्र के लिए नियुक्त किया है सीएम के साथ कार्डिनेशन ठीक चल रहा है। सिर्फ विपक्ष के राज्यों पर निशाना ठीक नहीं है। यूपी में मंत्री और क्रिकेटर चेतन चौहान की इसी बीमारी से मौत हुई। प्रदेश के ही एक नेता ने दावा किया कि उनकी मौत अव्यवस्था के चलते हुई। हमें दोषारोपण से बचना चाहिए।
केंद्र चाहता है कि राज्य सामूहिकता के साथ बीमारी से लड़े तो आर्थिक मदद करें। पीएम केयर फंड में हजारों करोड़ रुपए किसके लिए हैं राज्यों को दिए जाएं। राज्यों को जीएसटी का बकाया दें। अब केंद्र ने मास्क, टेस्टिंग किट, पीपीई किट देना भी बंद कर दिया है। अगर हम ऐसे ही आपस में लड़ते रहे तो आंकड़ा जल्द ही एक करोड़ हो जाएगा। ये राजनीतिक लड़ाई नहीं जीवन बचाने की लड़ाई है।
अपनी असफलता का ठीकरा विपक्ष पर: संजय सिंह
आप सांसद संसद सिंह ने केंद्र सरकार अपनी नाकामी का आरोप विपक्ष पर मढ़कर कह रही कि विपक्ष कुछ नहीं कर रहा है। सत्तापक्ष के एक नेता कह रहे थे कि ताली थाली बजाने में विपक्ष ने साथ नहीं दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया की कोई एक रिसर्च बताएं कि ऐसा करने से कोरोना ठीक होता है तो पूरा विपक्ष तैयार है।
पीएम के साथ हम यहां रुककर संसद परिसर में दीया जलाएंगे। मूर्खतापूर्ण योजनाएं बनाएंगे और चाहेंगे पूरा देश साथ खड़ा हो जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों ने आपदा में अवसर तलाश लिया। यूपी में मास्क, थर्मामीटर घोटाला हुआ है। हिमाचल का भाजपा अध्यक्ष भ्रष्टाचार में लिप्त पाया गया। इस दौरान उपसभापति हरिवंश ने विषय पर बोलने और राज्यों पर आरोप लगाने पर टोका। संजय ने कहा कि कल भी दिल्ली को लेकर बोला गया था।
सरकार ने स्वर्णिम महीने गवां दिए: आजाद
राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि राहुल गांधी ने दिसंबर 2019 में कोरोना को लेकर चेतावनी दी थी लेकिन सरकार ने स्वर्णिम महीने गवां दिए। सरकार ने कोविड संक्रमण रोकने का जो समय था उसका इस्तेमाल नहीं किया।
राहुल गांधी ने फरवरी में भी सरकार को चेताया सरकार ने किसी बात पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि देश में सेनेटाइजर का उत्पादन तो बढ़ा है इसलिए इसकी कीमतें आधी की जानी चाहिए ताकि गरीब भी आसानी से इसका उपयोग कर सके।
इसी तरह साबुन की कीमतें भी आधी होनी चाहिए।उन्होंने सुझाव दिया कि जिला और तहसील स्तर पर जांच की व्यवस्था की जानी चाहिए। वहीं स्वास्थ्य देखभाल के लिए ढांचागत विस्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने वैक्सनी को लेकर कई सुझाव दिए और कहा कि वैक्सीन सस्ती होनी चाहिए और नियामक तंत्र भी मजबूत होनी चाहिए।