India US Ties: 'अमेरिका के साथ बातचीत चल रही', भारत से रिश्तों पर ट्रंप के बदले सुर के बीच जयशंकर का बड़ा बयान
डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत पर 50 प्रतिशत मनमाने टैरिफ लगाने के बाद भारत और अमेरिका के रिश्तों में थोड़ी खटास देखी जा रही है। इस बीच हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी ने चीन में एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान रूसी राष्ट्रपति पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बेहद गर्मजोशी से मुलाकात की। उसके बाद से ट्रंप अपने देश में ही आलोचनाओं में घिर गए।
विस्तार
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा है कि भारत और अमेरिका रिश्ते अब भी बने हुए हैं। दोनों देश लगातार बातचीत कर रहे हैं। उनका यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान के बाद आया, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत और अमेरिका के रिश्ते दूरदर्शी हैं। भारत और अमेरिका के बीच वैश्विक रणनीतिक साझेदारी है। पीएम मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति के उस बयान का जवाब दे रहे थे, जिसमें डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि मैं हमेशा नरेंद्र मोदी का दोस्त रहूंगा, वह एक महान प्रधानमंत्री हैं। भारत और अमेरिका के बीच एक खास रिश्ता है।
यह भी पढ़ें
- India US Ties: 'तहे दिल से सराहना करते हैं'; 'मैं हमेशा दोस्त रहूंगा' वाले ट्रंप के बयान पर पीएम मोदी का जवाब
- Donald Trump: 'मुझे नहीं लगता कि हमने...'; 'भारत को चीन के हाथों खो दिया' वाले पोस्ट पर बोले राष्ट्रपति ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से भारत-अमेरिका संबंधों पर सकारात्मक बात कहने को लेकर प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिक्रिया पर विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा, 'पीएम मोदी अमेरिका के साथ हमारी साझेदारी को बहुत महत्व देते हैं। जहां तक राष्ट्रपति ट्रंप का सवाल है, पीएम मोदी के राष्ट्रपति ट्रंप के साथ हमेशा से बहुत अच्छे व्यक्तिगत संबंध रहे हैं। हालांकि, यहां मुद्दा यह है कि हम अमेरिका के साथ जुड़े हुए हैं। हमारे संबंध बने हुए हैं। हम बातचीत कर रहे हैं। इस समय मैं इससे ज्यादा कुछ नहीं कह सकता।'
पहले जानते हैं ट्रंप ने क्या कहा था...
दरअसल, शुक्रवार को ओवल ऑफिस में मीडिया से बात करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप से सवाल किया गया कि क्या वे भारत के साथ संबंधों को फिर से सुधारने के लिए तैयार हैं? इसके जवाब में ट्रंप ने कहा कि मैं हमेशा मोदी का दोस्त रहूंगा, वह एक महान प्रधानमंत्री हैं, लेकिन मुझे इस समय उनके काम पसंद नहीं आ रहे हैं। हालांकि, भारत और अमेरिका के बीच एक खास रिश्ता है। चिंता की कोई बात नहीं है। हमारे बीच ऐसे पल आते जाते हैं।
इस पर पीएम मोदी ने क्या कहा?
ट्रंप के बयान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट किया। इसमें ट्रंप के बयान वाले एएनआई के पोस्ट को साझा कर पीएम मोदी ने लिखा, 'राष्ट्रपति ट्रंप की भावनाओं और हमारे संबंधों के सकारात्मक मूल्यांकन की हम तहे दिल से सराहना करते हैं। हम उनका पूर्ण समर्थन करते हैं। भारत और अमेरिका के बीच बहुत ही सकारात्मक, दूरदर्शी, व्यापक, वैश्विक और रणनीतिक साझेदारी है।'
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.