{"_id":"67b758da61a97b53980e40dd","slug":"odisha-five-more-kiit-employees-arrested-for-attacking-nepali-students-2025-02-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"ओडिशा: नेपाली छात्रों पर हमला करने के आरोप में केआईआईटी के पांच और कर्मचारी गिरफ्तार","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
ओडिशा: नेपाली छात्रों पर हमला करने के आरोप में केआईआईटी के पांच और कर्मचारी गिरफ्तार
Thu, 20 Feb 2025 10:01 PM IST
राहुल कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भुवनेश्वर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भुवनेश्वर
Published by: राहुल कुमार
Updated Thu, 20 Feb 2025 10:01 PM IST
सार
Odisha: केआईआईटी विवाद में गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या 11 हो गई है, जिसमें एक इंजीनियरिंग छात्र भी शामिल है। उस पर 20 वर्षीय नेपाली छात्रा को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है।
विज्ञापन
KIIT
- फोटो : PTI
विस्तार
ओडिशा पुलिस ने गुरुवार को कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (केआईआईटी) के पांच और कर्मचारियों को नेपाल के छात्रों पर हमले के आरोप में गिरफ्तार किया। यह हमला तब हुआ जब वे संस्थान के निर्देशों के बाद हॉस्टल खाली कर रहे थे।
विज्ञापन
इसके साथ ही केआईआईटी विवाद में गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या 11 हो गई है, जिसमें एक इंजीनियरिंग छात्र भी शामिल है। उस पर 20 वर्षीय नेपाली छात्रा को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। इस छात्रा ने रविवार को अपने हॉस्टल के कमरे में आत्महत्या कर ली थी। इस घटना के बाद नेपाली छात्रों ने न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था।
विज्ञापन
इन्फोसिटी पुलिस स्टेशन ने एक बयान में कहा कि पांचों आरोपी सीसीटीवी फुटेज में छात्रों पर हमला करते हुए पाए गए। उन्हें सोमवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 12:20 बजे के बीच छात्रों पर हमला करते हुए सीसीटीवी फुटेज में देखा गया। पांचों आरोपी केआईआईटी के कर्मचारी हैं।
विज्ञापन
केआईआईटी संस्थापक अच्युत सामंत को किया तलब
ओडिशा सरकार की उच्चस्तरीय समिति ने केआईआईटी के संस्थापक अच्युत सामंत को शुक्रवार को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के लिए तलब किया है। एक नेपाली छात्रा की कथित आत्महत्या और उसके बाद अन्य विद्यार्थियों के साथ मारपीट के मामले में सामंत को पेश होने के लिए कहा गया है।
केआईआईटी परिसर में कड़ी सुरक्षा के बीच स्थिति सामान्य
कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (केआईआईटी) में 20 वर्षीय नेपाली युवती द्वारा कथित रूप से आत्महत्या किए जाने के कुछ दिन बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है और गुरुवार को परिसर में कड़ी सुरक्षा के बीच बड़ी संख्या में विद्यार्थी कक्षाओं में पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में छात्र कक्षाओं में शामिल हुए क्योंकि पुलिस कर्मियों ने परिसर में कड़ी निगरानी की।उन्होंने बताया कि जिन नेपाली विद्यार्थियों को परिसर छोड़ने के लिए कहा गया था, वे अभी तक लौटे नहीं हैं। केंद्र और राज्य सरकार के हस्तक्षेप के बाद, केआईआईटी अधिकारियों ने माफी मांगी और नेपाली विद्यार्थियों से परिसर में लौटने का अनुरोध किया है।