Odsha: 'पीएम मोदी की प्रतिबद्धता ओडिशा का विकास', स्टेशन और रेल लाइन का उद्घाटन करने के बाद बोले वैष्णव
Odsha: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दावा किया कि संप्रग सरकार के दौरान प्रति वर्ष केवल 50 किलोमीटर की रेलवे लाइन का निर्माण किया गया था और भाजपा नीत राजग सरकार के दौरान यह बढ़कर 450 किलोमीटर हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को ओडिशा के नयागढ़ जिले में दासपल्ला स्टेशन और नुआगांव रोड-दासपल्ला लाइन का उद्घाटन किया। उन्होंने चार ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई, जिन्हें दासपल्ला तक बढ़ाया गया है। इन ट्रेनों में भुवनेश्वर-नयागढ़ टाउन एक्सप्रेस, भुवनेश्वर-नुआगांव रोड पैसेंजर स्पेशल, पुरी-नुआगांव रोड पैसेंजर स्पेशल और भद्रक-नयागढ़ टाउन मेमू शामिल हैं।
'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता ओडिशा का विकास'
दासपल्ला में उद्घाटन समारोह में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता ओडिशा का विकास है। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मोदी राज्य के 4.5 करोड़ लोगों के लिए रेल, दूरसंचार टावर और राजमार्ग संपर्क सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
पीएम मोदी के नेतृत्व में आई काम में तेजी: वैष्णव
नुआगांव रोड-दासपल्ला लाइन खुर्दा-बलांगीर रेलवे परियोजना का हिस्सा है, जिसे वैष्णव ने ऐतिहासिक बताया और कहा कि (पीएम) मोदी के नेतृत्व में इसके काम में तेजी लाई गई। काम पूरा होने पर खुर्दा-बलांगीर लाइन तटीय ओडिशा को राज्य के पश्चिमी क्षेत्र से जोड़ेगी।
प्रतिवर्ष हो रहा 450 किलोमीटर रेलवे लाइन का निर्माण
वैष्णव ने दावा किया कि संप्रग सरकार के दौरान प्रति वर्ष केवल 50 किलोमीटर की रेलवे लाइन का निर्माण किया गया था और भाजपा नीत राजग सरकार के दौरान यह बढ़कर 450 किलोमीटर हो गई। उन्होंने कहा, 'संप्रग सरकार ओडिशा में रेलवे के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए प्रति वर्ष 800 करोड़ रुपये आवंटित कर रही थी। जबकि, मोदी सरकार ने इसे बढ़ाकर 10 हजार करोड़ रुपये सालाना कर दिया है।'
गोपालपुर-रायरखोल गलियारे में शामिल होगा फूलबनी शहर
वैष्णव ने कहा कि वह ईस्ट कोस्ट रेलवे (ईसीओआर) से रथ यात्रा के दौरान दासपल्ला, नयागढ़ और नुआगांव से पुरी के लिए एक विशेष ट्रेन चलाने के लिए कहेंगे। उन्होंने फूलबनी के लोगों से यह भी वादा किया कि शहर को गोपालपुर-रायरखोल गलियारे में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा, 'जब विकास की बात आती है तो कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। जब मुझे ओडिशा रेल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट लिमिटेड (ओआरआईडीएल) से डीपीआर मिला, तो मैंने इसे वापस भेज दिया। जिसमें फूलबनी को शामिल करने के लिए कहा गया।'
डीआरएसी ने की थी फूलबनी में स्टेशन की मांग
राज्य सरकार और रेल मंत्रालय की संयुक्त उद्यम कंपनी ओआरआईडीएल ओडिशा में पांच रेल परियोजनाओं का क्रियान्वयन कर रही है। पिछले साल कंधमाल की जिला रेलवे एक्शन कमेटी (डीआरएसी) ने पीएम मोदी, सीएम नवीन पटनायक और वैष्णव को फूलबनी में एक स्टेशन की मांग करते हुए ज्ञापन भेजा था। फूलबनी को डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) में हटा दिया गया था। सुबह वैष्णव ने भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन का दौरा किया और वहां चल रहे बुनियादी ढांचे के विकास कार्यों का जायजा लिया।
Day begins with a review of station redevelopment work at Bhubaneswar.#amritbharatstation pic.twitter.com/Igy1UjkSrG
— Ashwini Vaishnaw (@AshwiniVaishnaw) January 6, 2024