वार: शिक्षा मंत्री की विवादित टिप्पणी पर भड़की BJP, कहा- I.N.D.I.A के सभी लोगों में हिंदू धर्म के लिए जहर
हिन्दी दिवस के अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए बिहार के शिक्षा मंत्री ने कहा था कि रामचरितमानस में पोटैशियम साइनाइड है। इस बयान का विरोध करते हुए भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने जमकर इंडिया गठबंधन पर निशाना साधा।
विस्तार
सनातन को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर की रामचरितमानस को पोटैशियम साइनाइड बताने वाली टिप्पणी पर विवाद बढ़ गया है। भाजपा ने इंडिया गठबंधन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन के सभी लोगों में हिंदू धर्म के लिए जहर भरा हुआ है और यह उनके सभी बयानों में साफ दिखाई देता है।
यह है मामला
गौरतलब है, हिन्दी दिवस के अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा था कि रामचरितमानस में पोटैशियम साइनाइड है। इसलिए यह जब तक रहेगा कि मेरी आपत्ति वहां है और जीवन भर रहेगी। उन्होंने रामचरितमानस के अरण्य कांड की चौपाई 'पूजहि विप्र सकल गुण हीना, शुद्र न पूजहु वेद प्रवीणा' को दोहराया था। शिक्षा मंत्री ने कहा था कि यह क्या है?
हिंदू धर्म के लिए जहर भरा
इन्हीं विवादित टिप्पणियों को लेकर भाजपा नेता संबित पात्रा ने हमला किया। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन के सभी लोगों में हिंदू धर्म के लिए जहर भरा हुआ है और यह उनके सभी बयानों में साफ दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि नहीं तो कोई व्यक्ति हिंदू धर्म को कैसे किसी बीमारी से तुलना कर सकता है। उन्होंने कहा कि इन लोगों का कहना है कि रामचरितमानस पोटैशियम साइनाइड है। जबकि यह करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि जो लोग 'राम' को जहर कहने का दुस्साहस करते हैं, वे इस देश की मूल आस्था पर सवाल उठा रहे हैं और इसे चोट पहुंचा रहे हैं। जनता उनका बहिष्कार करेगी।
देश विरोधी बयान दे रहे कुछ लोग
पात्रा ने कहा कि आज हम सुबह से भारतीय सेना के उन अफसरों और जवानों की अंतिम यात्रा को देख रहे थे, जिन्होंने मां भारती के लिए जम्मू कश्मीर में आतंकियों से लड़ते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। मगर मुझे आश्चर्य होता है कि कुछ चैनल ये भी दिखा रहे हैं कि अभी भी वहां आतंकी हमलों पर कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि इन सबके बीच कुछ नेता ऐसे हैं, जो देश विरोधी बयान दे रहे हैं। कांग्रेस के दिग्गज नेता सैफुद्दीन सोज ने बयान दिया है कि हिंदुस्तान को पाकिस्तान से न केवल बात करनी चाहिए, अपितु आतंकवादियों के दिमाग में क्या चल रहा है, उसे भी समझने को कोशिश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को करनी चाहिए।
कांग्रेस की है यह सोच
उन्होंने कहा कि ये कांग्रेस की सोच है। सैफुद्दीन सोज वही कांग्रेसी नेता है, जिन्होंने अपनी किताब में लिखा था कि जम्मू-कश्मीर अलग होना चाहिए। वही आज इस प्रकार के बयान दे रहे हैं। भाजपा नेता ने कहा कि आर्मी चीफ को कांग्रेस सड़क का गुंडा कहती है और आतंकवादी के मन को पढ़ने की बात करती है। हम इस बयान की निंदा करते हैं।
सर्जिकल स्ट्राइक पर हमेशा सवाल
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेता आए दिन सवाल पूछते हैं कि सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक फर्जी थे, आप हमें सबूत दिखाइए। कांग्रेस के दिग्गज नेता पूछते हैं कि बताओ भगवान राम किस कमरे में पैदा हुए थे बताइए। संबित पात्रा ने कहा कि जब ये लोग ऐसे सवाल पूछते हैं तो इनका कोई बॉयकाट नहीं होता। वहीं, जब पत्रकार किसी बहस (डिबेट) में इनसे सवाल पूछ लेता है कि आपके राज्य में भ्रष्टाचार क्यों हो रहा है तो ये उनका बॉयकाट कर देते हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि जहां तक फारुख अब्दुल्ला और बाकी नेताओं का सवाल है उन्होंने भी पाकिस्तान से बातचीत की बात कही है। जबकि हिंदुस्तान हजारों बार कह चुका है कि बातचीत और आतंक कभी एक साथ नहीं चल सकते। उसके बावजूद जब वीर जवानों की अंतिम यात्रा चल रही है, उस समय ऐसे बयान न केवल अनुचित हैं बल्कि दुःखद भी हैं।